लाइव टीवी

BJP ने सुकांत मजूमदार को बनाया पश्चिम बंगाल में पार्टी प्रमुख, दिलीप घोष राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त

Updated Sep 20, 2021 | 22:46 IST

भाजपा ने सांसद सुकांत मजूमदार को पश्चिम बंगाल में पार्टी की इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया है, जबकि दिलीप घोष को पार्टी उपाध्यक्ष बनाया गया है।

Loading ...
सुकांत मजूमदार

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने डॉ. सुकांत मजूमदार को पश्चिम बंगाल भाजपा का अध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं वर्तमान प्रमुख दिलीप घोष को अब पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ये नियुक्तियां की हैं, जिन्हें तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। उत्तराखंड की पूर्व राज्यपाल बेबी रानी मौर्य को भी भाजपा उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया।

डॉ. सुकांत मजूमदार ने कहा कि उन्होंने मेरे जैसे छोटे कार्यकर्ता को इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी है। पार्टी प्रमुख जेपी नड्डा, पीएम और अन्य को धन्यवाद। बीजेपी ने पहले पश्चिम बंगाल को बचाने और तालिबानीकरण को रोकने के लिए लड़ाई लड़ी थी, हम भविष्य में भी ऐसा करेंगे। हम इसे ममता बनर्जी के तालिबानी शासन से बचाएंगे। 

भाजपा महासचिव अरुण सिंह की ओर से जारी अलग-अलग विज्ञप्तियों में यह घोषणाएं की गईं। एक विज्ञप्ति में कहा गया कि भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने सांसद सुकांता मजूमदार को पश्चिम बंगाल की इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया। उनकी नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।

पश्चिम बंगाल के बालूरघाट से सांसद मजूमदार, दिलीप घोष का स्थान लेंगे। घोष को पिछले पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर लगातार दूसरी बार प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। अब वह नड्डा के साथ भाजपा की राष्ट्रीय टीम में उपाध्यक्ष होंगे।

पार्टी ने इसके साथ ही पिछले दिनों उत्तराखंड की राज्यपाद के पद से इस्तीफा देने वाली बेबी रानी मौर्य को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। मौर्य के इस्तीफे के बाद से कयास लगाए जा रहे थे कि आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर उन्हें भाजपा में कोई जिम्मेदारी दी जा सकती है।

(भाषा के इनपुट के साथ)

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

BJP