लाइव टीवी

दिल्ली के मुंडका में भीषण आग पर प्रतिक्रिया: राष्ट्रपति, PM समेत कई नेताओं ने दुख व्यक्त करते हुए कही ये बात

Updated May 14, 2022 | 00:21 IST

देश की राजधानी दिल्ली के पश्चिमी इलाके में मुंडका मेट्रो स्टेशन के पास इमारत में आग लगने से कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे पर राष्ट्रपति प्रधानमंत्री समेत देश भर के कई नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है। जानिए किसने क्या कहा।

Loading ...
मुंडका में आग पर प्रतिक्रिया
मुख्य बातें
  • दिल्ली के मुंडका में तीन मंजिला कॉमर्शियल इमारत में आग लगी।
  • इस हादसे में 27 लोगों की मौत हो गई और 50 ज्यादा घायल हो गए।
  • राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, सीएम केजरीवाल समेत कई नेताओं गहरा दुख व्यक्त किया।

नई दिल्ली : देश की राजधानी दिल्ली के पश्चिमी इलाके में मुंडका मेट्रो स्टेशन के पास स्थित तीन मंजिला कॉमर्शियल इमारत में शुक्रवार (13 मई) शाम आग लग गई जिससे इस हादसे में कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हालांकि पुलिस ने बताया कि इमारत से 50 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। यह आग मुंडका मेट्रो स्टेशन के पिलर नंबर 544 के निकट लगी। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने रात 10 बजकर 50 मिनट पर ट्वीट किया कि आग पर काबू पा लिया गया है। इस हादसे के बाद राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राहुल गांधी ने गहरा दुख व्यक्त किया। मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई।

  1. राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने दिल्ली में मुंडका मेट्रो स्टेशन के पास एक इमारत में आग की घटना पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि दिल्ली में मुंडका मेट्रो स्टेशन के पास एक इमारत में हुए भीषण आग हादसे से व्यथित हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
  2. उपराष्ट्रपति सचिवालय ने नायडू के हवाले से ट्वीट कर कहा कि नई दिल्ली स्थित मुंडका में भीषण आग लगने से हुई कई लोगों की मौत की खबर सुनकर दुखी हूं। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
  3. पीएम मोदी ने कहा कि दिल्‍ली में भीषण आग के कारण लोगों की मौत से बेहद दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। साथ ही पीएम ने कहा कि दिल्ली में आग में जान गंवाने वालों के परिजनों को PMNRF की ओर से दो-दो लाख रुपये दिए जाएंगे। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
  4. गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया कि दिल्ली के मुंडका में आग लगने की घटना बहुत दुःखद है। मैं सम्बंधित अधिकारियों से लगातार संपर्क में हूं, प्रशासन राहत व बचाव कार्य में जुटा है। NDRF भी वहां शीघ्र पहुंच रही है। लोगों को वहां से निकालना व घायलों को तुरंत उपचार देना हमारी प्राथमिकता है।
  5. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर कहा कि दिल्ली के मुंडका में बेहद भीषण आग लीष मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने इस त्रासदी में अपनों को खोया है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
  6. वित्त मंत्री निमर्ला सीतारमण ने कहा कि दिल्ली के मुंडका में एक इमारत में आग लगने की चौंकाने वाली खबर है। जिसमें कई लोगों की मौत हो गई।
  7. सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपना दुख और संवेदना व्यक्त करती हूं। उम्मीद है कि घायल जल्द ठीक हो जाएंगे।
  8. विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि दिल्ली के मुंडका में भीषण आग की खबर से दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
  9. केन्द्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया है। पुरी ने ट्वीट किया कि दिल्ली के मुंडका में आग लगने की घटना में लोगों के जान गंवाने से बेहद दुखी हूं। मैं पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ्य होने की कामना करता हूं।
  10. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पश्चिमी दिल्ली के मुंडका इलाके में एक इमारत में आग लगाने की घटना में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया और कहा कि वह लगातार अधिकारियों के संपर्क में हैं। केजरीवाल ने ट्वीट किया कि इस दुखद घटना के बारे में जानकर स्तब्ध हूं और पीड़ा में हूं। मैं अधिकारियों के लगातार संपर्क में हूं। हमारे बहादुर दमकलकर्मी आग को काबू में करने और जिंदगियों को बचाने की कोशिश में लगे हुए हैं।
  11. दिल्ली सरकार के मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि मुंडका में आग लगने की दुःखद घटना के बारे में सुनकर स्तब्ध हूं। घटनास्थल पर पहुंचकर अग्निशमन अधिकारियों इलाके का मुआयना किया। आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया है। इस दुःखद घटना में 27 लोगों की जान गई है। राहत एवं बचाव का कार्य जारी है। भगवान दिवंगत आत्मा को शांति दे।
  12. दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने कहा कि मुंडका में आग की दुर्घटना बहुत दुखद है। दिल्ली सरकार इस हादसे में जान गंवाने वाले हर व्यक्ति के परिवार के दुख में उनके साथ खड़ी रहेगी। सारे घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
  13. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि मुंडका मेट्रो स्टेशन के पास दिल्ली में लगी आग में लोगों की दर्दनाक मौत से आहत हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
  14. कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा कि मुंडका आग हादसे की खबर सुनकर मन को भारी दुख पहुंचा। मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि घायलों को जल्द स्वास्थ्य लाभ मिले।
  15. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि दिल्ली में आज एक भीषण आग की घटना में अचानक बड़ी संख्या में लोगों की जान जाने की खबर से अत्यंत स्तब्ध और दुखी हूं। पीड़ितों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करती हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।
  16. कैप्टन अमरिंदर सिंह ने ट्वीट किया कि दिल्ली में एक व्यावसायिक इमारत में भीषण आग की खबर से अत्यंत दुखी हूं, जिसमें 25 से अधिक लोग मारे गए और कई घायल हो गए। घायलों के शीघ्र और पूर्ण स्वास्थ्य लाभ और दिवंगत आत्माओं को चिर शांति प्रदान करने के लिए वाहेगुरु जी से प्रार्थना करता हूं।

पुलिस ने बताया कि इमारत से 50 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला गया है तथा कुछ और लोगों के इमारत में फंसे होने की आशंका है, सर्च ऑपरेशन जारी है। दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार आग लगने की सूचना उन्हें शाम 4.45 बजे मिली जिसके बाद 30 से अधिक दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। इससे आग पर काबू पाने में मदद मिली।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।