लाइव टीवी

इस महिला IPS अफसर का 20 साल में 40 बार से ज्यादा हो चुका है ट्रांसफर, एक CM को कर चुकी हैं गिरफ्तार

Updated Jan 05, 2021 | 19:07 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

D Roopa: कर्नाटक की पहली महिला आईपीएस ऑफिसर डी रूपा का हाल ही में एक बार फिर ट्रांसफर हुआ है। उनका 20 साल में 40 बार से ज्यादा ट्रांसफर हो चुका है।

Loading ...
आईपीएस डी रूपा
मुख्य बातें
  • सोशल मीडिया पर कई लोग डी रूपा को लेडी सिंघम कहते हैं
  • वो सोशल मीडिया पर एक्टिव हैं
  • उनका मोटिवेशनल स्पीच देते हुए वीडियो भी है

नई दिल्ली: बेंगलुरु शहर की एक परियोजना को लेकर एक अन्य वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी के साथ विवाद के बाद आईजीपी रैंक की अधिकारी डी रूपा का हाल ही में एक बार फिर ट्रांसफर हुआ। सन 2000 में ऑल इंडिया रैंक 43 के साथ यूपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली रूपा का 20 साल में 40 बार से ज्यादा ट्रांसफर हो चुका है। रूपा ने इस साल के पहले दिन कर्नाटक राज्य हस्तशिल्प विकास निगम की प्रबंध निदेशक (MD) का पदभार संभाल लिया। गृह सचिव (कारागार, अपराध और सहायक सेवाएं) पद से रूपा का तबादला 619 करोड़ रुपए की 'बेंगलुरु सेफ सिटी प्रोजेक्ट' को लेकर अधिकारियों में विवाद के परिणाम के तौर पर देखा जा रहा है।

हाल ही में हुए अपने ट्रांसफर पर उन्होंने ट्वीट किया, 'ट्रांसफर सरकारी नौकरी का हिस्सा है। मुझे अपने करियर के सालों की तुलना में दोगुना से अधिक बार स्थानांतरित किया गया है। मुझे पता है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज और पुख्ता कार्रवाई जोखिमों से भरा है। मैं अपना काम जारी जारी रखती हूं, यह पोस्ट या वह पोस्ट, कोई फर्क नहीं पड़ता।' 

रूपा कई बार अपने कामों को लेकर चर्चा मे रही हैं। 2004 में मध्य प्रदेश की तत्कालीन मुख्यमंत्री उमा भारती के खिलाफ कर्नाटक की एक अदालत ने गिरफ्तार करने का वारंट जारी किया था। ये हुबली से जुड़ा मामला था। तब रूपा ही कर्नाटक से भोपाल उन्हें गिरफ्तार करने पहुंची थीं।

शशिकला के बारे में किया खुलासा

इसके अलावा रूपा कर्नाटक में डीआईजी जेल के पद पर रहीं तो 2017 में उन्होंने एआईएडीएमके नेता शशिकला को जेल में वीआईपी सुविधाएं मिलने का खुलासा किया। डी रूपा की रिपोर्ट ने खलबली मचा दी। इसमें उन्होंने कहा था कि जेल के अधिकारियों ने 2 करोड़ रुपए लेकर जेल के अंदर शशिकला के लिए किचन बनवाई। 

कर्नाटक की पहली महिला IPS अफसर

रूपा आईएएस बन सकती थीं, लेकिन उन्होंने पुलिस सर्विस को चुना। वह बेहतरीन भरतनाट्यम डांसर भी हैं और उन्होंने भारतीय संगीत की भी ट्रेनिंग ली है। डी रूपा ने एक कन्नड फिल्म में प्लेबैक सिंगर के रूप में गीत भी गाया है। वह बेहतरीन शार्प शूटर भी हैं। रूपा को 2016 और 2017 में दो बार राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। 2003 में उन्होंने आईआईटी बॉम्बे के पूर्व छात्र और वर्तमान में एक आईएएस अधिकारी मुनीश मौदगिल से शादी की। उनके दो बच्चे हैं। वो कर्नाटक की पहली महिला आईपीएस अफसर भी हैं।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।