लाइव टीवी

अयोध्या में धार्मिक हलचल हुई तेज, समारोह में RSS प्रमुख, उमा भारती, रामदेव मौजूद

Updated Aug 05, 2020 | 11:32 IST

Ram Temple Bhoomi Pujan: अयोध्या में राम मंदिर के भूमि पूजन एवं शिलान्यास के लिए लिए धार्मिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। पीएम मोदी राम मंदिर के लिए भूमि पूजन करेंगे।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspANI
अयोध्या में पीएम मोदी करेंगे राम मंदिर के लिए भूमि पूजन।
मुख्य बातें
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों होगा राम मंदिर का भूमि पूजन एवं शिलान्यास
  • इसके साथ ही भव्य एवं दिव्य राम मंदिर के निर्माण की शुरुआत हो जाएगी
  • दीये के प्रकाश से जगमग हैं अयोध्या के मंदिर और घाट, देश मनाएगा 'दीपोत्सव'

अयोध्या : राम मंदिर के भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या पहुंच गए हैं। इसके साथ ही राम नगर में धार्मिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। राम मंदिर के भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी यहां मौजूद हैं। मंदिर अभियान से जुड़े साधु संत कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत, योग गुरु बाबा रामदेव, उमा भारती, साध्वी ऋतंभरा समारोह स्थल पर मौजूद हैं।

'अब देश में राम राज्य आएगा'
योग गुरु बाबा रामदेव ने कहा कि यह हमारा सौभाग्य कि हम इतने बड़े ऐतिहासिक कार्यक्रम का गवाह बन रहे हैं। उन्होंने कहा, 'देश में अब राम राज्य' आएगा। पतंजलि योगपीठ अयोध्या में भव्य 'गुरुकुल' का निर्माण करेगा। इस 'गुरुकुल' में देश दुनिया से आने वाले लोग यहां वेद और आयुर्वेद की पढ़ाई कर सकेंगे। स्वामी अवधेशानंद गिरि ने कहा कि इस समय पूरी दुनिया की नजर भारत पर है। 

मंदिर अभियान को धार देने वाली उमा भारती ने कहा कि अयोध्या ने सभी को एक कर दिया है। उन्होंने कहा, 'अब यह देश पूरी दुनिया में अपना माथा ऊंचा उठा कर कहेगा कि यहां कोई भेदभाव नहीं है।'  

'महायज्ञ का आज होगा समापन'
कोविड-19 का इलाज कराने के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज हुए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, 'अयोध्या में आज पीएम मोदी राम मंदिर का शिलान्यास करेंगे। आज से 500 साल पहले जो महायज्ञ शुरू हुआ था आज उसका समापन हो रहा है। इसके साथ ही पीएम मोदी अब तक के सबसे बड़े नेता बन गए हैं।'

अयोध्या में गजब का उत्साह
राम मंदिर निर्माण को लेकर अयोध्या सहित देश भर में गजब का उत्साह है। लोग राम की भक्ति में लीन है और भगवान राम के नाम का जयकारा लगा रहे हैं। अयोध्या को दुल्हन की तरह सजाया गया है। यहां के घाट एवं मंदिरों पर राम कथा का पाठ और भजन कीर्तन किया जा रहा है। मंगलवार को अयोध्या के घाट एवं मंदिर मिट्टी के दीपक से सजाए गए। रंग-बिरंगे दीपक के प्रकाश में पूरी अयोध्या जगमग हो उठी।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।