लाइव टीवी
  • Hindi News
  • India News
  • Amarnath cloudburst LIVE updates in Hindi Yatra temporarily suspended death toll rises more then 13
Live Blog

Amarnath Cloudburst Updates: अमरनाथ रेस्क्यू ऑपरेशन रात भर रहा जारी, कोई और शव बरामद नहीं, बेस कैंप के आगे भक्तों की आवाजाही की अनुमति नहीं

Updated Jul 10, 2022 | 02:58 PM IST

Amarnath Cloudburst News Updates: अमरनाथ गुफा के पास बादल फटने से अब तक 16 लोगों की मौत हो गई है। मृतकों की संख्या में और इजाफा हो सकता है। NDRF के मुताबिक अमरनाथ यात्रा घटना में अभी तक तकरीबन 35-40 श्रद्धालु लापता हैं। लोगों को बचाने की हर संभव कोशिश की जा रही है,मेडिकल टीम हादसे वाली जगह पर मौजूद हैं। कई घायलों को एयरलिफ्ट भी किया गया है।

Loading ...
Amarnath Cloudburst Updates

Amarnath Cloudburst News Updates: अमरनाथ गुफा के पास शुक्रवार को बादल फटने से अब तक 16 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। हादसे में 48 से ज्यादा लोग घायल हैं। इसी बीच 35 से 40 श्रद्धालुओं के लापता होने की खबर हैं। बादल फटने से शुक्रवार को 3 लंगर हॉल और 25 टेंट तबाह हो गए। अभी और भी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल खराब मौसम की वजह से यात्रा रोक दी गई है। हर तरफ पानी का तेज बहाव दिखाई दे रहा है। पीएम मोदी और गृहमंत्री शाह ने ट्वीट कर हादसे पर दुख जताया है। 

Jul 10, 2022  |  11:34 AM (IST)
अमरनाथ गुफा के पास आज भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, सेना और एयरफोर्स ने झोंकी ताकत
अमरनाथ रेस्क्यू ऑपरेशन रात भर जारी रहा है बताया जा रहा है कि कोई और शव बरामद नहीं हुआ है वहीं बेस कैंप के आगे भक्तों की आवाजाही की परमीशन नहीं है, देखिए रेस्क्यू ऑपरेशन की क्या है आज की स्थिति?
Jul 10, 2022  |  11:35 AM (IST)
बेस कैम्प के आगे भक्तों की आवाजाही की अनुमति नहीं
भारतीय सेना ने बताया कि अमरनाथ रेस्क्यू ऑपरेशन रात भर जारी रहा। कोई और शव बरामद नहीं हुआ। बेस कैम्प के आगे भक्तों की आवाजाही की अनुमति नहीं है। काफिले को केवल आधार शिविर क्षेत्रों से जम्मू जाने की अनुमति है। अतिरिक्त पोर्टेबल थ्रू-वॉल रडार, अर्थ-मूविंग उपकरण शामिल किए जा रहे हैं।
Jul 10, 2022  |  08:28 AM (IST)
एलजी मनोज सिन्हा ने यात्रियों से शिविरों में ही रहने का अनुरोध किया

जम्मू कश्मीर के एलजी मनोज सिन्हा ने कहा, 'मैं अनुरोध करता हूं कि यात्री शिविरों में ही रहें, प्रशासन उनको आराम से रहने के लिए सभी सुविधाएं मुहैया करा रहा है, हम यात्रा को यथाशीघ्र बहाल करने की कोशिश कर रहे हैं।'
 

Jul 10, 2022  |  07:28 AM (IST)
बचाव कार्य के लिए AirForce की गई तैनात
अमरनाथ धाम हादसे के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है इस काम में सेना काफी मदद कर रही है, बचाव कार्य के लिए वायुसेना तैनात की गई है वहीं डीजीपी दिलबाग सिंह ने कहा कि अधिकतर घायलों को पहले ही अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है, जबकि कुछ लोगों को श्रीनगर के बेस अस्पताल में इलाज चल रहा है और उन्हें भी 24 घंटों में छुट्टी दे दी जाएगी।
Jul 09, 2022  |  08:48 PM (IST)
एलजी मनोज सिन्हा ने की बचाव और राहत अभियान की समीक्षा

जम्मू-कश्मीर एलजी का कार्यालय ने कहा कि जम्मू-कश्मीर एलजी मनोज सिन्हा ने अमरनाथ गुफा में चल रहे बचाव और राहत अभियान की समीक्षा के लिए आज एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। इस घटना में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं को श्रद्धांजलि देने के लिए बैठक में दो मिनट का मौन रखा गया। प्रशासन सारी सुविधाएं दे रहा है। बचाव और राहत कार्य जोरों पर है। कम से कम समय में मलबा हटाने के लिए सेना, वायु सेना, सीएपीएफ, एनडीआरएफ की टीमें सराहनीय काम कर रही हैं। मैं यात्रियों से शिविरों में रहने का अनुरोध करता हूं। हम यात्रा को जल्द से जल्द बहाल करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।
 

Jul 09, 2022  |  05:30 PM (IST)
35 तीर्थयात्रियों को इलाज के बाद मिली छुट्टी

श्राइन बोर्ड के अधिकारी के अधिकारी ने कहा कि 35 तीर्थयात्रियों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। 17 का इलाज चल रहा है और उन्हें आज रात छुट्टी मिलने की संभावना है। सभी सुरक्षित और स्वस्थ हैं। 
 

Jul 09, 2022  |  04:25 PM (IST)
अमरनाथ हादसा में 16 की मौत, 40 अभी लापता

अमरनाथ हादसा में 40 लोग अभी लापता हैं। 16 लोगों की मौत हो गई है।

Jul 09, 2022  |  03:39 PM (IST)
अमरनाथ गुफा के पास बचाव अभियान जारी
जम्मू और कश्मीर में अमरनाथ गुफा जहां कल बादल फटा था, वहां बचाव अभियान जारी है। घटना में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है।
Jul 09, 2022  |  03:06 PM (IST)
अमरनाथ यात्रियों को बचाने के लिए आधुनिक उपकरणों का इस्तेमाल कर रही सेना

भारतीय सेना ने भारी बारिश के बाद अचानक आई बाढ़ में फंसे अमरनाथ यात्रा के श्रद्धालुओं को बचाने के लिए आधुनिक उपकरणों और जवानों को तैनात किया है। सेना के एक अधिकारी ने शनिवार को यहां बताया कि बचाव दल को शुक्रवार शाम को बादल फटने से लोगों के हताहत होने की खबर मिलने के तुरंत बाद घटनास्थल पर भेजा गया। उन्होंने बताया कि एक कर्नल की अगुवाई में इंफेंटरी बटालियन के साथ ही त्वरित प्रतिक्रिया दल, राष्ट्रीय राइफल्स सेक्टर के कर्मियों की एक अतिरिक्त कंपनी और विशेष बलों का एक दल विशेष बचाव उपकरणों के साथ पवित्र गुफा पहुंचा।

Jul 09, 2022  |  02:20 PM (IST)
अमरनाथ में अचानक बाढ़ अत्यधिक स्थानीय बारिश के चलते आयी: आईएमडी

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को कहा कि दक्षिण कश्मीर स्थित अमरनाथ गुफा मंदिर के समीप मची तबाही बादल फटने के कारण नहीं हुई बल्कि बेहद स्थानीय स्तर पर बारिश की एक घटना के कारण हुई। इस घटना में कई लोगों की मौत हो गई। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अमरनाथ गुफा मंदिर के पास शुक्रवार शाम साढ़े चार बजे से शाम साढ़े छह बजे तक 31 मिलीमीटर बारिश हुई, जो बादल फटने जैसी किसी घटना के हिसाब से कम है।

Jul 09, 2022  |  01:25 PM (IST)
अमरनाथ में श्रद्धालुओं की मौत पर झारखंड के राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने शोक जताया

 जम्मू कश्मीर में पवित्र अमरनाथ गुफा के निकट बादल फटने की घटना में श्रद्धालुओं की मृत्यु होने पर झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को गहरा शोक प्रकट किया और शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। राज्यपाल रमेश बैस ने अपने शोक संदेश में कहा, ‘पवित्र अमरनाथ गुफा क्षेत्र में बादल फटने के कारण हुई दुर्घटना में अनेक तीर्थयात्रियों का निधन अत्यन्त दुखद व पीड़ादायी है।’

Jul 09, 2022  |  12:51 PM (IST)
यात्रा स्थगित

प्रशासन के एक अधिकारी ने कहा कि 30 जून से शुरू हुई अमरनाथ यात्रा को इस त्रासदी के बाद स्थगित कर दिया गया है और बचाव अभियान खत्म होने के बाद इसे फिर से शुरू करने पर फैसला किया जाएगा। शुक्रवार को घटनास्थल पर मौजूद रहे एक अधिकारी ने कहा था कि करीब 40 लोग लापता हैं जबकि पांच को बचा लिया गया है।
 

Jul 09, 2022  |  12:33 PM (IST)
अमरनाथ हादसे में 5 लोगों की हुई पहचान

अमरनाथ हादसे में जान गंवाने वाले 16 लोगों में से 5 लोगों की पहचान हो चुकी है। इसमें से 3 राजस्थान और 2 दिल्ली के रहने वाले हैं।

Jul 09, 2022  |  11:50 AM (IST)
40 लापता लोगों की तलाश के लिए जी जान से सभी टीमें लगी हुई हैं

अमरनाथ हादसे के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन तेज हो गया है। लापता 40 लोगों को खोजने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है। सेना, एयरफोर्स, NDRF, बीएसफ और कश्मीर पुलिस पूरी जी जान से जुटी हुई है। हालांकि कल हुए हादसे में 16 लोगों की मौत हो गई है लेकिन सेना ने 15000 लोगों को समय रहते मौके से निकाल भी लिया है। मौके से बचे लोगों का कहना है कि ये बाबा बर्फानी की कृपा और सेना के बड़े राहत और बचा के काम ने ज्यादा बड़ा हादसा होने से बचा लिया नहीं तो मरने वालों की संख्या कहीं ज्यादा होती। अभी 40 लापता लोगों की तलाश के लिए जी जान से सभी टीमें लगी हुई हैं

Jul 09, 2022  |  11:29 AM (IST)
40 लोग लापता

16 लोगों के मृत्यु की खबर है और 40 के आसपास लोग लापता हैं. रात साढ़े 4 बजे तक रेस्क्यू का काम चला फिर बारिश के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन रोका गया वापस सुबह 6 बजे से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया: अतुल करवाल, DG, NDRF

Jul 09, 2022  |  10:42 AM (IST)
आईएमडी ने की थी ये भविष्यवाणी

हर साल, आईएमडी अमरनाथ यात्रा के लिए एक विशेष मौसम सलाह जारी करता है। शुक्रवार को जिले के लिए सामान्य, दैनिक पूवार्नुमान येलो अलर्ट (मतलब नजर रखें) का था। यहां तक कि शाम के पूर्वानुमान, अमरनाथ यात्रा पूर्वानुमान वेबसाइट पर शाम 4.07 बजे, पहलगाम की ओर और बालटाल दोनों तरफ से मार्ग के लिए आंशिक रूप से बहुत हल्की बारिश की संभावना के साथ आंशिक रूप से बादल छाए रहने की आशंका थी लेकिन साथ में कोई चेतावनी नहीं थी। आईएमडी के मानदंड के अनुसार, यदि एक घंटे में केवल 100 मिमी वर्षा होती है तो इसे बादल फटना कहा जाता है।

Jul 09, 2022  |  10:15 AM (IST)
एमआई-17 हेलीकॉप्टर से लाए जा रहे हैं घायल

वायु सेना के मुताबिक, अमरनाथ गुफा स्थल से घायल तीर्थयात्रियों को भारतीय वायु सेना के एमआई-17 हेलीकॉप्टर में आगे के इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा है। खराब मौसम के कारण लद्दाख सेक्टर से श्री घाटी में हेलिकॉप्टरों को लाना मुश्किल हो रहा है।

Chandrayaan 3