लाइव टीवी

Uttar Pradesh Bypolls: बागी तेवर दिखाने वाली विधायक अदिति सिंह बनीं कांग्रेस की स्टार प्रचारक

Updated Oct 07, 2019 | 17:13 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

उत्तर प्रदेश विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस द्वारा जारी हुई पार्टी प्रचारकों की लिस्ट में रायबरेली से विधायक अदिति सिंह को स्थान मिला है।पार्टी व्हिप का उल्लंघन करने के लिए उन्हें कारण बताओ नोटिस मिला हुआ है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspANI
अदिति सिंह
मुख्य बातें
  • 3 दिन पहले कांग्रेस ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया था
  • पार्टी के व्हिप का उल्लंघन कर विधानसभा के विशेष सत्र में उपस्थित हुईं थीं
  • 21 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश की 11 सीटों पर होने हैं उपचुनाव

लखनऊ: कांग्रेस ने रायबरेली विधायक अदिति सिंह का नाम 21 अक्टूबर को 11 सीटों पर होने वाले विधानसभा उपचुनावों के लिए स्टार प्रचारकों की लिस्ट में रखा है। हाल ही में 36 घंटे चले उत्तर प्रदेश विधानसभा के विशेष सत्र में भाग लेने के लिए पार्टी ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया था। अदिति सिंह ने न केवल विशेष विधानसभा सत्र में भाग लिया था, बल्कि वो सदन में अपनी पार्टी के बहिष्कार के फैसले के खिलाफ बोली भी थीं।

हालांकि कांग्रेस नेताओं ने इस मामले पर बोलने से इनकार कर दिया, लेकिन पार्टी के अंदरूनी सूत्रों ने कहा कि ये लिस्ट उनके द्वारा व्हिप का उल्लंघन करने से पहले तैयार की गई थी।

पीटीआई की खबर के अनुसार कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने नाम न छापने की शर्त पर बताया, 'पार्टी महासचिव मुकुल वासनिक द्वारा जारी सूची में 23 सितंबर की तारीख है, जो कि विधानसभा के विशेष सत्र से पहले है।' गांधी जयंती के अवसर पर विशेष सत्र का आयोजन किया गया था।

कांग्रेस ने शुक्रवार को अदिति को कारण बताओ नोटिस जारी किया और उसे दो दिनों के भीतर जवाब देने के लिए कहा, जिसकी समय सीमा रविवार को समाप्त हुई। 

कांग्रेस विधायक दल के नेता अजय कुमार लल्लू ने कारण बताओ नोटिस में कहा, 'आपने पार्टी के व्हिप का उल्लंघन किया और कार्यवाही में भाग लिया। यह अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधि है।' इसमें कहा गया है कि रायबरेली विधायक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी यदि नोटिस का जवाब समय सीमा तक प्रस्तुत नहीं किया गया।

लल्लू से सोमवार को जब पूछा गया कि क्या उन्हें अदिति का जवाब मिल गया है तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है क्योंकि दशहरा की छुट्टी होने के कारण विधानमंडल दल का कार्यालय बंद है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।