लाइव टीवी

क्या चंदन गुप्ता की मौत से जुड़ा है जामिया में फायरिंग का मामला? फेसबुक से हट रहा पर्दा

Updated Jan 30, 2020 | 18:57 IST

Jamia firing news: दिल्ली के जामिया में गुरुवार को एक नाबालिश शख्स ने फायरिंग की। उसने फायरिंग करने से पहले फेसबुक पर कई लाइव किए और कई पोस्ट भी डाले।

Loading ...
जामिया में शख्स ने लहराई बंदूक फिर चलाई

नई दिल्ली: दिल्ली के जामिया नगर में जिस शख्स ने बंदूक लहराई और नारे लगाए, वो नाबालिग है, जिसकी वजह से उसकी पहचान उजागर नहीं की जा रही है। उसने प्रदर्शनकारियों पर फायरिंग भी की, जिसमें जामिया मिल्लिया इस्लामिया का एक स्टूडेंट घायल हो गया। छात्र का अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि फायरिंग करने वाले को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

फायरिंग करने से पहले शख्स ने फेसबुक लाइव भी किया। इसके अलावा उसके कई फेसबुक पोस्ट भी हैं। इस पोस्ट में वो लिखता है- शाहीन बाग खेल खत्म, एक पोस्ट में वो लिखता है- कोई हिन्दू मीडिया नही है यहां। जबकि एक अन्य पोस्ट में वो कहता है- मेरी अंतिम यात्रा पर...मुझे भगवा म ले जाये...और जय श्री राम के नारे हो। 

एक पोस्ट में वो कहता है कि मेरे घर का ध्यान रखना। एक में वो कहता है कि चंदन भाई ये बदला आपके लिए है। 2018 में गणतंत्र दिवस पर कासगंज में भड़की सांप्रदायिक हिंसा में चंदन गुप्ता की मौत हो गई थी। इस हत्या से पश्चिमी यूपी के इस शहर में हिंसा फैल गई थी।  

उसके फेसबुक पेज से पता चलता है कि वो कट्टर हिंदू है। उसके इंट्रो में लिखा हुआ है- गोपाल नाम है हमारा....BIO में इतना काफी है। वाकी सही समय आने पर...जय श्री राम।

ये घटना तब हुई जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय के पास संशोधित नागरिकता कानून (CAA) के खिलाफ प्रदर्शन हो रहा था। घटना के समय वहां बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और कई मीडिया समूह के लोग मौजूद थे। ये छात्र जामिया से महात्मा गांधी की समाधि राजघाट जा रहे थे। भाकपा नेता डी. राजा ने कहा कि जामिया गोलीबारी घटना दिल्ली में चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा नेताओं द्वारा दिए गए भड़काऊ बयानों का सीधा परिणाम है। भाजपा नेता अनुराग ठाकुर को उनकी उस टिप्पणी के लिए गिरफ्तार किया जाना चाहिए जिसमें उन्होंने भीड़ से 'गद्दारों को गोली मारने' का नारा लगाने को कहा था। 

कन्हैया कुमार ने ट्वीट कर कहा, 'देखिए इन तस्वीरो को। नफरत में अंधा होकर आजाद भारत के पहले आतंकवादी नाथूराम गोडसे ने 72साल पहले इसी तरह गांधीजी की हत्या कर दी थी क्योंकि उसे लगता था कि बापू ‘देश के गद्दार’ हैं। आज राम का नाम लेकर सत्ता में आए लोग नाथूराम का देश बना रहे हैं।जागिए,इससे पहले कि पूरा देश बर्बाद हो जाए।'

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।