लाइव टीवी

कार एक्सीडेंट में घायल केंद्रीय मंत्री श्रीपद नाइक की हालत स्थिर, पत्नी का हुआ निधन

Updated Jan 12, 2021 | 07:08 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

Shripad Naik car accident: केंद्रीय मंत्री श्रीपद नाइक का कर्नाटक में एक्सीडेंट हो गया है। उन्हें इलाज के लिए गोवा ले जाया गया है। दुखद है कि इस सड़क हादसे में उनकी पत्नी का निधन हो गया है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
श्रीपद नाइक सड़क हादसे का शिकार
मुख्य बातें
  • केंद्रीय मंत्री श्रीपद नाइक सड़क दुर्घटना में घायल
  • पत्नी विजया नाइक की हादसे में मृत्यु
  • नाइक को आगे इलाज के लिए गोवा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया है

पणजी : गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने सोमवार देर रात बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल केंद्रीय मंत्री श्रीपद नाइक खतरे से बाहर हैं और उनकी हालत स्थिर है। सावंत ने अपने एक ट्वीट में कहा, 'केंद्रीय मंत्री के स्वास्थ्य से जुड़े सभी मानक स्थिर हैं और गोवा मेडिकल कॉलेज के आईसीयू में उनका इलाज चल रहा है। वह खतरे से बाहर हैं और उनकी हालत स्थिर है। आज की रात केंद्रीय मंत्री को दो हल्की सर्जरी की जाएगी। फिलहाल उन्हें दिल्ली भेजने की जरूरत नहीं है।'

सोमवार को कर्नाटक में हुआ हादसा
सोमवार को कर्नाटक में केंद्रीय मंत्री की कार हादसा का शिकार हो गई। उत्तर कन्नड़ के अंकोला तालुक में एक गांव के पास हुई इस दुर्घटना में नाइक की पत्नी की मौत और निजी सचिव दीपक रामदादा का निधन हो गया। घायल हालत में नाइक को इलाज के लिए गोवा ले जाया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से गोवा में नाइक के इलाज की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए बात की है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी प्रमोद सावंत से बात की और उन्हें सर्वश्रेष्ठ उपचार प्रदान करने के लिए कहा। उन्होंने कहा है कि आवश्यकता हुई तो केंद्रीय मंत्री श्रीपद नाइक को दिल्ली लाया जाए। 

मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे नाइक
वहीं कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने श्रीपद नाइक की पत्नी विजया नाइक के निधन पर शोक व्यक्त किया है। मंत्री और उनकी पत्नी कर्नाटक के येलापुर से गोकर्ण जा रहे थे, तभी ये हादसा हुआ। श्रीपद नाइक आयुष मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और रक्षा राज्य मंत्री हैं। बताया जाता है कि नाइक परिवार के साथ मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। परिवार के 6 लोग गाड़ी में सवार थे।

राजनाथ सिंह ने किया ट्वीट
राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया, 'रक्षा राज्य मंत्री श्री श्रीपद नाइक के सड़क दुर्घटना में घायल होने के समाचार से मैं स्तब्ध और अत्यंत दुखी हूँ। गोवा के मुख्यमंत्री श्री प्रमोद सावंत से मेरी बातचीत हुई है। श्रीपदजी के इलाज का समुचित प्रबंध राज्य सरकार कर रही है। ईश्वर से प्रार्थना है कि श्रीपदजी जल्दी स्वस्थ हों।'

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।