लाइव टीवी

Weather Today, 21 July 2022: उत्तर पश्चिम भारत के कई इलाकों भारी बारिश का अनुमान, जानिए कैसा रहेगा देश का मौसम

Updated Jul 21, 2022 | 06:00 IST

Weather Forecast Today, 21 July 2022 (आज का मौसम): भारतीय मौसम विभाग ने बताया है उत्तर पश्चिम भारत में अगले दो-तीन दिन में मानसून की गतिविधियां बढ़ सकती है। उत्तरखंड, गुजरात, राजस्थान में भारी बारिश हो सकती है। दिल्ली एनसीआर में भी बारिश होने की संभावना है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspANI
मौसम का पूर्वानुमान

Weather Forecast Today, 21 July 2022: भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने उत्तर पश्चिम भारत में अगले दो-तीन दिन में मानसून की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान लगाया है। राष्ट्रीय राजधानी में जून के अपेक्षाकृत शुष्क रहने के बाद, जुलाई में अभी तक 165.1 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि जुलाई में सामान्य तौर पर 126.9 मिमी बारिश होती है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार को मध्यम से भारी बारिश ने कहर बरपाया, जिससे कई स्थानों पर यातायात बाधित रहा और यात्रियों को जलभराव का सामना करना पड़ा। लुटियंस दिल्ली में सरदार पटेल मार्ग, धौला कुआं, हवाईअड्डे और गुड़गांव की ओर जाने वाले मार्गों पर वाहन कईं घंटे तक सड़कों पर रेंगते हुए दिखाई दिए।

गुरुवार के मौसम की भविष्यवाणी

स्काईमेट वेदर की रिपोर्ट के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब के कुछ हिस्सों, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तरी और मध्य मध्य प्रदेश, सिक्किम, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और असम, अरुणाचल प्रदेश, तटीय ओडिशा, विदर्भ और तटीय कर्नाटक राज्य के एक या दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।  पूर्वोत्तर भारत के बाकी हिस्सों, दिल्ली, पूर्वी राजस्थान, गुजरात, कोंकण और गोवा, आंतरिक ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़, केरल, लक्षद्वीप, उत्तरी बिहार के कुछ हिस्सों, दक्षिण बिहार, झारखंड और तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बिहार के शेष हिस्सों, लद्दाख, राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों, आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा और लक्षद्वीप में हल्की बारिश संभव है।

चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पश्चिम मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्र पर बना हुआ है। मॉनसून ट्रफ अब गंगानगर, हिसार, दिल्ली, लखनऊ, वाराणसी, हजारीबाग, बांकुरा, कोलकाता से होते हुए पूर्व दक्षिण-पूर्व की ओर बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पूर्व की ओर जा रही है। अपतटीय ट्रफ रेखा गुजरात तट से कर्नाटक तट तक फैली हुई है। एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र झारखंड और आसपास के क्षेत्र पर बना हुआ है।

राजस्थान में मानसूनी बारिश का दौर जारी है जहां बीते 24 घंटों में राज्य के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। विभाग ने आगामी चौबीस घंटे में अनेक जगह पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने गुरुवार को अलवर, भरतपुर, दौसा, धौलपुर, करौली, बीकानेर व हनुमानगढ़ जिले में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।

उत्तराखंड के रूद्रप्रयाग जिले में बुधवार को एक निर्माणाधीन पुल की शटरिंग पलट जाने से वहां काम कर रहे दो मजदूरों की मृत्यु हो गयी जबकि मौसम विभाग की तरफ से बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के 13 में से नौ जिलों के लिए बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत, उधमसिंह नगर, हरिद्वार, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गयी है।

आईएमडी मौसम की चेतावनियों के लिए चार रंग के अलर्ट जारी करता है। ये अलर्ट क्रमश: ग्रीन अलर्ट (कोई कार्रवाई की आवश्यकता नहीं), येलो अलर्ट (स्थिति पर नजर रखें), ऑरेंज अलर्ट (स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहें) और रेड अलर्ट (स्थिति से निपटने लिए कदम उठाएं) हैं।
 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।