

लातेहार: झारखंड के लातेहार जिले में शुक्रवार शाम को हुए नक्सली हमले में 4 पुलिस कर्मी शहीद हो गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि घटना रात करीब 8:30 बजे चांदवा थानाक्षेत्र की है। हथियारबंद माओवादियों ने सरकारी कार में सवार पुलिस दल पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि माओवादियों ने पुलिस दल पर घात लगाकर हमला किया। एक उपनिरीक्षक रैंक के अधिकारी सहित तीन पुलिसकर्मी मारे गए। एक पुलिसकर्मी घायल भी हुआ है। हालांकि बाद में ये पुलिसकर्मी भी मौत की जंग हार गया।
झारखंड में पुलिस पर नक्सली हमला ऐसे समय में हुआ है, जब राज्य में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। 81 सीटों वाली झारखंड विधानसभा के चुनाव 30 नवंबर से पांच चरणों में होंगे और मतगणना 23 दिसंबर को होगी।
पुलिस ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घटनास्थल पर बड़ी संख्या में पुलिस बल को भेजा गया है। घटनास्थल से सिर्फ दो किलोमीटर दूर शुक्रवार को दिन में एक बजे भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा की चुनावी रैली थी।
हमले में शहीद जवानों की पहचान सिकंदर सिंह, जमुना प्रसाद, शंभू प्रसाद और दिनेश राम के रूप में की गई है। नक्सलियों ने इस घटना को थाने ने महज दो किलोमीटर की दूरी पर अंजाम दिया।
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने लातेहार घटना की निंदा करते हुए शहीद हुए जवानों के प्रति शोक संवेदना प्रकट की है और कहा है कि इन जवानों की शहादत बेकार नहीं जाएगी।