लाइव टीवी

Tiranga rally: तिरंगा बाइक रैली से दूर रहा विपक्ष तो BJP ने उठाए सवाल, जयराम ने तिरंगे के साथ शेयर की नेहरू की तस्वीर

Updated Aug 03, 2022 | 11:18 IST

Tiranga Bike rally : 'हर घर तिरंगा' अभियान और तिरंगा बाइक रैली को लेकर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस आमने-सामने आ गए हैं। भाजपा जहां कांग्रेस की देशभक्ति पर सवाल उठा रही है तो कांग्रेस तिरंगे को लेकर उसे घेर रही है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने तिंरगे के साथ पूर्व पीएम नेहरू की तस्वीर शेयर की है।

Loading ...
सरकार ने 20 करोड़ से ज्यादा घरों पर तिरंगा फहराने का लक्ष्य रखा है।
मुख्य बातें
  • बुधवार को लाल किले से विजय चौक तक तिरंगा बाइक रैली निकाली गई
  • इस बाइक रैली में भाजपा और केंद्र सरकार के कई मंत्री शामिल हुए
  • रैली में विपक्ष का कोई सदस्य शामिल नहीं हुआ तो भाजपा ने उठाए सवाल

'Har Ghar Tiranga' Abhiyan : 'हर घर तिरंगा' अभियान पर सरकार और विपक्ष के बीच तकरार बढ़ती जा रही है। संस्कृति मंत्रालय की तरफ से बुधवार को तिरंगा बाइक रैली का आयोजन हुआ। यह रैली लाल किले से विजय चौक तक निकाली गई जिसमें भाजपा सांसद एवं केंद्रीय मंत्री शामिल हुए। विपक्ष के सांसदों ने इस रैली से दूरी बनाई। इस पर भाजपा ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। तो कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने भाजपा एवं सरकार पर पलटवार किया। रमेश ने तिरंगे के साथ पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की तस्वीर शेयर की। तस्वीर के साथ उन्होंने ट्वीट किया, 'हम हाथ में तिरंगा लिए अपने नेता नेहरू की डीपी लगा रहे हैं, वह भी खादी में।'

 'संघ वालों, अब तो तिरंगे को अपना लो' 
भाजपा को जवाब देते हुए जयराम रमेश ने कहा, 'हम हाथ में तिरंगा लिए अपने नेता नेहरू की DP लगा रहे हैं। लेकिन लगता है प्रधानमंत्री का संदेश उनके परिवार तक ही नहीं पहुंचा। जिन्होंने 52 सालों तक नागपुर में अपने हेड क्वार्टर में झंडा नहीं फहराया, वे क्या प्रधानमंत्री की बात मानेंगे?' कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने अपने कार्यालय पर राष्ट्रीय ध्वज न फहराने को लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर तंज कसते हुए कहा, 'संघ वालों, अब तो तिरंगे को अपना लो।' 

20 करोड़ से ज्यादा घरों पर तिरंगा फहरानेकी तैयारी
दरअसल आजादी के 75 साल के मौके को ऐतिहासिक एवं यादगार बनाने के लिए सरकार ने 'हर घर तिरंगा अभियान' की शुरुआत की है। सरकार का लक्ष्य 13 से 15 अगस्त के बीच 20 करोड़ से ज्यादा घरों पर तिरंगा फहराने की है। इसके लिए संस्कृति मंत्रालय और अन्य विभाग जोर-शोर से तैयारी में जुटे हुए हैं। सरकार ने तिरंगे की उपलब्धता के लिए झंडा बनाने वाली संस्थाओं एवं कंपनियों को विशेष निर्देश दिए हैं। सरकार का मानना है कि इस अभियान के जरिए लोग अपने राष्ट्रीय ध्वज के बारे में ज्यादा से ज्यादा जान सकेंगे और उनमें राष्ट्रभक्ति एवं एकता की भावना मजबूत होगी।

उप राष्ट्रपति ने रैली को रवाना किया
इस अभियान के प्रति लोगों में जागरूकता पैदा करने के लिए संस्कृति मंत्रालय की ओर से तिंरगा बाइक रैली का आयोजन किया गया। मंत्रालय ने सभी सांसदों को इस रैली में शामिल होने की अपील की थी लेकिन रैली में विपक्ष का कोई सांसद नहीं पहुंचा। उप राष्ट्रपति वेंकैया नायूड ने लाल किले से इस बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 

विपक्ष कहीं चीन का झंडा न थाम ले-गिरिराज सिंह
रैली में भाजपा के कई सांसद एवं केंद्रीय मंत्री शामिल हुए। रैली में शामिल होने के लिए पहुंचे केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि आजादी के लिए हमारे पूर्वजों ने बलिदान दिया। आज हम आजादी के 75 साल पूरे होने पर अमृत महोत्सव मना रहे हैं। लेकिन दुर्भाग्यवश कुछ लोग तिरंगे पर भी सवाल उठा रहे हैं। मोदी जी जो काम करेंगे विपक्ष उसके उलट काम करेगा। उन्हें तो लगता है कि विपक्ष तिरंगे की जगह कहीं चीन का झंडा न थाम ले। 

पीएम ने अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से बड़ी संख्या में 'हर घर तिरंगा' अभियान में शामिल होने की अपील की है। पीएम ने मंगलवार को अपने सभी सोशल मीडिया पेज की डीपी (डिस्प्ले पिक्चर) बदल दी। उन्होंने डीपी में तिरंगे की तस्वीर लगाई। प्रधानमंत्री ने लोगों से भी अपने सोशल मीडिया पेज की डीपी में तिरंगा लगाने की अपील की है। अपने ट्वीट में पीएम ने कहा कि 'दो अगस्त का दिन खास है। उन्होंने कहा है कि 'ऐसे समय में जब हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं और देश हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने के लिए उत्साहित है, तो हमें अपने तिरंगे के लिए सामूहिक आंदोलन का उत्सव मनाने की जरूरत है। मैंने अपने सभी सोशल मीडिया अकाउंट की डीपी बदल दी है। मैं आपसे भी ऐसा करने की अपील करता हूं।'

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।