लाइव टीवी

Hindi Samachar 16 सितंबर: SCO बैठक में पीएम मोदी बोले- अधिक सहयोग और आपसी विश्वास का समर्थक है भारत, दुनिया के दूसरे सबसे बड़े अरबपति बने गौतम अडानी

Updated Sep 16, 2022 | 19:17 IST

Hindi Samachar 16 September, 2022: अडानी ग्रुप (Adani Group) के चेयरमैन गौतम अडानी (Gautam Adani) एक महीने से भी कम समय में एक और अरबपति को पीछे छोड़ते हुए अब दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। फोर्ब्स रियल टाइम बिलेनियर्स के मुताबिक, 155.5 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ गौतम अडानी (Gautam Adani networth) ने यह मुकाम हासिल किया है। यहां पढ़ें दिन भर की अहम खबरें।

Loading ...
Hindi Samachar 16 सितंबर: आज के प्रमुख समाचार, बड़ी खबरें

Hindi Samachar 16 September: शंघाई सहयोग संगठन की बैठक में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमारे पास अनुभव है और सदस्य देश फायदा उठा सकते हैं। दुनिया COVID-19 महामारी पर काबू पा रही है। COVID और यूक्रेन संकट के कारण वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में कई व्यवधान उत्पन्न हुए। हम भारत को मैन्युफैक्चरिंग हब बनाना चाहते हैं। गुजरात में वेदांता और फॉक्सकॉन के प्लांट लगाने के ऐलान के बाद से महाराष्ट्र में राजनीति चरम पर है। शरद पवार से लेकर आदित्य ठाकरे, शिंदे सरकार पर हमला कर रहे हैं। उनका आरोप है कि महाविकास अघाड़ी सरकार ने जो प्रोजेक्ट महाराष्ट्र लाने का 90 फीसदी काम पूरा कर दिया था। उसे शिंदे सरकार ने एक झटके में जाने दिया। यहां पढ़ें दिनभर की अहम खबरें:- 

शंघाई सहयोग संगठन की बैठक में पीएम मोदी, अधिक सहयोग और आपसी विश्वास का समर्थक है भारत

शंघाई सहयोग संगठन की बैठक में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमारे पास अनुभव है और सदस्य देश फायदा उठा सकते हैं। दुनिया COVID-19 महामारी पर काबू पा रही है। COVID और यूक्रेन संकट के कारण वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में कई व्यवधान उत्पन्न हुए। हम भारत को मैन्युफैक्चरिंग हब बनाना चाहते हैं। हम जन-केंद्रित विकास मॉडल पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। हम हर क्षेत्र में नवाचार का समर्थन कर रहे हैं। आज हमारे देश में 70,000 से अधिक स्टार्ट-अप और 100 से अधिक यूनिकॉर्न हैं। पढ़ें पूरी खबर

चुनावी मौसम में FDI ने किया बखेड़ा, एक झटके में गुजरात बन जाएगा नंबर वन !

गुजरात में वेदांता और फॉक्सकॉन के प्लांट लगाने के ऐलान के बाद से महाराष्ट्र में राजनीति चरम पर है। शरद पवार से लेकर आदित्य ठाकरे, शिंदे सरकार पर हमला कर रहे हैं। उनका आरोप है कि महाविकास अघाड़ी सरकार ने जो प्रोजेक्ट महाराष्ट्र लाने का 90 फीसदी काम पूरा कर दिया था। उसे शिंदे सरकार ने एक झटके में जाने दिया। असल में महाराष्ट्र में वेदांता और फॉक्सकॉन प्लांट राजनीतिक मुद्दा बनने के पीछे FDI (प्रत्यक्ष विदेशी निवेश) की राजनीति है। क्योंकि वेदांता और फॉक्सकॉन मिलकर गुजरात में 1.54 लाख करोड़ रुपये के निवेश से प्लांट लगाएंगे। और यह ऐलान ऐसे समय हुआ है, जब गुजरात में अगले दो-तीन महीने में विधान सभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री भूपेंद्र भाई पटेल के लिए चुनाव प्रचार के समय वोटरों को लुभाने के लिए एक अच्छी उपलब्धि मिल गई है। ऐसा अनुमान है कि अहमदाबाद में लगने वाले प्लांट से करीब एक लाख नौकरियां आएंगी। पढ़ें पूरी खबर

उद्धव ठाकरे कैंप को झटका, 12 राज्यों के प्रमुखों ने एकनाथ शिंदे को दिया समर्थन

उद्धव ठाकरे को झटका देते हुए एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र की सत्ता पर काबिज हो गए। लेकिन अब अहम सवाल यह है कि पार्टी किसकी है।यानी कि शिवसेना पर असली अधिकार किसका है। शिवसेना पर दोनों गुट दावा कर रहे हैं और मामला चुनाव आयोग से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक है। इस बीच  उद्धव ठाकरे कैंप को बड़ा झटका लगा है। 12 राज्यों के प्रमुखों ने एकनाथ शिंदे को समर्थन देने का फैसला किया है। राजनीतिक तौर पर पार्टी पर दावे के संबंध में एकनाथ शिंदे के लिए बेहतरीन अवसर माना जा रहा है। पढ़ें पूरी खबर

Lucknow के दिलकुशा में दीवार गिरने से 9 की मौत, भारी बारिश के चलते आज शहर में बंद रहेंगे स्कूल और कॉलेज​

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गुरुवार से ही बारिश हो रही है। देर रात हुई भीषण बारिश के बाद कई जगहों पर जलभराव की स्थिति हो गई है और अनेक जगहों पर बारिश का पानी लोगों के घरों में तक घुस गया है। भारी बारिश के चलते राजधानी लखनऊ के दिलकुशा में एक निर्माणाधीन इमारत की दीवार गिर गई है जिसमें हादसे में नौ लोगों के मारे जाने की खबर सामने आ रही है जबकि दो लोग घायल बताए जा रहे हैं जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पढ़ें पूरी खबर

गौतम अडानी ने रचा इतिहास, बने दुनिया के दूसरे सबसे बड़े अरबपति, इतनी है संपत्ति

अडानी ग्रुप (Adani Group) के चेयरमैन गौतम अडानी (Gautam Adani) एक महीने से भी कम समय में एक और अरबपति को पीछे छोड़ते हुए अब दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। फोर्ब्स रियल टाइम बिलेनियर्स के मुताबिक, 155.5 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ गौतम अडानी (Gautam Adani networth) ने यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने फ्रांसीसी व्यवसायी बर्नार्ड अरनॉल्ट को भी पछाड़ दिया है। हालांकि, ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स के मुताबिक, वे 149 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ अब भी विश्व के तीसरे सबसे रईस शख्स हैं। पढ़ें पूरी खबर

IPL: अनिल कुंबले की जगह अब ये होंगे पंजाब किंग्स के नए कोच

पूर्व दिग्गज अनिल कुंबले की जगह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की टीम पंजाब किंग्स ने टूर्नामेंट के अगले सत्र से पहले शुक्रवार को ट्रेवर बेलिस को अपना नया मुख्य कोच नियुक्त किया। पूर्व भारतीय कप्तान कुंबले के रहते हुए टीम अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई जिसके बाद पंजाब किंग्स ने उनके अनुबंध का नवीनीकरण नहीं किया। ट्रेवर बेलिस ने फ्रेंचाइजी द्वारा जारी बयान में कहा, ‘‘मैं पंजाब किंग्स का मुख्य कोच नियुक्त किए जाने पर सम्मानित महसूस कर रहा हूं। पंजाब किंग्स ऐसी फ्रेंचाइजी है जो सफलता की भूखी है। मैं प्रतिभाशाली खिलाड़ियों से भरी इस टीम के साथ काम करने के लिए उत्सुक हूं।’’ पढ़ें पूरी खबर

अजय देवगन और सिद्धार्थ मल्होत्रा की फिल्म थैंक गॉड पर निकला लोगों का गुस्सा, ट्विटर पर यूजर्स ने चलाया फिल्म को बायकॉट करने का ट्रेंड

अजय देवगन और सिद्धार्थ मल्होत्रा की फिल्म थैंक गॉड का टीजर रिलीज हो गया है। फिल्म के ट्रेलर को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। फिल्म में अजय, सिद्धार्थ के अलावा रकुल प्रीत सिंह लीड रोल में है। फिल्म में नोरा फेतही भी कैमियो रोल में नजर आएंगी। फिल्म का ट्रेलर रिलीज होने के बाद से यूजर्स मेकर्स पर हिंदू देवी- देवताओं का मजाक उड़ाने का आरोप लगा रहे हैं। यूजर्स का कहना है कि फिल्म में हिंदू देवी- देवताओं का मजाक उड़ाया गया है। हाल ही में अजय देवगन, सिद्धार्थ मल्होत्रा पर जौनपुर के वकील ने केस किया था। अब सोशल मीडिया पर फिल्म को बायकॉट करने की मांग हो रही है। पढ़ें पूरी खबर

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।