लाइव टीवी

मुंबई में आज से नहीं खुलेंगी शराब की दुकानें, सिर्फ जरूरी सामानों की होगी सप्लाई

Updated May 06, 2020 | 07:50 IST

Mumbai liquor shops: मुंबई में कोरोना वायरस संक्रमण के तेजी से बढ़ते हुए मामलों को देखते हुए दी गईं छूटों को वापस लिया गया है। शहर में आज से केवल किराने और दवा की दुकानों को खोलने की अनुमति दी जाएगी।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspAP
शराब की दुकानों पर उमड़ पड़ी भीड़

नई दिल्ली: मुंबई में आज से शराब की दुकानें बंद रहेंगी क्योंकि मुंबई नगर निगम ने निर्णय लिया है कि शहर में केवल आवश्यक सेवाएं ही खुलेंगी। मंगलवार को मुंबई के नगर आयुक्त प्रवीण परदेशी ने एक आदेश जारी करते हुए कहा कि केवल किराने का सामान, मेडिकल/केमिस्ट शॉप खोलने की अनुमति होगी। 

बृह्नमुंबई महानगर पालिका (BMC) ने शहर में लॉकडाउन के दौरान दी गई छूट को वापस लेने का निर्णय किया है। जारी एक आदेश के अनुसार केवल किराने और दवा की दुकानों को छह मई से खोलने की अनुमति दी जाएगी। इसमें कहा गया है कि महाराष्ट्र सरकार ने कुछ गैर जरूरी सेवाओं को शुरू करने और दुकानों को खोलने की इजाजत दी थी उसे वापस लिया जाता है। इस आदेश में बीएमसी ने कहा कि उसे भय है कि कुछ गैर जरूरी सेवाओं को शुरू करने की इजाजत से मुंबई में कोरोना वायरस संक्रमण के हालात और खराब हो सकते हैं। इसलिए शहर को दी गई रियायतें वापस ली जाती है। 

गौरतलब है कि राज्य सरकार ने सोमवार से शराब की दुकानों सहित अनेक गैर जरूरी सेवाओं को शुरू करने की अनुमति दी थी, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग दुकानों पर पहुंचने लगे और सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन नहीं किया।

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बहुत तेजी से बढ़ रहे हैं। देश में सबसे ज्यादा मामले इसी राज्य से सामने आ रहे है। महाराष्ट्र में भी मुंबई में सबस अधिक केस हैं। मुंबई में कोरोना वायरस के कुल मामलों की संख्या 9,758 हो गई है, जबकि यहां मरने वालों की संख्या 387 हो गई है। वहीं  महाराष्ट्र में कोविड-19 के मामले 15,525 हो गए हैं और अब तक 617 मरीजों की जान जा चुकी है। 2819 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 12089 मरीज अस्पताल में भर्ती है। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।