लाइव टीवी

Lockdown : जोखिम नहीं उठाना चाहते राज्य, कोरोना के कम केस के बावजूद बढ़ाया लॉकडाउन  

Updated May 25, 2021 | 08:41 IST

​उत्तर भारत के राज्यों दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, हरियाणा और छत्तीसगढ़ में संक्रमण की दर और मामलों में कमी आई है। जबकि दक्षिण भारत के राज्यों तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक में कोरोना के मामले चिंता का वि

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspPTI
कोरोना के कम केस के बावजूद राज्यों ने बढ़ाए लॉकडाउन।
मुख्य बातें
  • देश में पिछले कुछ दिनों में कोरोना संक्रमण के मामलों में आई है कमी
  • दिल्ली और यूपी सहित कई राज्यों में नए मामलों में कमी पाई गई है
  • दक्षिण भारत के राज्यों केरल, तमिलनाडु में केस कम नहीं हो रहे

नई दिल्ली : देश में पिछले कुछ दिनों से कोरोना संक्रमण के मामलों में कमी आ रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि पॉजिटिविटी रेट भी गिरकर 11.34 फीसदी पर आ गई है। कई राज्यों में संक्रमण के मामलों में रिकॉर्ड कमी आई है। कोरोना के नए मामलों में कमी आने के बावजूद राज्य किसी तरह का जोखिम उठाना नहीं चाहते। लॉकडाउन में ढील देने से पहले वह आश्वस्त हो जाना चाहते हैं कि महामारी उनके नियंत्रण में है और स्वास्थ्य सुविधाएं दुरुस्त हैं।

दक्षिण भारत के राज्यों में थम नहीं रहे संक्रमण के मामले
उत्तर भारत के राज्यों दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, हरियाणा और छत्तीसगढ़ में संक्रमण की दर और मामलों में कमी आई है। जबकि दक्षिण भारत के राज्यों तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक में कोरोना के मामले चिंता का विषय बने हुए हैं। महाराष्ट्र भी महामारी से उबरता दिख रहा है। कई राज्यों में लॉकडाउन की अवधि एक महीने से ज्यादा हो गई है। आइए एक नजर डालते हैं राज्यों के लॉकडाउन पर -

दिल्ली -राजधानी दिल्ली में लॉकडाउन 31 मई की सुबह तक लागू है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को कहा कि कोरोना के मामलों में यदि आगे भी कमी आती रही तो वह सिलसिलेवार ढंग से लॉकडाउन हटाने की घोषणा करेंगे। 

उत्तर प्रदेश : देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में लॉकडाउन 31 मई की सुबह सात बजे तक लागू है। यहां लॉकडाउन की अवधि 24 मई को समाप्त होनी थी लेकिन इसे फिर बढ़ा दिया गया। 

बिहार : राज्य में अब एक जून तक लॉकडाउन रहेगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को स्वयं ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। 16 से 25 मई तक लागू लॉकडाउन में सिर्फ एक संशोधन किया गया है, जिसके तहत कृषि से जुड़ी दुकानें अब प्रतिदिन निर्धारित समय में खुलेंगी। 

उत्तराखंड : पहाड़ी राज्य में लॉकडाउन जैसी पाबंदियों को 1 जून तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। उत्तराखंड में मंगलवार 25 मई की सुबह 6 बजे कर्फ्यू की अवधि समाप्त हो रही थी। 

महाराष्ट्र : यहां एक जून की सुबह सात बजे तक लॉकडाउन जैसी पाबंदियां लागू रहेंगी। राज्य में आने वाले लोगों के लिए आरटी-पीसीआर की निगेटिव रिपोर्ट आवश्यक किया गया है। 

हरियाणा : खट्टर सरकार ने राज्य में लॉकडाउन की अवधि 31 मई तक बढ़ा दी है। दुकानों को एक-एक दिन के अंतराल पर खुलने की इजाजत दी गई  है। जबिक मॉल्स 31 मई की सुबह पांच बजे तक बंद रहेंगे।

झारखंड : राज्य में लागू आंशिक लॉकडाउन 27 मई की सुबह तक लागू रहेगा। राज्य में अंतर-राज्यीय परिवहन पर रोक है। निजी वाहनों को यात्रा के लिए ई-पास का होना जरूरी है। 

छत्तीसगढ़ : राज्य में 31 मई तक लॉकडाउन जारी रहेगा। 

गुजरात : मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने 28 मई तक 36 शहरों में रात आठ बजे से सुबह छह बजे तक नाइट कर्फ्यू की घोषणा की है। इस दौरान सभी जरूरी गतिविधियां जारी रहेंगी। 

केरल : राज्य में जारी लॉकडाउन को 30 मई तक के लिए बढ़ा दिया गया है। मलाप्पुरम जिले में पाबंदियां और सख्त की गई हैं। जबकि तिरूवनंतपुरम, एर्नाकुलम और त्रिशूर में प्रतिबंधों में थोड़ी ढील दी गई है।

तमिलनाडु : राज्य सरकार ने यहां लॉकडाउन एक सप्ताह के लिए और बढ़ा दिया है। राज्य लॉकडाउन की अवधि 24 मई को समाप्त हो रही थी। 

कर्नाटक : राज्य सरकार ने यहां लॉकडाउन सात जून तक के लिए बढ़ दिया है। मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा का कहना है कि मौजूदा प्रतिबंधों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। 

जम्मू-कश्मीर : केंद्रशासित प्रदेश में कोरोना कर्फ्यू को 31 मई की सुबह सात बजे तक बढ़ाया गया है। इस दौरान जरूरी सेवाओं के जारी रहने की इजाजत दी गई है। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।