लाइव टीवी

Unnao Case:उन्नाव रेप केस पीड़िता के परिवार को योगी सरकार देगी सहायता, घटना का विरोध जारी

Updated Dec 07, 2019 | 18:38 IST

Unnao Case Update: दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती उन्नाव गैंगरेप पीड़िता आखिर मौत को मात नहीं दे सकी और शुक्रवार रात उसने दम तोड़ दिया। पीड़िता 95 फीसदी जल चुकी थी।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspANI
जिंदगी की जंग हार गई उन्नाव रेप पीड़िता
मुख्य बातें
  • उन्नाव पीड़िता ने शुक्रवार रात 11:40 बजे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में ली अंतिम सांस
  • मरने से पहले पीड़िता ने भाई से कहा- मैं जीना चाहती हूं, दोषियों को मिले सख्त सजा
  • पीड़िता को एयरलिफ्ट करके लखनऊ से दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल लाया गया था

नई दिल्ली: 95 फीसद जल चुकी उन्नाव गैंगरेप पीड़िता की शुक्रवार रात दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में मौत हो गई। पीड़िता को एयरलिफ्ट कर लखनऊ से दिल्ली लाया गया था लेकिन फिर भी उसकी जान नहीं बच सकी है। पीड़िता की मौत के बाद दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने कहा है कि इस मामले के अपराधियों को एक महीने के अंदर फांसी के फंदे पर लटका देना चाहिए। मामले से जुड़े अपडेट-

Unnao Case Updates:

- यूपी में मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ की सरकार ने उन्‍नाव पीड़‍िता के परिवार को 25 लाख रुपये की सहायता राशि देने का ऐलान किया है।

-उत्तर प्रदेश का राजधानी लखनऊ में भी कांग्रेस पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन्नाव रेप कांड को लेकर विरोध जताते हुए वहां पर प्रदर्शन किया है।

-उन्नाव से सांसद साक्षी महाराज उन्नाव रेप पीड़िता के घर पर पहुंचे और कहा- मैं अपनी पार्टी के साथ पीड़ित परिवार के समर्थन में हूं। मैं संसद में भी इसके बारे में मुखर रहा हूं। अपराधियों को गिरफ्तार किया जाएगा। किसी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्नाव का नाम बदनाम किया गया है।

- राज्यपाल से मिलने के बाद बोली मायावती, 'मैं गर्वनर हैं और संवैधानिक पद पर हैं। आपको अपनी जिम्मेदारी से निभाएं और मुख्यमंत्री तथा पुलिस विभाग को बुलाकर प्रदेश में लॉ एंड ऑर्डर व्यवस्था को सही कराया। मैंने राज्यपाल को यह अहसास कराया कि आपको महिला होने के नाते राज्य में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर रोक लगानी चाहिए।'

-  बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती राजभवन पहुंची। बसपा सुप्रीमो यहां राज्यपाल आनंदी बेन पटेल से मुलाकात कर महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराधों पर चर्चा करेंगी।

-  उन्नाव रेप पीड़िता की भाभी बोली: प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि वह हमारे साथ न्याय के लिए लड़ेंगी। हमारी एकमात्र मांग यह है कि दोषियों को मृत्यु दंड दिया जाए, तभी उनकी आत्मा को शांति मिलेगी।

- सफदरजंग के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. सुनील गुप्ता ने कहा है कि पोस्टमॉर्टम में पीड़िता को जहर देने या गला घोंटने जैसी बात सामने नहीं आई है। ज्यादा जल जाने की वजह से पीड़िता की मौत हुई।

- पीड़ता के परिजनों से मुलाकात करने के बाद बोलीं प्रियंका- 'पिछले साल से पूरे परिवार को प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोपियों ने घर के अंदर आकर लड़की के पिता को पीटा है। पीड़िता की भाभी की छोटी बच्ची जो 10 साल की है उसे तक धमकाया है कि वो स्कूल ना जाए। लड़की के पिता को धमकाया। मैंने सुना कि ये प्रधान भाजपा से जुड़े हुए हैं। मैं ये कह सकती हूं कि हर रोज ये मामले हो रहे हैं। इसे राजनीतिक मामला नहीं बनाना चाहिए बल्कि प्रशासन को यह देखना चाहिए कि ऐसे मामले लगातार क्यों हो रहे हैं।'

- कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी उन्नाव पहुंच गई हैं। प्रियंका यहां पीड़ता के परिवार से मुलाकात कर रही हैं। प्रियंका गांधी के साथ में स्थानीय कांग्रेस नेता भी हैं।

- योगी राज में ये पहली घटना नहीं है। क्या आपने मुख्यमंत्री की भाषा नहीं सुनी कि अपराधियों को ठोक दिया जाएगा लेकिन वो एक बेटी की जान नहीं बचा सके। क्या आपने नहीं देखा कि क्या हो रहा है बेटियों के साथ। भाजपा के राज में बेटियों पर अत्याचार हो रहा है। उन्नाव की बेटी बहादुर थी, ये हमारे लिए काला दिन। यूपी सरकार पीड़िता की मौत के लिए दोषी- अखिलेश यादव

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के हटे बिना, मुख्य सचिव के बिना और डीजीपी के हटे बिना यहां कानून व्यवस्था में सुधार नहीं हो सकता है। इन्होंने संविधान की शपथ ली थी कि बेटियों की जान बचेगी, ये कैसी शपथ है जो बेटियों को नहीं बचा सके- अखिलेश यादव

- उन्नाव रेप केस को लेकर सियासत भी तेज हो गई है। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव उन्नाव रेप मामले को लेकर विधानसभा के सामने धरने पर बैठ गए हैं।

- उन्नाव रेप पीड़िता के शव का पोस्टमार्टम हुआ। परिवार को सुपुर्द किया जाएगा शव। सड़क मार्ग से ले जाया जाएगा उन्नाव। एंबुलेस में पीड़िता की मां और भाई बहन भी साथ में हैं।
समाजवादी पार्टी ने ट्वीट कर कहा, 'दोषियों को छोड़ना नहीं,मैं मरना नहीं जीना चाहती हूँ...'ज़िंदगी की जंग हारी उन्नाव की बेटी के ये अंतिम शब्द स्तब्ध कर देते हैं! इस निर्मम हत्या की सहभागी है पुलिस, सरकार एवं बाधित न्याय व्यवस्था।  समाजवादी पार्टी आज बेटी के लिए शोक सभा आयोजित करेगी और सभी 2 मिनट का मौन रखेंगे।'

- कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी लखनऊ के लिए रवाना हुईं। खबरों के मुताबिक प्रियंका गांधी उन्नाव जाकर गैंगरेप के पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगी।

-कांग्रेस की पूर्व सांसद रंजीता रंजन बोलीं: जेलों में बंद सभी बलात्कारियों को सड़कों पर लाया जाना चाहिए और सड़क में फांसी पर लटका देना चाहिए। इससे लोगों के बीच यह संदेश जाएगा कि अगर इस तरह की बात दोहराई जाती है, तो उनका यही हाल होगा।

- उन्नाव बलात्कार पीड़िता की मौत पर यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बोले: यह एक बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है, मैं सोच भी नहीं सकता कि पीड़िता का परिवार पर क्या गुजर रही होगी। मैं उन्हें विश्वास दिलाता हूं कि हम दोषियों को नहीं बख्शेंगे, उन्हें जल्द से जल्द सजा दिलवाएंगे।

- प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा, 'उन्नाव की पिछली घटना को ध्यान में रखते हुए सरकार को तत्काल पीड़िता को सुरक्षा क्यों नहीं दी गई? जिस अधिकारी ने उसका FIR दर्ज करने से मना किया उस पर क्या कार्रवाई हुई? उप्र में रोज रोज महिलाओं पर जो अत्याचार हो रहा है, उसको रोकने के लिए सरकार क्या कर रही है ?'

- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बोले- उन्नाव की पीड़िता के साथ  हुई घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। बालिका की मौत अत्यंत दुखद है। सभी अपराधी पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जा चुके हैं। मुकदमे फास्ट ट्रैक कोर्ट में ले जाकर कड़ी सजा दिलाएंगे।

- उन्नाव रेप पीड़िता के पिता ने कहा, 'या तो हैदराबाद की तरह आरोपियों का एनकाउंटर किया जाए या फिर उनको फांसी की सजा हो।' पीड़िता के भाई का बयान- हमारी बहन की अंतिम इच्छा पूरी हो, उसने कहा था कि पांच दरिंदे जिंदा नहीं रहने चाहिए। यही हमारी इच्छा भी है।

-  कार्डियक अरेस्ट के बाद इलाज के दौरान उन्नाव बलात्कार पीड़िता की मौत के बाद उनके भाई बोले: मेरे पास कहने के लिए वास्तव में कुछ भी नहीं है। मेरी बहन हमारे साथ नहीं है, मेरी एकमात्र मांग यह है कि पांचों आरोपी मौत के लायक हैं और उससे कम कुछ भी नहीं।

- उन्नाव बलात्कार मामले के 5 आरोपियों को कल रात अदालत से जेल ले जाया गया, जिन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। पीड़िता की कार्डिएक अरेस्ट के बाद कल दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी।

राष्ट्रीय महिला आयोग  की प्रमुख रेखा शर्मा सफदरजंग अस्पताल पहुंची जहां कल रात कार्डियक अरेस्ट के कारण उन्नाव रेप पीड़िता की मौत हो गई थी। पीड़िता के परिजनों से मुलाकात करेंगी रेखा शर्मा।

-पीड़िता की मौत पर मायावती ने दुख जताते हुए ट्वीट कर कहा, 'जिस उन्नाव रेप पीड़िता को जलाकर मारने की कोशिश की गई उसकी कलरात दिल्ली में हुई दर्दनाक मौत अति-कष्टदायक। इस दुःख की घड़ी में बीएसपी पीड़ित परिवार के साथ है। यू.पी. सरकार पीड़ित परिवार को समुचित न्याय दिलाने हेतु शीघ्र ही विशेष पहल करे, यही इंसाफ का तकाज़ा व जनता की मांग है।'

- पीड़िता के पिता ने मीडिया से बात करते हुए कहा, 'आरोपी मेरे परिवार को लगातार धमकी दे रहे थे वे हमेशा गाली देकर बात करते हुए कहथे कि कि मार डालेंगे, जला डालेंगे, पूरे परिवार को बर्बाद कर देंगे।'

- तीन डॉक्टरों का पैनल करेगा उन्नाव रेप पीड़िता के शव का पोस्टमॉर्टम। दोपहर 12 बजे लखनऊ लाया जाएगा। जहां से उन्नाव स्थित घर जाएगा शव।

- उन्नाव रेप पीड़िता की मौत पर दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने कहा, 'मैं उत्तर प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार से अपील करती हूं कि आरोपियों को एक महीने में ही फांसी दे देनी चाहिए।'

सफदरजंग अस्पताल के बर्न एंड प्लास्टिक सर्जरी डिपार्टमेंट के हेड डॉ. शलभ कुमार के मुताबिक, 'पीड़िता को बचाने की पूरी कोशिश की गई लेकिन रात 8.30 बजे बाद उसकी तबियत ज्यादा बिगड़ने लगी और 11.10 पर उसे कार्डियक अरेस्ट आया और इलाज के दौरान 11.40 बजे रात उसकी मौत हो गई।'

पीड़िता ने मरने से पहले अपने भाई से कहा था कि मैं जीना चाहती हूं। पीड़िता की मांग थी कि दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए। आपको बता दें कि उन्नाव के बिहार इलाके में गुरुवार सुबह पांच लोगों ने पीड़िता को जिंदा जला दिया था। मामले में शामिल पांचों लोग अरेस्ट हो चुके हैं। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।