लाइव टीवी

Manmohan Singh Health: पूर्व पीएम मनमोहन सिंह की हालत स्थिर, सेहत में हो रहा सुधार, एम्स में हैं एडमिट

Updated Oct 15, 2021 | 15:39 IST

Manmohan Singh Health Update: पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को तबीयत बिगड़ने पर बुधवार को एम्स में भर्ती कराया गया इलाज करने वाले डॉक्टरों ने उनकी हालत स्थिर बताई है और कहा है कि उसमें सुधार हो रहा है।

Loading ...
पूर्व पीएम मनमोहन सिंह की हालत स्थिर, सेहत में हो रहा सुधार

नयी दिल्ली: अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह (Manmohan Singh) की हालत स्थिर है और सेहत में सुधार हो रहा है।एम्स के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। एम्स के एक अधिकारी ने बताया, 'पूर्व प्रधानमंत्री की हालत स्थिर है और सेहत में सुधार हो रहा है।'

गत बुधवार को 89 वर्षीय सिंह को एम्स के कार्डियो-न्यूरो केंद्र के निजी वार्ड में भर्ती कराया गया था और वह डॉक्टर नीतीश नाइक के नेतृत्व में ह्रदय रोग विशेषज्ञों की टीम की देख-रेख में हैं। सिंह को सोमवार को बुखार आ गया था और वह उससे उबर भी गए थे लेकिन उन्हें कमजोरी महसूस होने लगी थी और वह केवल तरल चीजों का सेवन कर पा रहे थे।

इस बीच गुरुवार सुबह स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया एम्स पहुंचे और पूर्व पीएम का हालचाल जाना। वहीं प्रधानमंत्री ने अपने ट्वीट में कहा था, 'मैं मनमोहन सिंह जी के जल्दी ठीक होने और उनके अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करता हूं।' स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि 'आज पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी से AIIMS,नई दिल्ली में मुलाकात की व उनके स्वास्थ्य के विषय में जानकारी ली। मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।'

पूर्व पीएम को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक एक डॉक्टर ने कहा, '89 वर्षीय कांग्रेसी नेता के बुखार की जांच के लिए एम्स में भर्ती किया गया है। उनकी हालत अब स्थिर है।' पूर्व पीएम को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने अपने ट्वीट में कहा, 'मैं पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जी के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं। ईश्वर उन्हें अच्छी सेहत प्रदान करें।' कांग्रेस पार्टी ने भी ट्विटर हैंडल पर सिंह के अच्छे स्वास्थ्य एवं उन्हें शीघ्र ठीक होने की कामना की है। 

अप्रैल में कोरोना से संक्रमित होने पर भी एम्स में भर्ती किया गया था

गत अप्रैल में कोरोना से संक्रमित होने पर भी पूर्व पीएम को एम्स में भर्ती किया गया था। देश का दो बार पीएम रहने वाले मनमोहन सिंह ने 26 सितंबर को अपना जन्मदिन बनाया। पिछले साल असहजता महसूस होने पर भी उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था। 26 सितंबर 1932 को जन्मे मनमोहन सिंह आरबीआई का गवर्नर रहने के साथ-साथ केंद्र सरकार में कई अहम पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।