लाइव टीवी

शिंजो आबे का निधन, पीएम मोदी ने की राष्ट्रीय शोक की घोषणा, हुए भावुक- हैरान और दुखी हूं, मेरे पास शब्द नहीं 

Updated Jul 08, 2022 | 17:19 IST

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैं हैरान और दुखी हूं और इसे व्यक्त करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। साथ ही उन्होंने आबे के सम्मान में 9 जुलाई को भारत में एक दिवसीय राष्ट्रीय शोक की घोषणा की।

Loading ...
शिंजो आबे की हत्या पर पीएम मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया।

नई दिल्ली: जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे का 08 जुलाई 2022 को निधन हो गया। देश के पश्चिमी हिस्से में चुनाव प्रचार के एक कार्यक्रम में भाषण के दौरान उन्हें गोली मार दी गई थी। गंभीर रूप से घायल आबे को विमान से एक अस्पताल ले जाया गया। बाद में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। दिवंगत गणमान्य व्यक्ति के सम्मान में भारत सरकार ने निर्णय लिया है कि शनिवार को पूरे भारत में एक दिन का राष्ट्रीय शोक होगा। पूरे भारत में शोक के दिन राष्ट्रीय ध्वज उन सभी भवनों पर आधा झुका रहेगा जहां राष्ट्रीय ध्वज नियमित रूप से फहराया जाता है और उस दिन कोई आधिकारिक मनोरंजन नहीं होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आबे के सम्मान में 9 जुलाई को भारत में एक दिवसीय राष्ट्रीय शोक की घोषणा की।

ट्विटर पर अपनी भावुक प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जापान के उनके पिछले दौरे पर उनकी मुलाकात आबे से हुई थी और इस दौरान उन्होंने कई सारे मुद्दों पर चर्चा की थी। उन्होंने कहा कि वह हमेशा की तरह विनोद और अंतर्दृष्टि से परिपूर्ण थे। मुझे तनिक भी अंदाजा नहीं था कि यह हमारी आखिरी मुलाकात होगी। उनके परिजनों और जापान की जनता के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। प्रधानमंत्री ने आबे के साथ टोक्यो में हुई अपनी आखिरी मुलाकात से संबंधित एक तस्वीर भी शेयर की।

पीएम मोदी ने कहा कि मेरे प्रिय मित्रों में शुमार शिंजो आबे के दुखद निधन से मैं हैरान और दुखी हूं और इसे व्यक्त करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। वह एक शीर्ष वैश्विक राजनेता, एक उत्कृष्ट नेता और एक अद्भुत प्रशासक थे। उन्होंने जापान और विश्व को एक बेहतर स्थान बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। मोदी ने कहा कि आबे के साथ उनके वर्षों पुराने संबंध रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब मैं गुजरात का मुख्यमंत्री था, तब से मैं उन्हें जानता था और हमारी दोस्ती मेरे प्रधानमंत्री बनने के बाद भी जारी रही। अर्थव्यवस्था और वैश्विक मामलों पर उनकी तीक्ष्ण अंतर्दृष्टि ने मुझ पर गहरी छाप छोड़ी।

मोदी ने कहा कि आबे ने भारत-जापान संबंधों को विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी के स्तर पर ले जाने में अहम योगदान दिया। उन्होंने कहा कि आज जापान के साथ पूरा भारत भी उनके निधन से शोक में डूब गया है। हम दुख की इस घड़ी में अपने जापानी भाइयों और बहनों के साथ मजबूती से खड़े हैं। मोदी ने कहा कि जापान के उनके पिछले दौरे पर उनकी मुलाकात आबे से हुई थी और इस दौरान उन्होंने कई सारे मुद्दों पर चर्चा की थी।

Shinzo Abe Death: शिंजो आबे का हत्यारा गिरफ्तार, बताया क्यों मारी गोली, जापान की सेना में कर चुका है नौकरी

इससे पहले, जब आबे को गोली मारे जाने की जानकारी सामने आई थी, तो मोदी ने एक ट्वीट कर कहा था कि वह इससे व्यथित हैं। उन्होंने आबे के जल्द स्वस्थ होने की कामना की थी। उन्होंने एक ट्वीट में कहा कि मेरे प्रिय मित्र शिंजो आबे पर हमले की खबर सुनकर व्यथित हूं। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके, उनके परिजनों और जापान की जनता के साथ हैं।

आबे 2020 में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण इस्तीफा देने से पहले, देश के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहे। आबे जापान के सबसे शक्तिशाली और प्रभावी नेताओं में शुमार थे। देश के पश्चिमी हिस्से में चुनाव प्रचार के एक कार्यक्रम में भाषण के दौरान शुक्रवार को उन्हें गोली मार दी गई थी। गंभीर रूप से घायल आबे को विमान से एक अस्पताल ले जाया गया। बाद में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

PM नरेंद्र मोदी की काशी से शिंजो आबे का था खास नाताः माथे पर तिलक, हाथ में थाल ले तब की थी मां गंगा की आरती, देखें- VIDEO

जापान के सरकारी प्रसारणकर्ता एनएचके ने घटना का एक फुटेज प्रसारित किया है, जिसमें नारा में एक मुख्य ट्रेन स्टेशन के बाहर आबे को भाषण देते हुए देखा गया। जब गोली चलने की आवाज सुनी गयी तो आबे खड़े थे, उन्होंने गहरे नीले रंग के कपड़े पहने हुए थे और अपनी मुठ्ठी उठा रहे थे। इसके बाद फुटेज में आबे को सड़क पर गिरते और कई सुरक्षाकर्मियों को उनकी ओर भागते देखा गया। उन्होंने अपने सीने पर हाथ रखा हुआ था और उनकी कमीज पर खून लगा हुआ था।
 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।