लाइव टीवी

आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव 'आर्थराइटिस' से हैं पीड़ित, नहीं चल-फिर पा रहे हैं ज्यादा

Updated Aug 17, 2019 | 22:51 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

लालू प्रसाद यादव चारा घोटाला मामले में 14 साल की सजा काट रहे हैं उनका इलाज कर रहे डॉक्टर ने बताया कि लालू यादव आर्थराइटिस से पीड़ित हैं।  

Loading ...
डॉक्टर ने बताया कि लालू यादव आर्थराइटिस से पीड़ित हैं
मुख्य बातें
  • लालू चारा घोटाला मामले में 14 साल जेल की सजा काट रहे हैं
  • लालू प्रसाद आर्थराइटिस से पीड़ित हैं, इसीलिए वह ज्यादा चल-फिर नहीं पा रहे हैं
  • लालू प्रसाद यादव राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (RIMS) में भर्ती हैं

रांची Lalu Yadav Health Update: राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद आर्थराइटिस से पीड़ित हैं, इसीलिए वह ज्यादा चल-फिर नहीं पा रहे हैं। उनका इलाज कर रहे डाक्टर ने जानकारी दी। राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (RIMS) में उनका इलाज कर रहे डॉ. डी.के. झा ने कहा,'लालू प्रसाद आर्थराइटिस से पीड़ित हैं। यद्यपि यहां टहलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं है, फिर भी हम उन्हें टहलने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्हें कई अन्य बीमारियां हैं।'

लालू प्रसाद चारा घोटाला मामले में 14 साल जेल की सजा काट रहे हैं।तबीयत खराब होने की वजह से वह पिछले एक साल से रिम्स में इलाज करा रहे हैं। 31 अगस्त को उन्हें यहां एक साल हो जाएगा।

झा ने कहा कि वह निर्धारित भोजन ले रहे हैं, उनकी तरह से और कोई विशेष मांग नहीं की गई है। हर शनिवार को लालू प्रसाद से तीन लोग अस्पताल में मिल सकते हैं। इस शनिवार को लालू के रिश्तेदार विमल यादव और दो अन्य लोग उनसे मिले।

गौरतलब है कि चारा घोटाले में सजा काट रहे बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (रिम्स) में भर्ती हैं।  पिछले साल सितंबर में रिम्स के निदेशन, आरके श्रीवास्तव ने कहा था कि उन्हें (लालू यादव) हाइपरटेंशन और थोड़ी बहुत डिप्रेशन है।

हालांकि उन्होंने कहा कि लालू की हालत स्थिर है। लालू यादव ने रांची में सीबीआई की विशेष अदालत के समक्ष 30 अगस्त को आत्मसमर्पण किया था। उसी दिन, उन्हें इलाज के लिए बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार से रिम्स ले जाया गया था।

अब लालू की हालत पर राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, रांची के निदेशक, आर के श्रीवास्तव ने कहा, 'उन्हें (लालू यादव) उच्च रक्तचाप और थोड़ा अवसाद है। उनकी हालत स्थिर है। कभी-कभी बीमारी और पर्यावरण के परिवर्तन के कारण अवसाद होता है, बाकी कुछ भी बड़ा नहीं है। उन्हें शिफ्ट करने की आवश्यकता नहीं है।' 

लालू दिसंबर 2017 में चारा घोटाले के एक मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद से रांची की बिरसा मुंडा सेंट्रल जेल में हैं। इसके बाद उन्हें इस साल जनवरी और मार्च में दो और मामलों में दोषी ठहराया गया और 14 साल कारावास की सजा सुनाई गई। लालू को 2013 में पहले चारा घोटाले मामले में दोषी पाया गया था और उन्हें पांच साल जेल की सजा सुनाई गई थी।

लालू को हाल ही मिली थी थोड़ी राहत
अभी पिछले महीने आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव को चारा घोटाले से जुड़े एक मामले में झारखंड हाई कोर्ट से जमानत मिल गई थी। देवघर कोषागार मामले में लालू को 3.5 साल की सजा हुई थी। चारा घोटाला के देवघर कोषागार से संबंधित मामले में आरजेडी नेता लालू प्रसाद यादव को झारखंड हाई कोर्ट ने जमानत दे दी थी। उन्हें इस मामले में साढ़े तीन साल जेल की सजा सुनाई गई थी। 

करोड़ों रुपए के चारा घोटाले से जुड़े तीन अन्य मामलों में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री को अलग-अलग सजा सुनाई हुई हैं। जमानत मिलने के बाद भी लालू का जेल से बाहर आना मुश्किल है, क्योंकि उन्हें बाकी मामलों में भी जमानत लेनी होगी। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।