लाइव टीवी

देश के 173 तटीय और सीमावर्ती जिलों में NCC का किया जा रहा विस्तार: PM मोदी

Updated Aug 15, 2020 | 12:49 IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से कहा कि 173 सीमावर्ती और तटीय जिलों में राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) का विस्तार किया जा रहा है और मिशन के तहत करीब एक लाख नए कैडेट को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।

Loading ...
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
मुख्य बातें
  • 173 तटीय और सीमावर्ती जिलों में NCC का विस्तार: मोदी
  • एक लाख नए कैडेट को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा: पीएम मोदी
  • इनमें से एक तिहाई लड़कियां होंगी: मोदी

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि 173 सीमावर्ती और तटीय जिलों में राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) का विस्तार किया जा रहा है और मिशन के तहत करीब एक लाख नए कैडेट को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रधानमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस पर अपने संबोधन में कहा कि एक लाख नए कैडेटों में एक तिहाई लड़कियां होंगी।

लाल किला की प्राचीर से प्रधानमंत्री ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा, 'अब, 173 सीमावर्ती और तटीय जिलों में एनसीसी का विस्तार सुनिश्चित किया गया है। इस मिशन के तहत एनसीसी के एक लाख कैडेटों को विशेष प्रशिक्षण मिलेगा। इनमें से एक तिहाई लड़कियां होंगी।'

चीन को दिया जवाब

इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लद्दाख में चीन के साथ सीमा पर चल रहे तनाव के बीच कहा कि भारत की संप्रभुता का सम्मान सर्वोपरि है और जिसने भी इस पर आंख उठाई, देश व देश की सेना ने उसे उसकी ही भाषा में जवाब दिया। मोदी ने चीन का नाम लिए बगैर कहा कि संप्रभुता के सम्मान के लिए देश व उसके जवान क्या कर सकते हैं, यह दुनिया ने लद्दाख में हाल ही में देखा। उन्होंने कहा, 'नियंत्रण रेखा (एलओसी) से लेकर वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) तक देश की संप्रभुता पर जिस किसी ने आंख उठाई है, देश ने, देश की सेना ने उसका उसी की भाषा में जवाब दिया है। भारत की संप्रभुता का सम्मान हमारे लिए सर्वोच्च है। इस संकल्प के लिए हमारे वीर जवान क्या कर सकते हैं, देश क्या कर सकता है, ये लद्दाख में दुनिया ने देखा है।' 

पिछले दिनों संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के अस्थाई सदस्य के रूप में भारत को 192 में से 184 देशों के मिले समर्थन का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह दर्शाता है कि आज दुनिया का भारत पर विश्वास और मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि विश्व के 192 में से 184 देशों का भारत को समर्थन मिलना हर हिंदुस्तानी के लिए गर्व की बात है। विश्व में कैसे हमने अपनी पहुंच बनाई है यह उसका उदाहरण है। यह तभी संभव होता है जब भारत खुद मजबूत हो, भारत सशक्त हो, भारत सुरक्षित हो।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।