लाइव टीवी

Hindi Samachar 22 जुलाई: CBSE ने घोषित किए 10वीं और 12वीं के नतीजे, 68वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की घोषणा

Updated Jul 22, 2022 | 19:58 IST

Hindi Samachar 22 July, 2022: ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2022 में क्वालीफिकेशन राउंड में शानदार प्रदर्शन किया है। नीरज चोपड़ा ने अपने पहले प्रयास में 88.39 मीटर थ्रो के साथ पुरुषों की भाला फेंक फाइनल में जगह बना ली है। यहां पढ़ें दिन भर की अहम खबरें।

Loading ...
Hindi Samachar 22 जुलाई: आज के प्रमुख समाचार, बड़ी खबरें

Hindi Samachar 22 July: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने शुक्रवार को 12वीं और 10वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम घोषित किए। एक बार फिर लड़कियों ने बाजी मारी। वहीं भारतीय सशस्त्र सेनाओं में भर्ती प्रक्रिया को लेकर अब तक के सबसे बड़े बदलाव अग्निपथ योजना को देश के युवाओं का जोरदार समर्थन मिल रहा है। भारतीय नौसेना को अग्निपथ योजना के लिए पिछले 7 दिनों में 3,03,328  आवेदन प्राप्त हुए हैं। उधर 'हर घर तिरंगा' अभियान पर पीएम मोदी के ट्वीट पर सियासी घमासान तेज हो गया है और कांग्रेस ने कई सवाल पूछे हैं। यहां पढ़ें दिनभर की अहम खबरें:- 

CBSE ने 10वीं और 12वीं का रिजल्ट किया जारी, एक बार फिर लड़कियों ने मारी बाजी

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने शुक्रवार को 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम घोषित किए, जिसमें लड़कियों ने लड़कों से बाजी मारी। हालांकि, पिछले साल के 99.37 प्रतिशत के मुकाबले इस साल 92.71 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। सीबीएसई ने पिछले साल विशेष आकलन योजना के आधार पर परिणाम घोषित किए थे क्योंकि कोविड-19 महामारी के कारण परीक्षाएं नहीं करायी जा सकी थीं। लेकिन इस बार परीक्षाएं दो सत्रों में आयोजित की गयीं। सीबीएसई ने कहा कि 2020 में पास प्रतिशत 88.78 फीसदी था जबकि 2019 में यह 83.40 फीसदी था। बोर्ड ने इस साल भी मेरिट लिस्ट की घोषणा नहीं की है। वह 2020 से मेरिट लिस्ट जारी नहीं कर रहा है जब महामारी के कारण स्कूल बंद कर दिए गए थे। कुछ छात्रों और स्कूलों ने दावा किया कि उन्हें आधिकारिक घोषणा से काफी पहले नतीजे मिल गए थे। पढ़ें पूरी खबर

'Har Ghar Tiranga' campaign: 'हर घर तिरंगा' अभियान पर PM मोदी के ट्वीट पर सियासी घमासान तेज, कांग्रेस ने पूछे कई सवाल

इस साल 15 अगस्त को आजादी के 75 साल पूरे हो रहे हैं। इसे ऐतिहासिक बनाने के लिए देश भर में पिछले एक साल से 'आजादी का अमृत महोत्सव' मनाया जा रहा है। इस बार 15 अगस्त के लिए सरकार ने 'हर घर तिरंगा' अभियान शुरू किया है। लोगों से 13 से 15 अगस्त के बीच अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की गई है। भाजपा की योजना इस मौके पर 20 करोड़ घरों में तिरंगा फहराने की है। पीएम मोदी ने शुक्रवार को इस बारे में ट्वीट किया। उन्होंने अपने ट्वीट में तिरंगे से जुड़ी कई ऐतिहासिक जानकारियां दी हैं लेकिन उनके ट्वीट के बाद कांग्रेस पार्टी हमलावर हो गई है। उसने पीएम के ट्वीट पर कई सवाल पूछे हैं। पढ़ें पूरी खबर

68th National Film Awards: 68वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की घोषणा, अजय देवगन और एक्टर सूर्या को मिला बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड

68वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार के विजेताओं की घोषणा आज हो गई है। नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए विजेताओं की सूची घोषित की गई है। तमिल फिल्म सूरराई पोट्रू को बेस्ट फीचर फिल्म का अवॉर्ड मिला है। सूरराई पोट्रू के एक्टर सूर्या और अजय देवगन को फिल्म तान्हाजी द अनसंग वॉरियर के लिए बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड संयुक्त रूप से मिला है। तान्हाजी द अनसंग वॉरियर को बेस्ट फिल्म इन होलसम एंटरटेनमेंट का अवॉर्ड मिला है। इसके अलावा फिल्म साइना के लिए मनोज मुंतशिर को बेस्ट लिरिक्स का अवॉर्ड मिला। पढ़ें पूरी खबर

Agneepath scheme: नौसेना को एक हफ्ते में मिले तीन लाख से ज्यादा आवेदन, 20,449 महिलाएं भी बनना चाहती हैं अग्निवीर

भारतीय सशस्त्र सेनाओं में भर्ती प्रक्रिया को लेकर अब तक के सबसे बड़े बदलाव अग्निपथ योजना को देश के युवाओं का जोरदार समर्थन मिल रहा है। 14 जून को लांच होने के बाद अग्निपथ योजना को लेकर देश के कई प्रांतों में प्रदर्शन हुए। अग्निपथ योजना को लेकर जमकर सियासत भी जारी है लेकिन इस योजना में रिकॉर्ड आवेदन दिखा रहे हैं कि युवाओं में इस योजना को लेकर कितना जोश है। भारतीय नौसेना को अग्निपथ योजना के लिए पिछले 7 दिनों में 3,03,328  आवेदन प्राप्त हुए हैं। पढ़ें पूरी खबर

अग्निपथ योजना के खिलाफ आंदोलनों से रेलवे को 259.44 करोड़ का नुकसान, प्रदर्शनकारियों ने फूंकी दी थी कई ट्रेनें

थल सेना, वायु सेना, जल सेना में भर्ती के लिए मोदी सरकार इस साल जून में अग्निपथ योजना लेकर आई। इस योजना के तहत 4 साल के लिए सेना में भर्ती होगी और इसमें पेंशन का भी प्रावधान नहीं है। सेना में भर्ती के लिए इच्छुक युवाओं ने विरोध प्रदर्शन किया। यह हिंसक आंदोलन बिहार से शुरू होकर कई राज्यों में फैल गया। प्रदर्शनकारियों ने कई ट्रेनों में आग लगा दी। इससे रेलवे का भारी नुकसान हुआ। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार (22 जुलाई 2021) को संसद को बताया कि रक्षा सेवाओं में भर्ती की नई अल्पकालिक अग्निपथ योजना के विरोध में हुए आंदोलनों के चलते रेलवे की संपत्ति को 259.44 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि इस योजना के देश भर में विरोध की वजह से 15 जून से 23 जून के बीच 2000 से अधिक ट्रेन रद्द किए गए। रेल मंत्री ने विभिन्न सवालों के लिखित जवाब में राज्यसभा को यह जानकारी दी। पढ़ें पूरी खबर

नीरज चोपड़ा का एक और शानदार प्रदर्शन, वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप के फाइनल के लिए किया क्वालिफाई

ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2022 में क्वालीफिकेशन राउंड में शानदार प्रदर्शन किया है। नीरज चोपड़ा ने अपने पहले प्रयास में 88.39 मीटर थ्रो के साथ पुरुषों की भाला फेंक फाइनल में जगह बना ली है। टोक्यो ओलिंपिक के स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा अब वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी स्वर्णिम सफलता के करीब पहुंच चुके हैं। पढ़ें पूरी खबर

श्रीलंका : दिनेश गुणवर्धने बने नए PM, राष्ट्रपति सचिवालय में डटे 9 प्रदर्शनकारी गिरफ्तार 

श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे ने वरिष्ठ नेता दिनेश गुणवर्धने को शुक्रवार को श्रीलंका का नया प्रधानमंत्री नियुक्त किया। रानिल विक्रमसिंघे ने राष्ट्रपति पद की शपथ ग्रहण करने के एक दिन बाद शुक्रवार को अपने कार्यकाल के पहले दिन यह पहली नियुक्ति की। गुणवर्धने (73) को अप्रैल में, पूर्व राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे के कार्यकाल के दौरान गृह मंत्री बनाया गया था। वह विदेश मंत्री और शिक्षा मंत्री के तौर पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। तो वहीं सुरक्षा बलों ने शुक्रवार तड़के कोलंबो में राष्ट्रपति सचिवालय में सरकार विरोधी प्रदर्शनकारियों के मुख्य शिविर पर कार्रवाई की और नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पढ़ें पूरी खबर

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।