लाइव टीवी

संसद में हो सकती है प्रियंका गांधी की एंट्री, बन सकती हैं राज्यसभा सांसद

Updated Feb 17, 2020 | 11:03 IST

Priyanka Gandhi: प्रियंका गांधी वाड्रा की राज्य सभा के माध्यम से संसद में एंट्री हो सकती है। कांग्रेस में इस पर विचार चल रहा है। उनके छत्तीसगढ़ से राज्य सभा जाने की संभावना है।

Loading ...
प्रियंका के छत्तीसगढ़ से राज्य सभा जाने की संभावना है

नई दिल्ली: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को लेकर बड़ी खबर आ रही है। उनका जल्द ही संसद में प्रवेश हो सकता है। वो राज्य सभा से संसद में एंट्री कर सकती हैं। अगर सूत्रों की माने तो उनके छत्तीसगढ़ से राज्य सभा जाने की संभावना है। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने-अपने राज्यों से प्रियंका को राज्य सभा भेजने की इच्छा जाहिर की है। हालांकि इस पर अभी कुछ भी फाइनल नहीं हुआ है। प्रियंका का पक्ष भी सामने नहीं आया है। 

प्रियंका गांधी ने 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले सक्रिय चुनावी राजनीति में प्रवेश किया और पूर्वी उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की प्रभारी रहीं। हालांकि उन्होंने अभी तक कोई चुनाव नहीं लड़ा है। प्रियंका  वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ने की इच्छुक थीं, लेकिन उन्हें आगे बढ़ने के लिए पार्टी की अनुमति नहीं मिली।

पार्टी के पास उच्च सदन में एक बड़ी आवाज की कमी है और प्रियंका गांधी इस कमी को पूरा कर सकती है। लोकसभा में राहुल गांधी हैं। लेकिन इससे पार्टी को वंशवाद को बढ़ावा देने के आरोप का सामना करना पड़ सकता है। लोकसभा चुनावों के दौरान, यह स्पष्ट था कि वह अमेठी से बाद में उपचुनाव लड़ेगी, लेकिन राहुल गांधी को वहां से हार मिल गई। हालांकि वो केरल के वायनाड से जीत गए।

और भी नेताओं को मिल सकता है मौका
2019 के लोकसभा चुनावों में गुना से अपनी सीट हारने वाले ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित उच्च सदन के लिए और भी युवा नेताओं के लिए विचार किया जा रहा है। राहुल गांधी के करीबी मिलिंद देवड़ा और राजीव सातव को महाराष्ट्र से जगह मिल सकती है, और जितिन प्रसाद बिहार से आ सकते हैं।

अप्रैल में राज्य सभा के लिए चुनाव होने हैं। इस वर्ष कुल 18 कांग्रेस राज्यसभा सदस्य सेवानिवृत्त होने वाले हैं। अप्रैल में छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान जैसे कांग्रेस शासित राज्यों में रिक्तियां आएंगी। मोतीलाल वोहरा, दिग्विजय सिंह, कुमारी शैलजा, मधुसूदन मिस्त्री और हुसैन दलवई जैसे सीनियर अप्रैल में रिटायर होने वाले हैं।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।