लाइव टीवी

Flood and Landslide: कई राज्य बाढ़ और भूस्खलन की चपेट में, दिल्ली में खतरे के निशान से ऊपर पहुंची यमुना

Updated Jul 31, 2021 | 08:07 IST

देश के कई हिस्सों में इस समय भारी बारिश की वजह से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन तो मैदानी क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं।

Loading ...
देश के कुछ हिस्से बाढ़ की चपेट में,यमुना भी लाल निशान से ऊपर
मुख्य बातें
  • पश्चिम बंगाल में भारी बारिश के बाद कई रिहायशी इलाके पानी से भरे
  • दिल्ली में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है यमुना
  • हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन और भारी बारिश के बाद आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित

नई दिल्ली: भारी बारिश की वजह से देश के कई हिस्सों में  बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, राजस्थान, हरियाणा के कई हिस्सों में में भारी बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। दूसरी तरफ हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू कश्मीर, सिक्किम में भारी बारिश के बाद हुए भूस्खलन से लोगों की परेशानियां बढ़ी हुई हैं। मौसम विभाग ने कई जगहों पर भारी बारिश को लेकर रेड तथा ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 

पश्चिम बंगाल
पश्चिम बंगाल में शुक्रवार को बारिश से संबंधित घटनाओं में छह लोगों की मौत हो गई है। राज्य के कलिम्पोंग जिले के ममखोला में शुक्रवार की सुबह लगातार बारिश के कारण नाले में पानी भर जाने से मजदूरों का एक शिविर बह गया।  बचाव कार्य में शामिल एक अधिकारी ने कहा, 'तीन लोगों को बचा लिया गया है, जिनमें से दो की मौत हो गई है। तीन अन्य की तलाश की जा रही है।'  भारी बारिश के बाद कल पश्चिम मेदिनीपुर के घाटल उपमंडल में कई सड़कें जलमग्न हो गईं और कई घर बाढ़ के पानी में डूब गए हैं।

एसडीओ सुमन बिस्वास कहते हैं, 'पीने का पानी भेजा जा रहा है और प्रभावित इलाकों में जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं।' वहीं पश्चिम बर्धमान जिले में लगातार बारिश के बाद कल आसनसोल के कुछ निचले इलाकों में बारिश का पानी घरों में घुस गया। 

हरियाणा में लोगों की दिक्कतें बढ़ीं

हरियाणा में भारी बारिश के बाद लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। यमुना का जल स्तर बढ़ने से इसके किनारे के रिहायशी इलाकों में पानी भर गया है। कल करनाल जिले के कई इलाकों में पानी भर गया। यमुना नदी के उफान पर होने से कृषि भूमि और कई सड़कें जलमग्न हो गईं। एक अधिकारी ने बताया, 'पानी पहले से ही कम होना शुरू हो गया है और इस मुद्दे को (शुक्रवार) शाम तक सुलझा लिया जाएगा।'


यमुना का जलस्तर बढ़ा

दिल्ली में यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। प्रशासन ने शुक्रवार को बाढ़ का अलर्ट जारी किया और यमुना के मैदानी इलाके में रह रहे लोगों से स्थान खाली कराने के प्रयास तेज कर दिए। शुक्रवार शाम को यमुना का जल स्तर खतरे के निशान 205.33 मीटर को पार कर गया है। वहीं हरियाणा द्वारा लगातार हथिनीकुंड बैराज से पानी छोड़ा जा रहा है जिसके बाद आज फिर यमुना का जल स्तर और बढ़ सकता है। 

हिमाचल में पर्यटक फंसे

वहीं हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति में बारिश के कारण बादल फटने और भूस्खलन से 175 पर्यटक फंस गए।  लाहौल-स्पीति जिले में तीन पर्वतारोही लापता हो गए हैं। राज्य में मूसलाधार बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ में 10 से अधिक लोगों की मौत हो गई और सात लोगों के लापता होने की सूचना है। राज्य के सिरमौर जिले में नेशनल हाइवे भूस्खलन के बाद खिसक गया है जिससे उससे जुड़े क्षेत्रों का बाकी हिस्सों से संपर्क टूट गया है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।