लाइव टीवी

बहुत धोखा खा चुके हैं, सपा के साथ नहीं जाएंगे- अखिलेश पर फिर भड़के चाचा शिवपाल; बताया एक ही लक्ष्य- 2024 में चाहिए सत्ता

Updated Sep 10, 2022 | 18:01 IST

प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के नेता शिवपाल यादव ने 2024 के चुनाव से पहले ही अखिलेश यादव को झटका दे दिया है। उन्होंने कहा है कि अब सपा के साथ किसी भी कीमत पर गठबंधन नहीं होगा।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspBCCL
अखिलेश पर फिर भड़के शिवपाल यादव
मुख्य बातें
  • विधानसभा चुनाव में सपा के साथ शिवपाल यादव ने किया था गठबंधन
  • हार के बाद शिवपाल और अखिलेश के बीच हो गया था मनमुटाव
  • कई बार दे चुके हैं बीजेपी के साथ जाने के संकेत

इसी साल हुए यूपी विधानसभा चुनाव के बाद से समाजवादी पार्टी का कुनबा लगातार टूट रहा है। केशव देव मौर्य, ओम प्रकाश राजभर और शिवपाल यादव सपा के कुनबे से अलग हो चुके हैं। जिसके कारण अखिलेश यादव लगातार कमजोर हुए हैं, लेकिन अब शिवपाल यादव ने जो कहा है उससे उन्होंने अपनी 2024 तक की रणनीति को साफ कर दिया है और इससे अखिलेश को जरूर झटका लगेगा।

शिवपाल यादव ने कहा है कि समाजवादी पार्टी ने उन्हें कई बार धोखा दिया है। शिवपाल सिंह यादव ने साफ शब्दों में कहा कि अब वह भविष्य में सपा से कोई समझौता नहीं करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने अपने भविष्य को लेकर भी संकेत दे दिए। उन्होंने कहा कि उनका एक ही लक्ष्य है कि 2024 में वो सत्ता में हों। 

शिवपाल यादव ने आगे कहा कि गठबंधन को लेकर फैसला चुनाव के नजदीक आने पर लिया जाएगा। बीजेपी के साथ गठबंधन के सवाल पर शिवपाल सिंह यादव ने इसका सीधा जवाब तो नहीं दिया लेकिन उन्होंने इस संभावना से इंकार भी नहीं किया है।

बता दें कि अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली समाजवादी पार्टी की सरकार में शिवपाल यादव कभी कैबिनेट मंत्री थे। मुलायम सिंह के बाद पार्टी में नंबर दो थे। लेकिन 2017 के विधानसभा चुनाव से पहले शिवपाल यादव और अखिलेश के बीच दूरियां बढ़ीं और दोनों के रास्ते अलग हो गए

शिवपाल सिंह यादव उस समय सपा के प्रदेश अध्यक्ष भी थे। इसके बाद तेजी से बढ़ते राजनीतिक घटनाक्रम के बीच शिवपाल, मुलायम सिंह यादव की पार्टी से अलग हो गए और उन्होंने अपनी पार्टी बना ली, लेकिन चुनाव में उन्हें सफलता नहीं मिली थी। जिसके बाद 2022 में वो फिर से अपने भतीजे अखिलेश के पास लौटे थे, सपा से विधायक बने और फिर चुनाव के बाद दोबारा से उनके रास्ते अलग हो गए।

ये भी पढ़ें- नीतीश कुमार के पाला बदलने से समाजवादी पार्टी में आया जोश, क्या 2024 में आएगा बदलाव

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।