लाइव टीवी

नहीं रहीं मुलायम सिंह यादव की पत्नी साधना गुप्ताः उम्र में थीं 20 साल छोटी, कभी हुआ करती थीं SP की सामान्य सी कार्यकर्ता

अभिषेक गुप्ता | Principal Correspondent
Updated Jul 09, 2022 | 17:03 IST

मुलायम की मां जब अस्पताल में भर्ती थीं, तब साधना की सूझ-बूझ की वजह से उनकी माता जी का जान बच पाई थी। सपा नेता इसी से खासा प्रभावित हुए थे।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspANI
सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता।
मुख्य बातें
  • SP संरक्षक की थीं दूसरी बीवी, फेफड़ों में था इन्फेक्शन
  • 1987 में गुप्ता की कारोबारी से हुई थी शादी, पर दो साल बाद हो गईं अलग
  • मुलायम की मां मूर्ति देवी के चलते साधना जीत पाईं दिल

समाजवादी पार्टी (सपा) के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की पत्नी साधना गुप्ता नहीं रहीं। शनिवार (नौ जुलाई, 2022) को दिल्ली से सटे हरियाणा के गुरुग्राम में उनका निधन हो गया। वह काफी दिनों से बीमार चल रही थीं। शहर के मेदांता अस्पताल में उन्हें "फेफड़े में संक्रमण" के चलते भर्ती कराया गया था।

मुलायम को जैसे ही साधना की तबीयत बिगड़ने की खबर मिली, वह फौरन अस्पताल पहुंचे। बताया जाता है कि इसके थोड़ी देर बाद ही उनके देहांत की सूचना जारी की गई।   

सपा की ओर से इस बाबत दोपहर तीन बजकर 45 मिनट पर एक ट्वीट किया गया। बताया गया, "पार्टी संरक्षक नेता जी की पत्नी साधना यादव की मृत्यु अत्यंत दुखत है। भावपूर्ण श्रद्धांजलि।" मुलायम के बेटे और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने इसे रीट्वीट किया। 

नेता जी से शादी के बाद सियासत से बना लीं दूरियां
साधना, मुलायम की दूसरी बीवी थीं। अखिलेश उनकी सौतेली संतान हैं। मूल रूप से औरेया के बिधूनी की निवासी गुप्ता मुलायम से उम्र में तकरीबन 20 साल छोटी थीं और कभी सपा में सामान्य सी कार्यकर्ता हुआ करती थीं। वैसे, सपा में कभी खासा एक्टिव हुआ करती थीं, पर यादव के साथ शादी के बाद उन्होंने सियासत से दूरियां बना लीं। साधना के भाई भी सपा में सक्रिय थे और विधायक रहे। हालांकि, यूपी विस चुनाव के दौरान उन्होंने बीजेपी का दामन थाम लिया था।  

तलाक के बाद साधना से हुआ था मुलायम का विवाह 
मुलायम की पहली पत्नी मालती देवी थीं। साल 2003 में उनकी मृत्यु के बाद मुलायम ने साधना से विवाह किया था। रोचक बात यह है कि मुलायम से शादी के पहले 1986 में साधना का विवाह यूपी के एक कारोबारी से हुआ था। उनका नाम चंद्र प्रकाश गुप्ता बताया जाता है। उनसे उन्हें एक बेटा भी हुआ। पर बाद में यह शादी न चल सकी और दोनों अलग हो गए।

  

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।