लाइव टीवी

Rajasthan में तेज हुई सियासी हलचल! कांग्रेस के तीन मंत्रियों ने सोनिया गांधी को पत्र लिखकर की इस्तीफे की पेशकश

Updated Nov 19, 2021 | 23:48 IST

राजस्थान सरकार के तीन मंत्रियों ने सोनिया गांधी को पत्र लिखकर अपने पद से इस्तीफा देने की पेशकश की है। इसका जानकारी राज्य के कांग्रेस प्रभारी अजय माकन दी है।

Loading ...
Rajasthan: अशोक गहलोत के 3 मंत्रियों ने की इस्तीफे की पेशकश
मुख्य बातें
  • राजस्थान के तीन मंत्रियों का सोनिया को पत्र, पद छोड़कर पार्टी के लिए काम करने की इच्छा जताई
  • राजस्व मंत्री हरीश चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रघु शर्मा और शिक्षा राज्यमंत्री गोविंद सिंह डोटासरा ने लिखा पत्र
  • हरीश चौधरी को कांग्रेस की पंजाब का प्रभारी नियुक्त किया गया है

जयपुर: राजस्थान कांग्रेस में एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई है। गहलोत सरकार के तीन अहम मंत्रियों ने कांग्रेस आलाकमान को पत्र लिखकर इस्तीफे की पेशकश की है। तीनों मंत्रियों ने संगठन में काम करने की भी इच्छा व्यक्त की है। इससे साफ जाहिर होता है कि आने वाले दिनों में राजस्थान कैबिनेट में फेरबदल हो सकता है और पायलट कैंप के नेताओं को गहलोत कैबिनेट में फिर से जगह मिल सकती है। हालांकि फेरबदल कब होगा इसे लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आ सकी है।

अजय माकन दी जानकारी

राजस्थान कांग्रेस के प्रभारी अजय माकन ने मीडिया से बात करते हुए कहा, 'राजस्थान कैबिनेट के तीन मंत्रियों - गोविंद सिंह डोटासरा, रघु शर्मा और हरीश चौधरी  ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखकर अपने पद से हटने और पार्टी संगठन में काम करने की इच्छा व्यक्त की है।' तीनों मंत्रियों के इस्तीफे की पेशकश को आने वाले कैबिनेट फेरबदल से जोड़कर देखा जा रहा है।

डोटासरा हैं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष

माकन ने कहा कि 30 जुलाई को यहां सभी विधायकों से मिलने के बाद उन्होंने मीडिया को बताया था कि कुछ विधायक मंत्री पद छोड़कर संगठन के लिए काम करना चाहते हैं। अजय माकन ने कहा, ‘पार्टी इनका सम्मान करती है। हमें खुशी है कि ऐसे लोग हैं जो पार्टी के लिए काम करना चाहते हैं।’ डोटासरा इस समय कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हैं तो डॉ. शर्मा को पार्टी ने हाल में गुजरात मामलों का व हरीश चौधरी को कांग्रेस की पंजाब का प्रभारी नियुक्त किया है।

वर्तमान में राज्‍य मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री सहित 21 सदस्य हैं। राज्य में विधायकों की संख्या 200 है, उस हिसाब से मंत्रिमंडल में अधिकतम 30 सदस्य हो सकते हैं। संख्या बल के हिसाब से राज्य विधानसभा में इस समय कांग्रेस के 108 व भाजपा के 71 विधायक हैं। इसके अलावा 13 निर्दलीय विधायक हैं।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।