लाइव टीवी

योगी आदित्यनाथ के मीडिया सलाहकार ने पकड़ ली प्रियंका गांधी की गलती, डिलीट करना पड़ा ट्वीट

Updated Mar 07, 2020 | 21:54 IST

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मीडिया सलाहकार मृत्युंजय कुमार ने कहा है कि प्रियंका गांधी को वो ट्वीट डिलीट करना पड़ा, जिसमें उन्होंने पाकिस्तान के किसानों की फोटो लगाकर योगी सरकार को घेरा।

Loading ...
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी
मुख्य बातें
  • बेमौसम हुई बारिश से किसानों की फसलों को काफी नुकसान हुआ है
  • प्रियंका गांधी ने योगी सरकार को घेरते हुए किसानों के लिए मुआवजे की मांग की
  • योगी आदित्यनाथ के मीडिया सलाहकार मृत्युंजय कुमार ने प्रियंका के ट्वीट में गलती पकड़ ली, जिसे बाद में कांग्रेस नेता ने उसे डिलीट कर दिया

नई दिल्ली: क्या कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार को घेरने की जल्दबाजी में गलत ट्वीट कर दिया? क्या कांग्रेस नेता ने पाकिस्तान और राजस्थान के किसानों की फसल बर्बादी के फोटो ट्वीट कर दिए और योगी आदित्यनाथ सरकार पर सवाल उठाए? ये सवाल इसलिए क्योंकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मीडिया सलाहकार मृत्युंजय कुमार ने प्रियंका गांधी के इस ट्वीट पर जवाब दिया। इसके बाद प्रियंका ने वो ट्वीट डिलीट किया दिया।

मृत्युंजय कुमार ने ट्वीट किया, 'झूठ के पैर नहीं होते, ज्यादा चलने पर वो अक्सर गिर मेरा मतलब डिलीट हो ही जाता है।' 

अपने ट्वीट पर घिरीं प्रियंका गांधी
इससे पहले उन्होंने प्रियंका के उस ट्वीट पर भी जवाब दिया, जो बाद में डिलीट हो गया। मृत्युंजय ने कहा था, 'श्रीमती प्रियंका जी, माना आपकी पार्टी को पाकिस्तान से अधिक प्रेम है लेकिन पाकिस्तान और आपके अपने राज्य राजस्थान की फोटो को उत्तर प्रदेश का बताकर ना डालें।' इसके साथ उन्होंने दो फोटो भी संलग्न किए थे, जिसमें से एक राजस्थान में ओले गिरने से बर्बाद हुई फसल की है, तो दूसरी पाकिस्तान में बर्बाद हुई फसलों की है।

इस ट्वीट को किया डिलीट
जिस ट्वीट को प्रियंका ने डिलीट कर दिया, उसमें लिखा था, 'इन किसानों का दर्द सुनिए। ओलावृष्टि और भारी बारिश के चलते उत्तर प्रदेश की तमाम जगहों पर किसानों की फसल बर्बाद हो गई। कई किसानों की तो 80% तक फसल बर्बाद हो गई है। यूपी की भाजपा सरकार को कोरे दावे करने की बजाए नुकसान का पूरा आकलन करके किसानों को उचित मुआवजा देना चाहिए।' 

बाद में वीडियो के साथ किया ट्वीट
हालांकि प्रियंका मौसम की वजह से हुई फसल बर्बादी को लेकर लगातार यूपी सरकार को घेर रही हैं। उन्होंने एक और वीडियो ट्वीट करते हुए कहा है, 'इन किसानों का दर्द सुनिए। ओलावृष्टि और भारी बारिश के चलते उत्तर प्रदेश की तमाम जगहों पर किसानों की फसल बर्बाद हो गई। कई किसानों की तो 80% तक फसल बर्बाद हो गई है। यूपी की भाजपा सरकार को कोरे दावे करने की बजाय नुकसान का पूरा आंकलन करके किसानों को उचित मुआवजा देना चाहिए।'  

इस ट्वीट में शब्द वही हैं जो डिलीट किए गए ट्वीट में थे। बस इसमें वीडियो है, जबकि उसमें तस्वीरें थीं। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।