लाइव टीवी

खुदरा महंगाई पर प्रियंका का सरकार पर वार, बोलीं-गरीब जनता खाएगी क्या?

Updated Jan 14, 2020 | 15:41 IST

Priyanka Gandhi : खुदरा महंगाई दर में वृद्धि होने पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। प्रियंका ने मंगलवार को कहा कि जरूरत की वस्तुएं आम आदमी की पहुंच से बाहर हो गई हैं।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspANI
महंगाई को लेकर प्रियंका ने सरकार पर निशाना साधा।

नई दिल्ली : कांग्रेस महसचिव प्रियंका गांधी ने महंगाई को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली सरकार पर निशाना साधा है। प्रियंका ने मंगलवार को कहा कि आम लोगों की पहुंच से सब्जियां और जरूरत की वस्तुएं दूर हो गई हैं। यहां तक कि आर्थिक मंदी के चलते लोगों को रोजगार नहीं मिल पा रहा है और महंगाई से आम जनता त्रस्त हो गई है। बता दें कि हाल के दिनों में खुदरा महंगाई दर में वृद्धि हुई है जिससे रोजमर्रा की वस्तुएं महंगी हो गई हैं।

प्रियंका ने अपने एक ट्वीट में कहा, 'आम लोगों की पहुंच से सब्जियां और जरूरत की वस्तुएं बाहर हो गई हैं। सब्जियां, तेल, दाल और आटा की कीमत इतनी ज्यादा हो गई है कि गरीब आदमी खाएगा क्या? आर्थिक मंदी के चलते गरीब जनता को रोजगार नहीं मिल पा रहा है। भाजपा की सरकार ने गरीबों का जेब ही नहीं काटा है बल्कि उनकी पेट पर भी लात मारी है।' कांग्रेस महासचिव का यह बयान ऐसे समय आया है जब खुदरा महंगाई दर गत दिसंबर में बढ़कर 7.35 हो गई है।

हाल के दिनों कांग्रेस महासचिव सरकार की आलोचना करने में ज्यादा मुखर हुई हैं। उन्होंने नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ हुए प्रदर्शनों के दौरान मारे गए लोगों के परिजनों से मुलाकात की है। प्रियंका ने सरकार पर लोकतंत्र की हत्या करने का आरोप लगाया है। गत दिनों प्रियंका पीड़ित परिवारों से मिलने के लिए मेरठ गईं लेकिन पुलिस ने उन्हें मेरठ हाईवे से ही वापस दिल्ली भेज दिया। प्रियंका के साथ कांग्रेस नेता एवं उनके भाई राहुल गांधी भी थे।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।