लाइव टीवी

BJP में शामिल हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया, कांग्रेस पर कसा तंज, बोले-पार्टी वह नहीं रही जो पहले थी

Updated Mar 11, 2020 | 15:17 IST

Jyotiraditya Scindia: दिल्ली में ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा, 'मेरे जीवन में दो तारीखें बहुत महत्वपूर्ण रही हैं। कुछ घटनाएं जीवन को बदल देती हैं। मेरे जीवन में 30 सितंबर 2001 और 10 मार्च 2020 हैं।'

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspANI
भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया।

नई दिल्ली : कांग्रेस के 'महाराज' ज्योतिरादित्य सिंधिया बुधवार को औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सिंधिया को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण कराई। इस मौके पर मध्य प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष बीडी शर्मा भी मौजूद थे। इस अवसर पर सिंधिया ने मीडिया को संबोधित करते हुए भाजपा में शामिल होने की वजह बताई। 'महाराज' ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जड़ता का शिकार हो गई है। कांग्रेस वह पार्टी नहीं रही जो पहले थी।  

सिंधिया ने कहा, 'मेरे जीवन में दो तारीखें बहुत महत्वपूर्ण रही हैं। कुछ घटनाएं जीवन को बदल देती हैं। मेरे जीवन में 30 सितंबर 2001 और 10 मार्च 2020 हैं। 30 सितंबर 2001 को मैंने अपने पूज्य पिताजी को खोया। यह जीवन बदलने का दिवस था। 10 मार्च 2020  को उनकी 75वीं वर्षगांठ थी। इस दिन मैंने एक नई परिकल्पना की और मैंने एक निर्णय लिया। हमारा लक्ष्य जनसेवा होना चाहिए और राजनीति केवल उस लक्ष्य की पूर्ति करने का एक माध्यम होना चाहिए। कांग्रेस में रहते हुए मैंने पूरी श्रद्धा के साथ प्रदेश एवं देश की सेवा करने की कोशिश की है।'

उन्होंने कहा, 'आज की स्थिति देखकर मेरा मन व्यथित और दुखी है। जन सेवा के लक्ष्य की पूर्ति उस संगठन के माध्यम से नहीं हो पा रही थी। कांग्रेस आज  वह पार्टी नहीं रही जो पहले थी। कांग्रेस में जड़ता का वातावरण है। मध्य प्रदेश में किसानों का ऋण माफ नहीं हुआ। आज भी पिछली फसल का बोनस और मुआवजा नहीं मिल पाया। किसान त्रस्त और नौजवान बेबस है। प्रदेश में रोजगार के अवसर नहीं। मध्य प्रदेश में रोजगार के अवसर नहीं बल्कि भ्रष्टाचार के अवसर उपलब्ध हो गए हैं।' 

जेपी नड्डा ने कहा, 'हम ज्योतिरादित्य सिंधिया की क्षमता से अवगत हैं और वह परिवार के सदस्य के रूप में हैं। सिंधिया को भाजपा के मुख्य धारा की राजनीति में काम करने का मौका मिलेगा।'

बता दें कि सिंधिया ने मंगलवार को कांग्रेस की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। अपने इस्तीफे में सिंधिया ने कहा कि 'यह उनके लिए आगे बढ़ने का समय है।'कांग्रेस के 22 विधायकों ने भी राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। समझा जाता है कि विधायकों के इस्तीफे के बाद मध्य प्रदेश की कमलनाथ सरकार अल्पमत में आ गई है। मध्य प्रदेश भाजपा के सभी विधायक गुरुग्राम के एक होटल में ठहरे हुए हैं।

सिंधिया के भाजपा में शामिल होने पर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, 'इस तरह के मौकापरस्तों को कांग्रेस पार्टी बहुत पहले ही छोड़ देनी चाहिए थी। कांग्रेस ने 18 वर्षों तक सिंधिया के लिए इतना कुछ किया। सिंधिया ने मौका आने पर मौकापरस्ती दिखाई है। लोग उन्हें सबक सिखाएंगे।' आज एमपी के भिंड में सिंधिया के स्वागत में कुछ पोस्टर्स नजर आए। पोस्टर में पीएम मोदी और अमित शाह के साथ सिंधिया की तस्वीर नजर आई। 
 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।