लाइव टीवी

भारत 100 करोड़ वैक्सीनेशन के दहलीज पर, अगले 6-7 दिन में बन सकता है रिकॉर्ड

Updated Oct 14, 2021 | 12:21 IST

Covid-19 Vaccination: देश में कुल वैक्सीनेशन का  आंकड़ा 96.4 करोड़ डोज पार कर चुका है। इसमें से 68.9 करोड़ आबादी ऐसी है, जिसे कम से कम एक वैक्सीन की डोज लग चुकी है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspBCCL
कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीनेशन की रफ्तार हुई तेज
मुख्य बातें
  • उत्तर प्रदेश में अब तक सबसे अधिक 11.71 करोड़ वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी है।
  • हिमाचल प्रदेश का किन्नौर जिला देश का पहला ऐसा जिला बन गया है, जहां 100 फीसदी वैक्सीनेशन पूरा हो गया है।
  • केरल में ग्रोथ रेट -34.2 फीसदी, कर्नाटक में -43.2 फीसदी, आंध्र प्रदेश -45.9 फीसदी हो गई हैं।

नई दिल्ली: कोरोना के खिलाफ लड़ाई में भारत एक बड़ा रिकॉर्ड बनाने के करीब पहुंच गया है। ऐसी संभावना है कि देश में अगले 6-7 दिन में 100 करोड़ वैक्सीन डोज का रिकॉर्ड बन सकता है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार  देश में कुल वैक्सीनेशन का  आंकड़ा 96.4 करोड़ डोज पार कर चुका है। अक्टूबर में अब तक (12 अक्टूबर) 7.41 करोड़ कोरोना की वैक्सीन डोज लग चुकी है।  इस आधार पर अक्टूबर में औसतन हर रोज 70 लाख वैक्सीन डोज लगाई  गई है। ऐसे में अगले 6-7 दिन में 100 करोड़ वैक्सीन डोज का आंकड़ा भारत छू सकता है। 

12 अक्टूबर तक के आंकड़ों के अनुसार देश में 68.9 करोड़ आबादी ऐसी है, जिसे कम से कम एक वैक्सीन की डोज लग चुकी है। जबकि 27.5 करोड़ ऐसे लोग हैं। जिन्हें कम से कम वैक्सीन की दो डोज लग चुकी है।

किन्नौर पहला जिला, जहां 100 फीसदी वैक्सीनेशन

हिमाचल प्रदेश का किन्नौर जिला देश का पहला ऐसा जिला बन गया है, जहां सभी पात्र लोगों को कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन लगाई जा चुकी है। यानी 18 साल और उससे सभी लोगों को वैक्सीन की दोनों डोज लगाई जा चुकी है। किन्नौर जिला प्रशासन का दावा है कि  जिले के सभी पात्र लोगों का पूरी तरह टीकाकरण किया जा चुका है। जिले में 60,305 लोगों को वैक्सीन की दोनों डोज लगाई गई है।

इन राज्यों में सबसे ज्यादा वैक्सीनेशन

स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार 13 अक्टूबर सुबह 7 बजे तक उत्तर प्रदेश में 11.71 करोड़  वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी है। उसके बाद महाराष्ट्र में 8.93 करोड़,  गुजरात में 6.57 करोड़, मध्य प्रदेश में 6.56 करोड़, बिहार में 6.12 करोड़, कर्नाक में 5.99 करोड़ वैक्सीन डोज लगाई जा चुकी है।

केरल और महाराष्ट्र में भी घटने लगे मामले

अच्छी बात यह है कि देश में अब कोरोना के मामलों में भी कमी आनी शुरू हो गई है। सबसे अहम बात यह है कि केरल, महाराष्ट्र जैसे ज्यादा संक्रमित राज्यों में संक्रमण की ग्रोथ रेट निगेटिव हो गई है। कोविड-19 डॉट ओआरजी के आंकड़ों के अनुसार एक हफ्ते के आधार पर केरल में ग्रोथ रेट -34.2 फीसदी, कर्नाटक में -43.2 फीसदी, आंध्र प्रदेश -45.9 फीसदी हो गई हैं। 13 अक्टूबर तक देश में 3.40 करोड़ लोग संक्रमित हैं और 2 लाख एक्टिव केस हैं। अब तक कोरोना से 4.51 लाख लोगों  की मौत हो चुकी है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।