लाइव टीवी

बेगूसराय गोलीबारी पर बोले तेजस्वी यादव- BJP शासित राज्यों में रेप हो रहा है तो वहां के CM कर रहे हैं क्या?

Updated Sep 15, 2022 | 16:01 IST

बिहार के बेगूसराय में नेशनल हाईवे पर हुई गोलीबारी पर अब सियासत तेज हो गई है। बीजेपी ने आरोप लगाया कि जब भी 'महागठबंधन' सरकार बनती है, कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती है। इसपर तेजस्वी यादव ने कहा कि बीजेपी किस आधार पर सवाल उठाती है, यूपी में राम राज्य है क्या?

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspANI
बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव

पटना : बिहार के बेगूसराय में हाल ही में नेशनल हाईवे पर हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 09 अन्य घायल हो गए। इसको लेकर विपक्षी बीजेपी के नेताओं ने बुधवार को राज्य में 'बिगड़ती' कानून व्यवस्था के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह जो बेगूसराय से सांसद हैं। उन्होंने अपने समर्थकों के साथ सड़क पर धरना दिया। उन्होंने कहा कि जब भी 'महागठबंधन' सरकार बनती है, कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती है। सीएम नीतीश कुमार ने अब 'जंगल राज' को 'जनता राज' करार दिया है। इसके जवाब में गुरुवार को बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कहा कि बीजेपी किस आधार पर हमारी कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाती है। उत्तर प्रदेश में रोज होते हैं बड़े-बड़े अपराध, क्या वहां है 'राम-राज'?

बीजेपी शासित राज्यों में रेप हो रहा है तो वहां के सीएम कर रहे हैं क्या?

तेजस्वी ने कहा कि कुछ लोग बेगूसराय की घटना को एक अलग रंग देने की कोशिश कर रहे हैं। यहां 'जनता राज' है। बीजेपी का फुल फॉर्म 'बड़का झूठा पार्टी' है। वे वैसा कभी नहीं करते जैसा वे कहते हैं, वे केवल लोगों को बांटते हैं और समाज में जहर घोलते हैं। तेजस्वी ने कहा कि अगर बीजेपी शासित राज्यों में अपराध हो रहा है, तो क्या यह वहां के सीएम कर रहे हैं क्या? अगर बीजेपी शासित राज्यों में बलात्कार हो रहा है, तो क्या यह वहां के सीएम कर रहे हैं क्या? बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने बेगूसराय फायरिंग की घटना के पीछे सीएम नीतीश कुमार का हाथ होने के उनके बयान पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह की खिंचाई की।

बेगूसराय घटना की हर एंगल से जांच होगी-सीएम नीतीश

इससे पहले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को कहा कि बेगूसराय में कल हुई गोलीबारी की घटनाओं में सभी एंगल से जांच होगी। उन्होंने कहा कि हमने एक बैठक बुलाई है और इस घटना पर विस्तृत चर्चा की है। इस घटना की हर एंगल से जांच होगी। कुछ दिन पहले, मैंने राज्य में कानून व्यवस्था की समीक्षा के लिए एक बैठक की थी।  इससे पहले दिन में सीएम ने कहा कि उन्होंने अधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया है।

 शाहनवाज हुसैन ने नीतीश से पूछा- देश में बिहार की क्या छवि होगी?

इस बीच, राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए, पूर्व मंत्री और बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि मैं बेगूसराय में उद्योग स्थापित करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन अब यहां पंजाब और कश्मीर में आतंकवादियों की तरह गोलियां चलाई जा रही हैं। कई लोगों को गोली मार दी गई है। यह बिहार में एक बड़ी घटना है। बिहार में अपराधियों का मनोबल बढ़ रहा है और अपराधियों का मनोबल बढ़ाने वालों को लोग माफ नहीं करेंगे। भाजपा नेता ने कहा कि इस तरह की घटनाओं से राज्य की छवि खराब होगी और बिहार सरकार से पूछा कि राज्य किस दिशा में जा रहा है। हुसैन ने कहा कि देश में बिहार की क्या छवि होगी? नीतीश कुमार को इस स्थिति की जांच करने की जरूरत है।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कुछ लोग हिरासत में 

बिहार के बेगूसराय में मंगलवार को अलग-अलग स्थानों पर अलग-अलग फायरिंग की घटनाओं में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य घायल हो गए। घटनाओं के बाद, बिहार पुलिस ने बुधवार को सात पुलिस अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया। मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) जितेंद्र सिंह गंगवार ने कहा कि प्रथम दृष्टया, हमारा गश्त दल सड़कों पर था। फिर भी, वे या तो अपराधियों को नहीं रोक सके या चेकिंग नहीं कर सके। इस संबंध में, सात पुलिस अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। हमलावरों के बारे में पूछे जाने पर, एडीजी गंगवार ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज ने हमलावरों को कैद कर लिया और पुलिस उनकी पहचान की पुष्टि कर रही है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है और पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।