लाइव टीवी

CAA Protest: अफवाह की आग में झुलसा गुरुवार,अलग अलग इलाकों में हिंसक झड़प

Updated Dec 20, 2019 | 00:15 IST

Protests against CAA in Bihar, Mumbi, Kolkata: नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ लोग सड़कों पर हैं। लेकिन राजनीतिक दलों को सियासी रोटी सेंकने का मौका मिल चुका है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspANI
CAA Protest LIVE: नागरिकता कानून पर सियासी संग्राम
मुख्य बातें
  • नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ देशभर में विरोध प्रदर्शनों का दौर जारी
  • विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए दिल्ली में मथुरा रोड-कालिंदी कुंज के बीच ट्रैफिक आवाजाही बंद
  • बिहार में ट्रेनें रोकी गई जहां राजेंद्र नगर और दरंभगा में लेफ्ट कार्यकर्ताओं ने ट्रेन रोकी

नई दिल्ली, Protests against CAA LIVE: नागरिकता संशोधन कानून  (Citizenship amendment act) पर सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को रोक लगाने से इंकार कर दिया था। ये बात अलग है कि केंद्र सरकार को 15 जनवरी तक इस विषय पर जवाब भी देना है। इस कानून के खिलाफ देश के अलग अलग राज्यों में लोग सड़कों पर हैं। लेकिन इसके साथ ही राजनीतिक दलों द्वारा सियासी रोटियां भी सेंकी जा रही है। 

नागरिकता संशोधन कानून को लेकर कहां-कहां विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं इसके लिए हम आपको दे रहे हैं सबसे सटीक अपडेट जो जुड़े रहिए हमारे साथ -

Sub-Heading as H2: Protests against CAA:

  • 10.00 PM: यूपी: अफवाहों पर लगाम लगाने के लिए गाजियाबाद जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला किया है। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने 19 दिसंबर की रात 10 बजे से लेकर 20 दिसंबर की रात 10 बजे तक इंटरनेट सेवा पर पाबंदी लगा दी है।             
  • 9.50 PM: कर्नाटक: बेंगलुरु के टाउन हाल पर बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी सीएए का विरोध कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों को हटाने की जब सभी कोशिश नाकाम हो गई तो बेंगलुरु सेंट्रल के डीसीपी चेतन सिंह राठौर ने अनूठा प्रयोग किया। उन्होंने राष्ट्रगाना गाना शुरू किया , इसका नतीजा ये हुआ कि प्रदर्शनकारी खुद ब खुद शांतिपूर्ण अंदाज में टाउन हाल छोड़ कर चले गये।                     
  • 9.25 PM: मध्य प्रदेश: सीएए पर देश के अलग अलग राज्यों में प्रदर्शन के बीच कुछ जगहों पर हिंसा हुई। मेंगलूरु में दो तो लखनऊ में एक शख्स के मरने की खबर है। इन सबके बीच मध्य प्रदेश के 44 जिलों में धारा 144 लागू की गई है। 
  • 9.15 PM: गुजरात: गृहमंत्री प्रदीप जडेजा ने कहा कि पूरे राज्य में दो जगहों को छोड़कर शेष जगहों पर हालात सामान्य है। अहमदाबाद हिंसा के मामले में कुल 50 लोगों की गिरफ्तारी की गई है। सीसीटीवी फुटेज के जरिए उपद्रवियों की पहचान की जा रही है जो लोग भी दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
  • 9.00 PM: गुजरात: अहमदाबाद में सीएए पर विरोध प्रदर्शन के दौरान जबरदस्त हंगामा हुआ। प्रदर्शनकारियों की तरफ से पुलिसकर्मियों पर पथराव हुआ जिसमें कई घायल हो गए। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की वारदात करने के लिए जो लोग जिम्मेदार होंगे उन्हे बख्शा नहीं जाएगा। 
  • 8.43 PM: कर्नाटक: सीएए पर विरोध प्रदर्शन को देखते हुए सीएम बी एस येदियुरप्पा ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि बहकावे में न आएं। आपसी भाईचारे और सद्भाव का परिचय दे। सीएए किसी भी धर्म विशेष के खिलाफ नहीं है जो लोग अफवाह फैला रहे हैं उसको सिरे से नकार दें। 
  • 8.15 PM: यूपी:  सीएए पर विरोध के बीच एक शख्स के मरने की खबर है। इस संबंध में यूपी पुलिस के डीजीपी ने कहा कि गोली पुलिस की तरफ से नहीं चलाई गई है। वो ये नहीं बता सकते हैं कि मौत कैसे हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन से इस मौत का लेना देना नहीं है।                                                                                                                                                          
     
  • 8.00 PM: कर्नाटक: नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में प्रदर्शन करने वालों की तरफ से बस पर हुए पथराव में दो लोगों की मौत हो चुकी है। 
  • 7.15 PM:  उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था के संदर्भ में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सीएम योगी आदित्यनाथ से बातचीत की। सीएम ने उन्हें राजधानी लखनऊ समेत पूरे प्रदेश के बारे में जानकारी दी। बता दें कि राजनाथ सिंह 2 + 2 संवाद में हिस्सा लेने के लिए अमेरिका में हैं। 
  • 6.15 PM: यूपी: सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सीएए प्रकरण पर पूरी नजर है। उन्होंने कहा कि विरोध के नाम पर किसी शख्स को हिंसा की इजाजत नहीं दी जा सकती है। राज्य सरकार उपद्रवियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करेगी। ऐसे लोगों की संपत्ति जब्त की जाएगी जो लोग सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने के लिए जिम्मेदार पाए जाएंगे।                                      
  • 6.00 PM: बिहार: सीएम नीतीश कुमार का कहना है कि वो इस बारें में नहीं सोचते हैं कि कौन किसको भड़काने का काम कर रहा है। वो बिहार की जनता से अपील करते हैं कि भाई चारा और आपसी विश्वास कायम रहे।
  • 5.50 PM: दिल्ली: पुलिस का कहना है कि अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखी जा रही है, इसके साथ ही पुलिस का कहना है कि अगर किसी को अफवाह या उकसाने वाली जानकारी मिले तो उसे जरूर साझा करें।                                                   
     
  • 5.50 PM: यूपी: पुलिस का कहना है कि परिवर्तन चौक इलाके में 20 कार, 10 मोटरसाइकिल और मीडिया के चार ओबी बैन को प्रदर्शनकारियों ने आग के हवाले कर दिया। 
  • 5.45 PM: दिल्ली: दिल्ली पुलिस के पीआरओ एम एस रंधावा का कहना है कि उत्तर पूर्वी दिल्ली में धारा 144 लागू की गई है। इसके साथ ही लालकिला समेत नई दिल्ली इलाके के कुछ हिस्सों में भी धारा 144 लागू है। इस तरह की अफवाह फैलाई जा रही थी कि पूरी दिल्ली में धारा 144 लागू है लेकिन वो पूरी तरह से गलत है।
  • 5.35 PM: पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र संघ की अगुवाई में एनआरसी और सीएए को अमल में लाने की जरूरत है। लेकिन बीजेपी का कहना है कि ममता बनर्जी की समझ को क्या हो चुका है। वो इस तरह की बात नहीं कर सकती हैं। 
  • 5.30 PM: दिल्ली: गृहराज्य मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा कि धर्म के नाम पर लोगों को भड़काया जा रहा है और इस तरह के काम से राजनीतिक दलों को बचने की जरूरत है।
  • 5. 00 PM:यूपी: डीजीपी ओ पी सिंह ने हजरतगंज की उस जगह का निरीक्षण किया जहां हिंसा भड़क उठी थी। इसके साथ लखनऊ के एसएसपी कलानिधि नैथानी का कहना है कि हुसैनाबाद में हालात नियंत्रण में हैं।
  • 4. 40 PM: यूपी: सीएए पर ई जिलों में विरोध के बीच प्रदर्शनकारियों ने राजधानी लखनऊ में मीडियाकर्मियों को निशाना बनाया है। अभी ये साफ नहीं है कि हुड़दंग करने वाले लोग किस संगठन से है, लेकिन पुलिस का कहना है कि जो लोग हिंसा और आगजनी पर उतारु हैं उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। 
  • 4. 35 PM: असम: सीएए पर विरोध और प्रदर्शन के बीच असम में शुक्रवार 9 बजे तक के लिए मोबाइल इंटरनेट सेवा पर पाबंदी लगा दी गई है। 
  • 4. 30 PM: दिल्ली: बवाना के राजीव गांधी स्टेडियम में हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों को नाश्ता भी उपलब्ध कराया गया। बता दें कि स्वराज फाउंडेशन के अध्यक्ष योगेंद्र यादव भी हिरासत में हैं।                                                                                
  • 4. 25 PM: दिल्ली:  डीएमआरसी ने दिल्ली गेट मेट्रो स्टेशन के एंट्री और एग्जिट गेट को बंद कर दिया है। इस स्टेशन पर ट्रेन नहीं रुकेगी। हालांकि राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर लोग ट्रेनों के लिए अदलाबदली कर सकेंगे।
  • ​4.18 PM : उत्तर प्रदेश: पश्चिमी उत्तर प्रदेश के संभल में प्रदर्शनकारियों ने संभल में पुलिस स्टेशन को आग के हवाले कर दिया है। 
  • 3.55 PM : महाराष्ट्र: प्रदर्शनकारियों ने नागपुर में नागरिकता संशोधन विधेयक के खिलाफ मार्च निकाला। बड़ी संख्या में लोग प्रदर्शन कर रहे हैं। मार्च को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस की तैनाती की गई है।
  • 3.35 PM : दिल्ली: NH-8 पर ट्रैफिक जाम की वजह से 16 उड़ानों में देरी हुई है। अन्य मुद्दों और अपने चालक दल के सदस्यों के ट्रैफिक जाम में फंसने की वजह से इंडिगो ने 19 उड़ानों को रद्द कर दिया है।
  • 3.25 PM : भारती एयरटेल के फाउंडर चेयरमैन सुनील भारती मित्तल ने दिल्ली के कुछ हिस्सों में इंटरनेट सेवाओं पर रोक को लेकर कहा- हम सरकार के आदेश से बंधे हैं और उनके आदेश का पालन कर रहे हैं।
  • 3.15 PM : नागरिकता (संशोधन) अधिनियम देश के मुसलमानों के खिलाफ नहीं है, उन्हें डरने की जरूरत नहीं है क्योंकि इससे उनकी नागरिकता को कोई खतरा नहीं है: अजमेर दरगाह के प्रमुख जैनुल आबेदीन अली खान
  • 3.00 PM : उत्तर प्रदेश में लखनऊ और संभल सहिंत कई जगह आगजनी की घटनाएं सामने आ रही हैं। यूपी के हसनगंज स्थित पुलिस चौकी के बाहर आग लगाई। प्रदर्शनकारियों ने कई जगह तोड़फोड़ की।
  • 2.40 PM : बेंगलुरु में भी नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ तेज हुए विरोध प्रदर्शन। प्रदर्शनकारियों ने बेंगलुरु के टाउन हॉल के बाद विरोध कर कानून के खिलाफ आक्रोश
  • 2.20 PM : सीएए और एनआरसी पर सरकार की आलोचना करते हुए भाकपा नेता कन्हैया कुमार ने कहा, 'नागरिकता देने पर सवाल नहीं है। देश में ऐसे लाखों लोग हैं जिनके पास कोई दस्तावेज नहीं है। ऐसे लोगों से अपनी नागरिकता साबित करने के लिए कहा जाएगा और इसके लिए उन्हें प्रताड़ित होना पड़ेगा। सवाल इस बात का है। सरकार गरीब लोगों को परेशान करनी चाहती है। सीएए के जरिए सरकार अर्थव्यवस्था पर अपनी नाकामी छिपाना चाहती है।'
  • 2.00 PM: उत्तर प्रदेश के राज्य परिवहन निगम की एक बस को आग के हवाले किया गया। नागरिक संशोधन कानून के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान लगाई गई आग। फिलहाल विस्तृत विवरण की प्रतीक्षा है।

  • 1.55 PM: दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने ट्वीट कर बताया कि जनपथ मेट्रो स्टेशन के निकास और प्रवेश द्वार बंद रहेंगे और मेट्रो यहां नहीं रूकेगी। 

  • 1.45 PM:  कोलकाता में फिल्म-निर्माता अपर्णा सेन बोलीं- हमारा देश विविधताओं से भरा है, जिसमें कई भाषाएं, संस्कृतियां, जातीयताएं हैं जो हम सबको एक सूत्र में फिरोएं रखता है, अगर वह धागा टूट गया तो देश टूट जाएगा।

  • 1.35 PM: शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल बोले- मैं लोगों से अपील करता हूं कि वो प्रदर्शन को हिंसक ना बनाएं। कानून के अनुसार, मैंने संसद में भी कहा था कि किसी भी धर्म को इस अधिनियम से बाहर नहीं किया जाना चाहिए।

  • 1.25 PM: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने 18 दिसंबर को आदेश जारी दिया था जिसमें बताया गया कि कि कानून और व्यवस्था की स्थिति को ध्यान में रखते हुए 19 दिसंबर को मंडी हाउस, सीलमपुर, जाफराबाद, मुस्तफाबाद, जामिया नगर, शाहीन बाग और बवाना में आज सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक वॉयस, एसएमएस, इंटरनेट सेवाएं रोक दी जाएंगी। 

  • 1.20 PM: कांग्रेस नेता अजय माकन ने ट्वीट करके बताया, कि उनकी पत्नी और बेटी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उनको मंदिर मार्ग पुलिस स्टेशन ले जाया गया है।'

  • '1.10 PM: नागरिकता कानून संबंधित एक सवाल का जवाब देते हुए दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल बोले- आज देश में कानून व्यवस्था बिगड़ रही है। आज सभी नागरिकों में एक डर है। मैं केंद्र सरकार से अपील करता हूं कि वह इस कानून को न लाए बल्कि युवाओं को रोजगार दे।

  • 1.05 PM: संशोधित नागरिकता कानून के विरोध में प्रदर्शन कर रहे वामपंथी नेता डी राजा, सीताराम येचुरी, निलोत्पल बसु, वृंदा करात सहित कई अन्य को मंडी हाउस में हिरासत में लिया गया ।
  • 12.58 PM: बिहार में भी नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शन। पटना में जन अधिकार पार्टी नेता पप्पू यादव ने बेड़ियाँ पहनकर नागरिकता संशोधन अधिनियम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
  • 12.52 PM:   दिल्ली: JNU के पूर्व छात्र और कार्यकर्ता उमर खालिद  को दिल्ली पुलिस ने लाल किले के पास से हिरासत में लिया। नागरिकता कानून के विरोध में कर रहे थे प्रदर्शन।
  • 12.45 PM:  दिल्ली: कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित को मंडी हाउस में पुलिस ने हिरासत में लिया। हिरासत में लिए जाने पर बोले संदीप "मुझे लाल किले (विरोध के लिए) जाने की अनुमति नहीं थी, इसलिए, मैं मंडी हाउस आया था
  • 12.35 PM:  कुछ जगहों पर इंटरनेट और फोन सेवाएं बंद की गईं है। एक यूजर को एयरटेल ने ट्वीट कर जवाब देते हुए कहा, 'हम सरकार से प्राप्त निर्देशों का अनुपालन कर रहे हैं। दिल्ली में कुछ क्षेत्रों में वॉयस कॉल, इंटरनेट सेवाएं और एसएमएस सेवाएं सस्पेंड की गई हैं। एक बार निलंबन हटाने का आदेश आने के बाद, हमारी सेवाएं पूरी तरह से चलेंगी। दुविधा के लिए हमें खेद है।
  • 12.25 PM: पिछले 24 घंटे में दिल्ली में कुछ विरोध प्रदर्शन हुए जो वॉट्सऐप ग्रुपों के माध्यम से लोगों को इकट्ठा करके आयोजित किए गए थे, लेकिन कोई भी संगठन इन विरोध प्रदर्शनों की जिम्मेदारी लेने के लिए सामने नहीं आया है। कुछ स्थानों की पहचान की गई जहां अधिकारियों से कहा गया है कि वो स्थानीय खुफिया जानकारी प्रदान करवाएं- सूत्र
  • 12.15 PM: प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा, 'मेट्रो स्टेशन बंद हैं। इंटरनेट बंद है। हर जगह धारा 144 है। किसी भी जगह आवाज उठाने की इजाजत नहीं है। जिन्होंने आज टैक्सपेयर्स का पैसा खर्च करके करोड़ों का विज्ञापन लोगों को समझाने के लिए निकाला है, वही लोग आज जनता की आवाज से इतना बौखलाएँ हुए हैं कि सबकी आवाजें बंद कर रहे हैं।'
  • 12.00 PM:  दिल्ली गुरुग्राम एक्सप्रेस वे पर लगा भीषण जाम। पुलिस द्वारा बैरिकेड लगाने की वजह से लगा जाम।
  • 11.50 AM: दिल्ली पुलिस के पीआरओ एम एस रंधावा बोले- हमारे पास कल एक रिक्वेस्ट आई थी, जिसे हमने रिजेक्ट कर दिया था। लाल किला कोई डेजिगनेटेड प्लेस नहीं है। यहां से किसी को प्रोटेस्ट मार्च निकालने की इजाजत नहीं दी जा सकती क्योंकि इससे आम जनता को बहुत दिक्कत हो सकती है। इसीलिए लाल किला इलाके में धारा 144 लगाई गई है।
  • 11.35 AM: नागरिकता संशोधन कानून और NRC के खिलाफ आज दोपहर 12 बजे मंडी हाउस से जंतर मंतर तक कम्युनिस्ट पार्टी द्वारा किए जाने वाले विरोध मार्च के लिए अनुमति नहीं दी गई है:  दिल्ली पुलिस
  • 11.30 AM:  नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ बेंगलुरु में विरोध प्रदर्शनों में शामिल हो रहे प्रसिद्ध इतिहासकार रामचंद्र गुहा को हिरासत में लिया गया है।
  • 11.15 AM:  नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान दिल्ली के लालकिला के पास पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच भिडंत, धारा 144 लागू होने के बावजूद भी जमा हुए लोग। 
  • 11.00 AM: कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा बोले: सीएए के विरोध की पीछे कांग्रेस का हाथ है और यूटी खादेर जैसे लोगों की वजह से ऐसी स्थिति बन रही है। मुसलमानों का ख्याल रखना हमारी जिम्मेदारी है। सभी से शांति बनाए रखने का अनुरोध करता हूं। अगर कांग्रेस के नेता विरोध प्रदर्शन जारी रखते हैं तो उन्हें इसके परिणाम भुगतने होंगे।
  • 10.45 AM: नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के विरोध में वामदलों के बिहार बंद को लेकर गुरुवार को सुबह से ही बंद समर्थक सड़कों पर उतर आए। बिहार बंद को जन अधिकार पार्टी सहित महागठबंधन में शामिल कांग्रेस, रालोसपा, वीआईपी और हम ने समर्थन दिया है।
  • 10.30 AM:  पटेल चौक, लोक कल्याण मार्ग, उद्योग भवन, आईटीओ, प्रगति मैदान और खान मार्केट के प्रवेश और निकास द्वार बंद हैं। इन स्टेशनों पर ट्रेनें नहीं रुकेंगी- दिल्ली मेट्रो
  • 10.20 AM: संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आज कोलकाता के एस्प्लेनेड क्षेत्र में एक रैली निकालेंगी। वामपंथी पार्टियां इस नए कानून के खिलाफ रामलीला मैदान से लेडी ब्रेबोर्न कॉलेज तक मार्च निकालेंगी। वहीं बुद्धिजीवी वर्ग रामलीला मैदान से हॉग मार्केट तक मार्च निकालने वाले हैं।
  • 10.10 AM:  दिल्ली मेट्रो ने बयान जारी कर बताया- लाल किला, जामा मस्जिद, चांदनी चौक और विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकास बंद है। इन स्टेशनों पर ट्रेन नहीं रूकेगी। इसके अलावा जामिया मिल्लिया इस्लामिया, जसोला विहार, शाहीन बाग और मुनिरका मेट्रो स्टेशनों को भी बंद किया गया है और यहां ट्रेन नहीं रूकेगी।
  • 9.55 AM: दिल्ली: लाल किले के पास दंड प्रक्रिया संहिता की धारा -144 (एक क्षेत्र में 4 से अधिक लोगों की सभा पर प्रतिबंध) लगाई गई है। दिल्ली पुलिस ने जानकारी दी कि 'हम भारत के लोग' के बैनर तले आज सुबह 11:30 बजे लाल किला से शहीद भगत सिंह पार्क (ITO) तक नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ होने वाले प्रोटेस्ट मार्च के लिए अनुमति नहीं दी गई है।
  • 9.40 AM: कर्नाटक के सीएम बीएस येदियुरप्पा ने आज बेंगलुरु सिटी पुलिस कमिश्नर भास्कर राव सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ एक बैठक की और नागरिकता कानू और NRC के विरोध के मद्देनजर किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए हरसंभव कदम उठाने के निर्देश दिए।
  • 9.30 AM: बिहार के पटना में नागरिकता संशोधन कानून और राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर के विरोध में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (AISF) के सदस्यों ने राजेंद्र नगर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रोकी। 
  • 9.10 AM:  नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में गुरुवार को बिहार के दरभंगा स्थित लाहिरासराय रेलवे स्टेशन पर सीपीआई-एम के कार्यकर्ताओं ने रेलवे ट्रैक को ब्लॉक कर दिया जिससे रेल सेवाएं प्रभावित हुईं।

दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, लखनऊ, भोपाल, पुणे समेत देश के कई बड़े शहरों में नागरिकता कानून के खिलाफ आज विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं जिसे देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।