लाइव टीवी

फ्रांस से भारत पहुंचे 3 और राफेल विमान, भारतीय वायु सेना की ताकत में हुआ और इजाफा

Updated Nov 04, 2020 | 22:57 IST

Rafale aircraft: भारतीय वायु सेना ने बताया कि आज रात 8:14 बजे राफेल विमान का दूसरा जत्था बिना रुके उड़ान भरते हुए फ्रांस से भारत पहुंचा। कुल 8 विमान आ चुके हैं, 36 का करार हुआ था।

Loading ...
राफेल लड़ाकू विमान
मुख्य बातें
  • दूसरी खेप में फ्रांस से भारत पहुंचे तीन राफेल विमान
  • फ्रांस से तीन राफेल विमान गुजरात के जामनगर एयरबेस पहुंचे
  • अभी तक 8 राफेल विमान भारत आ चुके हैं

नई दिल्ली: राफेल लड़ाकू विमानों का दूसरा जत्था फ्रांस से भारत आ गया है। भारतीय वायु सेना (IAF) ने जानकारी दी है कि राफेल विमानों का दूसरा जत्था फ्रांस से नॉन-स्टॉप उड़ान भरने के बाद आज रात 8:14 बजे भारत पहुंचा। 3 नए विमान फ्रांस के इस्ट्रेस से गुजरात के जामनगर पहुंचे। इस यात्रा के दौरान फ्रेंच एयर फोर्स का मिड एयर रिफ्यूलिंग एयरक्राफ्ट साथ था। इस यात्रा के लिए भारतीय वायु सेना के पायलटों को फ्रांस के सेंट दिजिएर एयरबेस में ट्रेनिंग दी गई।

इन तीन नए विमानों के आने के बाद भारत के पास कुल 8 राफेल विमान हो गए हैं। इससे पहले 29 जुलाई को पांच राफेल विमान आए थे। इन्हें 10 सितंबर को अंबाला में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान 'गोल्डन एरोज स्क्वॉड्रन' में शामिल किया गया था। 

भारत ने फ्रांस के साथ 36 रफाल विमान हासिल करने के लिए एक करार किया है। इस सौदे की कुल कीमत 59 हजार करोड़ रुपए है। भारतीय वायुसेना के प्रमुख एयर चीफ मार्शल आर. के. एस. भदौरिया ने पांच अक्टूबर को कहा था कि सभी 36 राफेल विमानों को 2023 तक सेना में शामिल कर लिया जायेगा।
 

 

बेहतरीन लड़ाकू विमान है राफेल

राफेल 4.5 पीढ़ी का विमान है और इसमें रडार को चकमा देने की क्षमता भी है। मिसाइलों एवं हथियारों से लैस हो जाने के बाद यह लड़ाकू विमान काफी घातक हो जाता है। इस लड़ाकू विमान की एक विशेषता यह भी है कि यह अपने वजन से डेढ़ गुना ज्यादा भार के साथ उड़ान भर सकता है। बताया जाता है कि भारत को अगले तीन राफेल जनवरी, तीन मार्च में और अप्रैल तक और सात लड़ाकू विमान मिल जाएंगे।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।