लाइव टीवी

International Yoga Day:एक साल में बिक गए 11 अरब डॉलर के योगा मैट,अब ऐसी होगी योग की दुनिया

Updated Jun 21, 2022 | 07:00 IST

International Yoga Day: योग की शुरूआत के प्रमाण आज से 4700 साल पहले सिंधु घाटी सभ्यता के दौर में मिलते हैं। महर्षि पतंजलि को योग का जनक कहा जाता है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspANI
21 जून को मनाया जाता है योग दिवस
मुख्य बातें
  • अमेरिका में योग का बाजार 9.8 फीसदी की सालाना दर से बढ़ रहा है। और वह 12 अरब पाउंड का बाजार बन चुका है।
  • अकेले अमेरिका में  41 हजार से ज्यादा योग स्टूडियो खुल चुके हैं।
  • भारत में 4 अरब रुपये का बाजार खड़ा हो चुका है।

International Yoga Day: वैसे तो दुनिया भर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुरूआत महज सात साल पहले 2015 में हुई थी। लेकिन योग की जड़े भारत से करीब 4700 साल पुरानी हैं। और उसकी लोकप्रियता का ही कमाल है कि दुनिया भर में एक साल में 11.7 अरब डॉलर के योगा मैट (Yoga Mats)बिक जाते हैं। इसी तरह दुनिया भर में 31 अरब डॉलर के योग से जुड़े कपड़ों का बाजार खड़ा हो गया है। और कोविड-19 के बाद तो योग के प्रति जागरूकता कहीं ज्यादा बढ़ गई है।  2027 तक ऑनलाइन योगा क्लास 12 फीसदी की सालाना दर से बढ़ेगा। और दुनिया भर में योग का बाजार 80 अरब डॉलर को पार कर गया है। और करीब 30 करोड़ से ज्यादा लोग योग कर रहे हैं। जिस रफ्तार से योग की स्वीकार्यता बढ़ रही है, उसके अनुसार अगले 5 साल में योग की दुनिया में कई अहम बदलाव दिखेंगे।

इन्हें कहा जाता है योग का जनक

योग की शुरूआत के प्रमाण आज से 4700 साल पहले सिंधु घाटी सभ्यता के दौर में मिलते हैं। और उस समय से योग भारतीय चिंतन का अहम हिस्सा बन गया। लेकिन योग को संगठित रूप में स्थापित करने और उसके आसनों को सूचीबद्ध करने का अहम योगदान महर्षि पतंजलि ने किया। उनके इस योगदान को देखते हुए महर्षि पतंजलि को योग का जनक कहा जाता है। और उसके बाद से  लगातार योग का विकास अन्य योग गुरूओं के जरिए हुआ। विदेश मंत्रालय द्वारा योग पर तैयार की गई रिपोर्ट के अनुसार भारत में योग का 500 ईसा पूर्व से लेकर 800 ईसवी को स्वर्ण युग कहा जाता है। और इस समय यह भारत में 4 अरब रुपये का बाजार बन गया है। और आयुष मंत्रालय की 2021 की रिपोर्ट के अनुसार एक साल में 11.7 अरब डॉलर के योगा मैट्स पूरी दुनिया में बिक गए।

2025 तक 104 अरब डॉलर का होगा बाजार

मार्केट्स एंड मार्केट्स की रिपोर्ट के अनुसार दुनिया में 2020 तक योग का कारोबार 88 अरब डॉलर तक पहुंच चुका है। और 2025 तक इसके 104 अरब डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है। इसी तरह एलॉयड मार्केट रिसर्च की रिपोर्ट कहती है कि 2027 तक ऑनलाइन और ऑफलाइन योग कोर्स में दोगुने से ज्यादा इजाफा हो जाएगा। इसी तरह योग के ट्रेनिंग प्रोग्राम में बड़ा इजाफा होगा। इसके अलावा योग स्टूडियो भी तेजी से खुलेंगे। 

अमेरिका से लेकर चीन तक जलवा

  • वेलनेस क्रिएटिंव के सर्वे के अनुसार, अमेरिका में योग का बाजार 9.8 फीसदी की सालाना दर से बढ़ रहा है। और वह 12 अरब पाउंड का बाजार बन चुका है।
  • इसी तरह यूके में योग का 908 मिलियन पाउंड और  चीन में  2.9 अरब पाउंड का बाजार खड़ा हो गया है। लोकप्रियता का आलम यह है कि अकेले अमेरिका में  41 हजार से ज्यादा योग स्टूडियो हैं। इसी तरह यूके में 4930 और ऑस्ट्रेलिया में 3912 योग स्टूडियो खुल चुके हैं।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।