लाइव टीवी

'Bharat Jodo Yatra' : पार्टी में नई जान फूंकने की कवायद, ऐसे समझें क्या है कांग्रेस की 'भारत जोड़ो यात्रा' 

Updated Sep 07, 2022 | 14:12 IST

Bharat Jodo Yatra News: लोगों को अपने साथ जोड़ने और महंगाई, बेरोजगारी एवं अन्य मुद्दों पर मोदी सरकार को घेरने के लिए कांग्रेस बुधवार से 'भारत जोड़ो अभियान' की शुरुआत कर रही है। इस पद यात्रा की अगुवाई राहुल गांधी कर रहे हैं। यह यात्रा पांच महीनों तक चलेगी और 12 राज्यों से गुजरेगी।

Loading ...
पांच महीनों तक चलेगी कांग्रेस की 'भारत जोड़ो यात्रा'।
मुख्य बातें
  • कांग्रेस की 3570 किलोमीटर की 'भारत जोड़ो यात्रा' 12 राज्यों से गुजरेगी
  • इस पद यात्रा का नेतृत्व राहुल गांधी करेंगे, उनके साथ करीब 300 लोग चलेंगे
  • यात्रा के दौरान रास्ते में कई जगहों पर आम जनसभा और चौपाल लगाई जाएगी

Bharat Jodo Yatra : देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस अब तक के अपने सबसे बुरे दौर से गुजर रही है। हाल के समय में पार्टी की वरिष्ठ एवं युवा दोनों तबके के नेताओं पर पकड़ ढीली पड़ी है। वरिष्ठ एवं युवा दोनों नेता उसे छोड़कर गए हैं। लंबे समय से कांग्रेस पूर्णकालिक अध्यक्ष के अभाव से गुजर रही है। कांग्रेस छोड़ने वाले नेताओं के अनुसार पार्टी आंतरिक गुटबाजी, खींचतान की शिकार है। हाल ही में पार्टी छोड़ने वाले वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने राहुल गांधी पर गंभीर आरोप लगाए। अन्य नेताओं की तरह आजाद का भी कहना है कि कांग्रेस पहले की तरह नहीं रह गई है। उसका काम करने का तरीका बदल गया है। पार्टी की इन कमजोरियों के बीच कांग्रेस के सामने 2024 का लोकसभा चुनाव है। इस चुनाव के लिए उसने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। 

यात्रा के जरिए राजनीतिक संदेश देने की कोशिश
लोगों से जुड़ने और उन्हें पार्टी से जोड़ने के लिए वह बुधवार से 'भारत जोड़ो यात्रा' की शुरुआत कर रही है। 3570 किलोमीटर की अपनी इस पद यात्रा के दौरान राहुल गांधी जनता के सामने महंगाई, बेरोजगारी, सीमा सुरक्षा एवं अन्य ज्वलंत मुद्दों को उठाएंगे और मोदी सरकार को कठघरे में खड़ा करने की कोशिश करेंगे। इस यात्रा के जरिए कांग्रेस विपक्ष की अन्य पार्टियों को यह राजनीतिक संदेश देने की भी कोशिश करेगी कि वही विपक्ष का मुख्य चेहरा एवं आवाज है। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की यह यात्रा उसमें कितना जोश एवं उत्साह का संचार कर पाती है, यह देखने वाली बात होगी।

इन 20 शहरों से गुजरेगी पदयात्रा

कन्याकुमारी इंदौर
तिरूवनंतपुरम कोटा
कोच्चि दौसा
निलम्बूर अलवर
मैसूर बुलंदशहर
बेल्लारी दिल्ली
रायचूर अंबाला
विकाराबाद पठानकोट
नांदेड़ जम्मू
जलगांव जामोड श्रीनगर

क्या है 150 दिन चलने वाली कांग्रेस की 'भारत जोड़ो यात्रा'
कांग्रेस की इस यात्रा का मकसद बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और सामाजिक ध्रुवीकरण जैसे मुद्दों पर आम लोगों के बीच बहस एवं चर्चा छेड़ने की कोशिश करना है। वह इन मुद्दों पर सरकार की कथित गलत नीतियों को उजागर करेगी और इन मुद्दो पर अपनी राय रखेगी। इस यात्रा की शुरुआत 7 सितंबर से कन्याकुमारी से शुरू होगी। कन्याकुमारी में त्रिवेणी संगम वो जगह है जहां हिन्द महासागर, अरब सागर और बंगाल की खाड़ी का मेल होता है। कन्याकुमारी में राहुल गांधी थिरूवल्लुवर, विवेकानंद एवं कामराज संग्रहालय जाएंगे। कांग्रेस की यह यात्रा कई मायनों में खास है। राहुल बीते चार दशकों में पहले नेता हैं जो कन्याकुमारी से कश्मीर तक की यात्रा कर रहे हैं। कांग्रेस को लगता है कि उसकी यह 'भारत जोड़ो यात्रा' भारतीय राजनीति को बदलने वाली साबित होगी। साथ ही इस यात्रा से पार्टी में एक नया उत्साह, जोश एवं रवानगी आएगी। कांग्रेस को लगता है कि यह यात्रा उसमें नई जान फूंकेगी।

Bharat Jodo Yatra में राहुल गांधी के साथ होगा 'चलता-फिरता गांव', 150 दिन वहीं होगा खाना-सोना; कांग्रेस ने किया है यह बंदोबस्त

किसी होटल में नहीं रुकेंगे राहुल गांधी  
बताया जा रहा है कि 150 दिनों तक चलने वाली इस यात्रा में राहुल गांधी के साथ करीब 300 लोग होंगे। इस यात्रा में राहुल के साथ कांग्रेस के नेता और सिविल सोसायटी के लोग शामिल होंगे। पांच महीने की इस यात्रा के दौरान राहुल गांधी किसी होटल में नहीं रुकेंगे। उनके साथ चलने वाले लोग ही खाने-पीने का इंतजाम करेंगे। यह यात्रा 12 राज्यों से होते हुए गुजरेगी। इस यात्रा के जरिए एक दिन में करीब 22-23 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी। यात्रा सुबह 7 बजे शुरू होकर 10 बजे तक चलेगी फिर यात्रा में कुछ घंटे का विराम दिया जाएगा। इसके बाद यात्रा दिन के 3.30 बजे फिर शुरू होगी जो कि शाम 7 बजे तक चलेगी। 

पद यात्रा की बड़ी बातें

  • इस यात्रा के बारे में जानकारी के लिए कांग्रेस ने  bharatjodoyatra.in. वेबसाइट लॉन्च की है।
  • इस वेबसाइट पर यात्रा से जुड़े हर अपडेट एवं जानकारी मिलेगी।
  • इस यात्रा के बारे में हर अपडेट जानने के लिए आप इस वेबसाइट पर रजिस्टर हो सकते हैं। 
  • यात्रा के दौरान राहुल गांधी एवं उनके साथ चलने वाले लोग कंटेनर में रहेंगे। कंटेनर में उनके लिए बेड, वॉशरूम की व्यवस्था की गई है। 
  • 'भारत जोड़ो यात्रा' 12 राज्यों से गुजरेगी। इस यात्रा का समापन केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में होगा। 
  • लोग इस यात्रा से डिजिटल तरीके से और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों से भी जुड़ सकते हैं। 
  • इस यात्रा से अन्य राजनीतिक दलों के नेता, एक्टिविस्ट, लेखक, कलाकार एवं अन्य हस्तियां जुडे़ंगी। 
  • कई जगहों पर आम जनसभा और चौपाल लगाई जाएगी। यात्रा के लिए स्लोगन तैयार किए गए हैं। 

इस यात्रा से ऐसे जुड़ सकते हैं 
जो कोई भी कांग्रेस के 'भारत जोड़ो यात्रा' से जुड़ना चाहता है, उसे www.bharatjodoyatra.in पर लॉग इन करना होगा। यहां आपको अपना नाम, फोन नंबर और ई-मेल एड्रेस देना होगा। एक बार रजिस्टर होने के बाद आपको इस यात्रा के बारे में हर एक जानकारी मिलती रहेगी। यात्रा से जुड़ी प्रमुख तिथियों एवं कार्यक्रमों की जानकारी इस वेबसाइट पर दी गई है। यही नहीं आप 99 999 80 200 पर मिस्ड कॉल देकर यात्रा के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। 

पद यात्रा को ये दे रहे समर्थन
कांग्रेस की इस यात्रा को समर्थन देने के लिए कई संस्थाएं एवं एक्टिविस्ट सामने आए हैं। इस यात्रा को मजदूर किसान शक्ति संगठन (एमकेएसएस) की सह-संस्थापक अरुणा रॉय, स्वराज अभियान एवं स्वराज पार्टी के प्रमुख योगेंद्र यादव, लेखक एवं एक्टिविस्ट गणेश देवी, महिलावादी लेखिका एवं योजना आयोग की पूर्व सदस्य सईदा हमीद और सफाई कर्मचारी आंदोलन के संस्थापक बेजवाड़ा विल्सन ने अपना समर्थन दिया है। 
 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।