लाइव टीवी

त्रिपुरा में निकाय चुनाव में BJP की बड़ी जीत, 334 वार्ड में से 329 जीते, मोदी ने कहा- लोगों ने सुशासन की राजनीति को प्राथमिकता दी

Updated Nov 28, 2021 | 19:07 IST

Tripura Civic Poll Results: त्रिपुरा निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को बंपर जीत मिली है। पहली बार अगरतला नगर निगम पर बीजेपी का कब्जा हुआ है। भाजपा ने 334 वार्ड में से 329 सीटों पर जीत हासिल की है।

Loading ...
जेपी नड्डा
मुख्य बातें
  • त्रिपुरा नगर निकाय चुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा का शानदार प्रदर्शन
  • बीजेपी ने 51 सदस्यीय अगरतला नगर निगम (एएमसी) की सभी सीटें जीतीं
  • सभी 334 सीटों पर भाजपा ने उम्मीदवार उतारे थे और उनमें से 112 पर निर्विरोध जीत हासिल की

त्रिपुरा में अगरतला नगर निगम में बीजेपी को बड़ी जीत मिली है। बाकी कई जगहों पर भी बीजेपी ने क्लीन स्वीप किया है। बीजेपी ने अगरतला में 51 वार्ड पर जीत हासिल की है। वहीं खोवाई निकाय चुनावों में भी सभी 8 वार्ड पर बीजेपी ने कब्जा कर लिया है। इसके अलावा बिलोनिया में भी बीजेपी सभी 17 वार्ड पर काबिज हो गई है। राज्य चुनाव आयोग ने कहा कि त्रिपुरा में निकाय चुनावों में सत्तारूढ़ भाजपा ने 51 सदस्यीय अगरतला नगर निगम (AMC) की सभी सीटों पर जीत हासिल की है। विपक्षी टीएमसी और सीपीआई (एम) एएमसी में खाता खोलने में विफल रहीं। 

जीत पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि मैं त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब, राज्य भाजपा अध्यक्ष और सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को इस ऐतिहासिक जीत के लिए बधाई देता हूं। यह लोकतंत्र की जीत है। त्रिपुरा में स्थानीय निकाय चुनाव में भाजपा को भव्य जीत हासिल हुई है। स्थानीय निकायों में भाजपा की जीत माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की नीतियों, उनके लोक कल्याणकारी योजनाओं और राज्य के विकास के लिए डबल इंजन की सरकार के प्रति जनता की आस्था और विश्वास का प्रतीक है। 

उन्होंने कहा कि त्रिपुरा के स्थानीय निकाय चुनाव में भाजपा ने आज घोषित हुए 334 वार्ड के नतीजों में 329 में जीत दर्ज की है। जिसमें से भाजपा ने 112 सीटें पहले ही निर्विरोध जीत ली थी। इस चुनाव में विपक्ष को सिर्फ 5 सीट ही हासिल हुई है। त्रिपुरा के स्थानीय निकाय चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक विजय राष्ट्रवादी ताकतों की जीत है, विकासवादी सोच की जीत है। साथ ही यह विघटनकारी ताकतों, हिंसा की राजनीति करने वालों और त्रिपुरा का अपमान करने वालों की करारी हार है। 

नड्डा ने कहा कि भाजपा ने 14 नगर निकायों में से 11 में लगभग 100% सीटें जीती हैं। पानीसागर नगर पंचायत में भाजपा 13 में से 12 सीटों पर विजयी हुई और अंबासा की 12 सीटें हासिल कीं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि त्रिपुरा के लोगों ने स्पष्ट संदेश दिया है कि वे सुशासन की राजनीति को प्राथमिकता देते हैं। मैं भाजपा त्रिपुरा को स्पष्ट समर्थन के लिए उन्हें धन्यवाद देना चाहता हूं। ये आशीर्वाद हमें त्रिपुरा में प्रत्येक व्यक्ति के कल्याण के लिए काम करने की अधिक शक्ति प्रदान करते हैं। मैं भाजपा त्रिपुरा कार्यकर्ताओं की सराहना करना चाहता हूं जिन्होंने जमीन पर अथक परिश्रम किया और लोगों की सेवा की। श्री बिप्लब देब जी के नेतृत्व में राज्य सरकार कई पहलों में सबसे आगे रही है, जिसका जनता ने विधिवत आशीर्वाद दिया है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।