लाइव टीवी

PM Narendra Modi Speech: देश को पीएम मोदी का पैगाम, 10 मुख्य बातों पर खास नजर

Updated Jun 30, 2020 | 17:37 IST

PM Narendra Modi address to Nation: पीएम नरेंद्र मोदी ने कोरोना काल में 6वीं बार देश को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अनलॉक में अब लोगों को और ज्यादा सतर्क होने की जरूरत है।

Loading ...
पीएम नरेंद्र मोदी ने कोरोना काल में 6वीं बार देश को किया संबोधित
मुख्य बातें
  • पीएम नरेंद्र मोदी ने अनलॉक को देखते हुए और अधिक सतर्क रहने के लिए कहा
  • गरीबों को मुफ्त खाद्यान्न अब नवंबर तक मिलेगा
  • पीएम मोदी ने कहा कि वन नेशन, वन राशन कार्ड पर काम तेजी से जारी

नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी 30 जून को शाम चार बजे लोगों से सीधे सीधे रूबरू हुए। उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत ही कोरोना के खिलाफ लड़ाई से की। पीएम मोदी ने कहा कि अब जब देश अनलॉक हो चुका है तो आज ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है। लॉकडाउन के दौरान हमने बेहतर तरीके से कोरोना वायरस का सामना किया। हमें कंटेनंमेंट जोन पर खास ध्यान देना होगा। हमें उन लोगों को रोकना टोकना होगा जो नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। आप ने देखा होगा कि एक देश के पीएम पर 13 हजार का जुर्माना लगा. क्योंकि वो बिना मास्क पहने सार्वजनिक जगह पर गए। 

पीएम ने कहा कि कोरोना के खिलाफ लड़ाई में एक और बड़ी बात है जिसने दुनिया को भी हैरान किया है, आश्चर्य में डुबो दिया है।  वो ये कि कोरोना से लड़ते हुए भारत में, 80 करोड़ से ज्यादा लोगों को 3 महीने का राशन, यानि परिवार के हर सदस्य को  5 किलो गेहूं या चावल मुफ्त दिया गया। पीएम मोदी के संबोधन की 10 बिंदुओं को आपके सामने रखेंगे जो आप सबको जानना जरूरी है।

पीएम मोदी के संबोधन की 10 बड़ी बातें

  1. बीते तीन महीनों में 20 करोड़ गरीब परिवारों के जनधन खातों में सीधे 31 हजार करोड़ रुपए जमा करवाए गए हैं।   इस दौरान 9 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18 हजार करोड़ रुपए जमा हुए हैं। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के इस विस्तार में 90 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च होंगे। अगर इसमें पिछले तीन महीने का खर्च भी जोड़ दें तो ये करीब-करीब डेढ़ लाख करोड़ रुपए हो जाता है:
  2. देश हो या व्यक्ति, समय पर फैसले लेने से, संवेदनशीलता से फैसले लेने से,  किसी भी संकट का मुकाबला करने की शक्ति बढ़ जाती है।  इसलिए, लॉकडाउन होते ही सरकार, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना लेकर आई।
  3. लॉकडाउन के दौरान देश की सर्वोच्च प्राथमिकता रही कि ऐसी स्थिति न आए कि किसी गरीब के घर में चूल्हा न जले।  केंद्र सरकार हो, राज्य सरकारें हों, सिविल सोसायटी के लोग हों, सभी ने पूरा प्रयास किया कि इतने बड़े देश में हमारा कोई गरीब भाई-बहन भूखा न सोए।
  4. हम सारी एहतियात बरतते हुए Economic Activities को और आगे बढ़ाएंगे। हम आत्मनिर्भर भारत के लिए दिन रात एक करेंगे। हम सब ‘लोकल के लिए वोकल’ होंगे। इसी संकल्प के साथ हम 130 करोड़ देशवासियों को मिलजुल कर के, संकल्प के साथ काम भी करना है, आगे भी बढ़ना है।
  5. आपने ईमानदारी से टैक्स भरा है, अपना दायित्व निभाया है, इसलिए आज देश का गरीब, इतने बड़े संकट से मुकाबला कर पा रहा है।मैं आज हर गरीब के साथ ही, देश के हर किसान, हर टैक्सपेयर का ह्रदय से बहुत बहुत अभिनंदन करता हूं, उन्हें नमन करता हूं।
  6. अब पूरे भारत के लिए एक राशन-कार्ड की व्यवस्था भी हो रही है यानि एक राष्ट्र, एक राशन कार्ड ‘one nation one ration card’। इसका सबसे बड़ा लाभ उन गरीब साथियों को मिलेगा, जो रोज़गार या दूसरी आवश्यकताओं के लिए अपना गाँव छोड़कर के कहीं और जाते हैं।
  7. त्योहारों का ये समय, जरूरतें भी बढ़ाता है, खर्चे भी बढ़ाता है। इन सभी बातों को ध्यान में रखते हुए ये फैसला लिया गया है कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना का विस्तार अब दीवाली और छठ पूजा तक, यानि नवंबर महीने के आखिर तक कर दिया जाए।
  8. एक तरह से देखें तो, अमेरिका की कुल जनसंख्या से ढाई गुना अधिक लोगों को, ब्रिटेन की जनसंख्या से 12 गुना अधिक लोगों को, और यूरोपियन यूनियन की आबादी से लगभग दोगुने से ज्यादा लोगों को हमारी सरकार ने मुफ्त अनाज दिया है।
  9. जब से देश में Unlock-One हुआ है, व्यक्तिगत और सामाजिक व्यवहार में लापरवाही भी बढती ही चली जा रही है । पहले हम मास्क को लेकर, दो गज की दूरी को लेकर, 20 सेकेंड तक दिन में कई बार हाथ धोने को लेकर बहुत सतर्क थे।
  10. कोरोना वैश्विक महामारी के खिलाफ लड़ते हुए अब हम Unlock-Two में प्रवेश कर रहे हैं। और हम उस मौसम में भी प्रवेश कर रहे हैं जहां सर्दी-जुखाम, खांसी-बुखार ये सारे न जाने क्या क्या होता है , के मामले बढ़ जाते हैं। 

पीएम मोदी ने कहा कि ये बात सही है कि अगर कोरोना से होने वाली मृत्यु दर को देखें तो दुनिया के अनेक देशों की तुलना में भारत संभली हुई स्थिति में है। समय पर किए गए लॉकडाउन और अन्य फैसलों ने भारत में लाखों लोगों का जीवन बचाया है। लेकिन कोरोना के खिलाफ लड़ाई में अब और अधिक सतर्क होकर आगे बढ़ने की आवश्यकता है। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।