लाइव टीवी

पंजाब के बाद हरियाणा में ट्रैक्टर रैली करेंगे राहुल गांधी, विज ने कहा है-राज्य में घुसने नहीं देंगे

Updated Oct 05, 2020 | 08:26 IST

Congress Farm Bills Protest: राहुल गांधी पंजाब के देवीगढ़ सीमा की तरफ से हरियाणा में दाखिल होने की कोशिश करेंगे। हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा है कि वह राहुल को राज्य में आने की इजाजत नहीं देंगे।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspPTI
अब हरियाणा में ट्रैक्टर रैली करेंगे राहुल गांधी।
मुख्य बातें
  • कृषि सुधार कानूनों के खिलाफ देश भर में विरोध-प्रदर्शन कर रही है कांग्रेस
  • पंजाब के बाद हरियाणा में ट्रैक्टर रैली करने की राहुल गांधी की है योजना
  • राहुल की इस यात्रा को देखते हुए हरियाणा के कांग्रेस नेताओं ने की है बैठक

नई दिल्ली : कृषि सुधार कानूनों के खिलाफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी पंजाब के बाद हरियाणा में दो दिन की ट्रैक्टर रैली करेंगे। राहुल रविवार को पंजाब में ट्रैक्टर रैली में शरीक हुए। कृषि सुधार कानूनों के खिलाफ कांग्रेस देश भर में विरोध-प्रदर्शन कर रही है। अपने विरोध के इस क्रम में कांग्रेस नेता हरियाणा पहुंचने वाले हैं और छह और सात अक्टूबर को ट्रैक्टर रैली में शरीक होंगे। सूत्रों का कहना है कि पंजाब के देवीगढ़ सीमा की तरफ से राहुल हरियाणा में दाखिल होने की कोशिश करेंगे। राहुल गांधी की इस यात्रा को देखते हुए हरियाणा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने रविवार को बैठक और अपनी तैयारियों की समीक्षा की। 

राहुल की यात्रा को देखते हुए कांग्रेस नेताओं की हुई बैठक
इस बैठक में हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी विवेक बंसल, प्रदेश अध्यक्ष कुमारी शैलजा, नेता प्रतिपक्ष भूपिंदर सिंह हुड्डा और वरिष्ठ नेता किरण चौधरी तथा अजय सिंह यादव बैठक में शरीक हुए। बैठक के बाद शैलजा ने कहा, 'राहुल गांधी की यह यात्रा किसानों की लड़ाई में मील का पत्थर साबित होगी। राहुल गांधी छह और सात अक्टूबर को हरियाणा के दो दिवसीय दौरे पर होंगे। पहले दिन उनकी रैली पंजाब सीमा से हरियाणा के पिहोवा में प्रवेश करेगी। पिहोवा में वह जनसभा को संबोधित करेंगे।'  हालांकि, हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज पहले ही कह चुके हैं कि वह राहुल गांधी की ट्रैक्टर रैली को प्रदेश में घुसने की इजाजत नहीं देंगे।

अभी पंजाब में हैं राहुल गांधी
उन्होंने कहा, 'इसके बाद राहुल गांधी कुरुक्षेत्र जाएंगे और एक रात वहां ठहरेंगे। अगली सुबह पीपली मंडी से उनकी यात्रा शुरू होगी, जहां से वह नीलोखेड़ी जाएंगे। इसके बाद वह करनाल जाएंगे, जहां से ट्रैक्टर रैली शुरू होगी।' शैलजा ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस के अन्य नेता आम लोगों, मजदूरों एवं किसानों के मुद्दों को उठाते रहे हैं।

किसानों के प्रदर्शन को धार दे रही कांग्रेस 
कांग्रेस नेता ने कहा, 'राहुल गांधी और प्रियंका गांधी शनिवार को जिस तरह से हाथरस गए और दलित परिवार की पीड़ा समझी और उनका दर्द बांटा उसी तरह राहुल किसानों का दर्द बांटने के लिए हरियाणा आएंगे। सरकार किसानों की समस्या समझना नहीं चाहती।' पूर्व मुख्यमंत्री हुडा ने कहा कि नए कृषि कानून किसानों के हित में नहीं हैं।  उन्होंने कहा, 'इन काले कानूनों के खिलाफ विरोध जताने के लिए राहुल गांधी हरियाणा आ रहे हैं।'

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।