लाइव टीवी

अयोध्या को लेकर ये है योगी आदित्यनाथ की योजना, कहा- हम इसे भारत और विश्व का गौरव बनाएंगे

Updated Jul 25, 2020 | 17:18 IST

Yogi Adityanath in Ayodhya: 5 अगस्त को होने वाले राम मंदिर के भूमि पूजन से पहले अयोध्या पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हम अयोध्या को देश और दुनिया का गौरव प्रदान करेंगे।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspANI
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
मुख्य बातें
  • मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या पहुंचकर राम मंदिर निर्माण के शिलान्यास की तैयारियों की समीक्षा की
  • अयोध्या को देश और दुनिया का गौरव प्रदान करेंगे: योगी आदित्यनाथ

नई दिल्ली: 5 अगस्त को होने वाले राम मंदिर के शिलान्यास से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को अयोध्या पहुंचे। यहां उन्होंने तैयारियों का जायजा लिया। अयोध्या में मुख्यमंत्री ने राम लला के दर्शन किए और आरती की। योगी ने राम जन्मभूमि में लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न को नए आसन पर विराजमान किया। मुख्यमंत्री ने मंदिर निर्मण की तैयारियों का जायजा भी लिया। सीएम योगी आदित्यनाथ यहां अयोध्या के सांसद, विधायकों और श्री राम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट और स्थानीय प्रशासन के सदस्यों के साथ बैठक की।

सीएम ने कहा, 'हम अयोध्या को भारत और विश्व का गौरव बनाएंगे। स्वच्छता पहली शर्त होनी चाहिए। अयोध्या के सामने एक अवसर है कि दुनिया जिस प्रकार से अयोध्या को देखना चाहती है उस प्रकार की क्षमता हम लोगों में है या नहीं। ये हमें स्वयं अपने आत्म अनुशासन के माध्यम से दुनिया को साबित करना है, अयोध्या को देश और दुनिया का गौरव प्रदान करेंगे।' 

उन्होंने कहा, 'हम सभी एक शुभ कार्यक्रम के लिए एक साथ आएंगे। 4 और 5 अगस्त की रात को सभी घरों और मंदिरों में 'दीपोत्सव' होगा। दीपावली अयोध्या से जुड़ी है और अयोध्या के बिना त्योहार की कल्पना भी नहीं की जा सकती। अयोध्या में रामजन्मभूमि के लिए संगठित रूप से देशव्यापी आंदोलन राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के मार्गदर्शन में विश्व हिन्दू परिषद ने संतों के निर्देशन में चलाया और परिणाम हमारे सामने आया।' 

योगी आदित्यनाथ के अयोध्या दौरे पर राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने कहा, 'प्रधानमंत्री जी उनके प्रांत में आ रहे हैं, मुख्यमंत्री जी ने अयोध्या दौरा करके अपने राजधर्म का पालन किया है।' 

जोरों से चल रही तैयारियां

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 अगस्त को शिलान्यास करेंगे। राम मंदिर के शिलान्यास का मुहुर्त तय हो चुका है और इस समय वहां जोर शोर से तैयारियां चल रही हैं। प्रधानमंत्री के अलावा मंदिर आंदोलन से जुड़े पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी, भाजपा नेता मुरली मनोहर जोशी, उमा भारती, विनय कटियार, साध्वी रितंभरा सहित तमाम नेताओं और साधु संतों को आमंत्रित किया गया है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।