लाइव टीवी

राहुल गांधी से मुलाकात के बाद बोले संजय राउत- कांग्रेस के बिना विपक्ष संभव नहीं, BJP के खिलाफ एक ही मोर्चा होना चाहिए

Updated Dec 07, 2021 | 20:32 IST

Sanjay Raut-Rahul Gandhi Meet: शिवसेना नेता संजय राउत ने मंगलवार शाम को कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात की और बाद में कहा कि कांग्रेस के बिना कोई विपक्षी मोर्चा नहीं हो सकता।

Loading ...
राहुल गांधी और संजय राउत की हुई मुलाकात
मुख्य बातें
  • कांग्रेस के बिना नहीं हो सकता विपक्ष का मोर्चा: राहुल गांधी
  • विपक्षी दलों को साथ लाने के लिए राहुल गांधी को आगे आकर काम करना चाहिए: राउत
  • राहुल गांधी आने वाले समय में मुंबई का दौरा करेंगे: शिवसेना नेता

नई दिल्ली: शिवसेना नेता संजय राउत ने आज कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बिना विपक्ष का मोर्चा संभव नहीं है। विपक्षी मोर्चे का चेहरा चर्चा का विषय हो सकता है। राहुल गांधी जल्द ही मुंबई जाएंगे। विपक्ष का एक ही मोर्चा होना चाहिए। जब संजय राउत से जब पूछा गया कि क्या शिवसेना यूपीए में शामिल होगी? तो उन्होंने कहा कि यह एक लंबी मुलाकात थी (कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ), मैं पहले उद्धव ठाकरे से मिलूंगा और फिर हम इसके बारे में बात करेंगे। 

शिवसेना सांसद ने कहा कि भाजपा के खिलाफ केवल एक विपक्षी मोर्चा होना चाहिए। कांग्रेस के बिना विपक्षी मोर्चा संभव नहीं है। दो-तीन मोर्चों का क्या मतलब है? इससे बीजेपी को फायदा होगा। यह पूछे जाने पर कि क्या विपक्षी दलों को 2024 के आम चुनाव के लिए रणनीति बनाने के लिए एक साथ बैठना चाहिए तो राउत ने कहा कि मैंने राहुल गांधी को उस पर नेतृत्व करने के लिए कहा है। उन्होंने आगे कहा कि कौन मोर्चे का नेतृत्व करता है, यह सभी पार्टियों को एक साथ बैठकर फैसला करना है। 

संजय राउत का ये बयान इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि हाल ही में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सामने आकर कांग्रेस और उसके नेतृत्व पर सवाल उठाया था। उन्होंने कहा था कि यूपीए तो अब नहीं है। 

राउत ने यह भी कहा कि सभी विपक्षी दलों को एकजुट होना चाहिए और राहुल गांधी को आगे काम करना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि कांग्रेस के सिवाय एकजुटता नहीं हो सकती। विपक्ष का एक ही मोर्चा होना चाहिए। नेता के बारे में बैठकर चर्चा कर लीजिए। लेकिन तीन-चार मोर्चे नहीं हो सकते। राउत ने यह भी बताया कि राहुल गांधी आने वाले समय में मुंबई का दौरा करेंगे और अगर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री कामकाज कर रहे होंगे तो दोनों की मुलाकात भी हो सकती है। ठाकरे इन दिनों रीढ़ की हड्डी से जुड़ी सर्जरी कराने के बाद स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।

 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।