लाइव टीवी
  • Hindi News
  • India News
  • Bharat Bandh today 27 September 2021 Bharat Band live hindi news updates farmers protest haryana bangalore up
Live Blog

Bharat Bandh: भारत बंद पूर्ण रूप से सफल रहा,आगे की रणनीति SKM बनाएगा: टिकैत

Updated Sep 28, 2021 | 11:22 AM IST

कृषि कानूनों के खिलाफ बीते 10 माह से आंदोलनरत किसानों ने भारत बंद का आह्वान किया था जिसका असर मिला जुला रहा। संयुक्‍त किसान मोर्चा के बैनर तले आहूत इस बंद में कई अन्‍य संगठन भी शामिल हुए। किसानों के इस भारत बंद को कई राजनीतिक दलों और राज्‍य सरकारों ने भी समर्थन दिया था।

Loading ...
तस्वीर साभार:  Twitter
Bharat Bandh Today 27 September

संयुक्‍त किसान मोर्चा द्वारा बुलाए गए भारत बंद का आज मिला जुला असर रहा है। इस दौरान लोगों से स्‍वेच्‍छा से सब बंद रखने की अपील की गई थी। दिल्ली एनसीआर में कुछ जगहों पर जहां सड़कों पर वाहन रेंगते हुए नजर आए वहीं यूपी में इसका असर ना के बराबर रहा। बंद का आह्वान सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक के लिए किया गया था। इस दौरान अस्पताल, मेडिकल स्टोर, राहत एवं बचाव कार्य सहित सभी आवश्यक सेवाओं को छूट मिली थी। किसान नेताओं का दावा है कि भारत बंद पूरी तरह सफल रहा।

Sep 27, 2021  |  04:53 PM (IST)
टिकैत बोले- सफल रहा भारत बंद

किसान नेताओं द्वारा आज बुलाए गए भारत बंद का मिला जुला असर देखने को मिला। इस दौरान राजधानी दिल्ली में कई जगहों पर सड़कों पर वाहन रेंगते हुए नजर आए, वहीं दूसरी तरफ पंजाब में किसानों ने रेल की पटरियों पर बैठकर प्रदर्शन किया जिससे रेल यातायात भी प्रभावित रहा। इस बंद को कई संगठनों के अलावा राजनीतिक दलों ने भी समर्थन दिया था जो सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक चला। किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा, 'भारत बंद पूर्ण रूप से सफल रहा। आगे की रणनीति संयुक्त किसान मोर्चा बनाएगा।'

Sep 27, 2021  |  03:49 PM (IST)
सरकार किसानों की नहीं सुन रही है- आरजेडी
'भारत बंद को लेकर आरजेडी प्रवक्ता मनोज झा ने कहा- 'सरकार किसानों की सुन नहीं रही है। क्या किसान देश के नागरिक नहीं है, वो नहीं है परेशानी में? क्या कहती है सरकार बातचीत? एकालाप को वार्तालाप मान लें आप, और चाहते हैं कि किसान मान लें... ये बहुमत का मगरूर मत रखिए...लोकतंत्र को पंगु बना दिया है इस सरकार ने...'
Sep 27, 2021  |  02:26 PM (IST)
किसानों ने नोएडा प्राधिकरण की तरफ़ कूच किया
आज किसान नोएडा प्राधिकरण के पास अपनी मांगों को लेकर भारी संख्या में इकट्ठा हुए और पुलिस बैरिकेडिंग को तोड़ा और पुलिस बैरिकेडिंग को तोड़कर किसानों ने नोएडा प्राधिकरण की तरफ़ कूच किया।
Sep 27, 2021  |  01:47 PM (IST)
वरुण गांधी बोले- महंगाई के अनुरूप गन्ने का रेट 400 प्रति क्विंटल घोषित करें
बीजेपी सांसद वरुण गांधी ने कहा- योगी सरकार से मेरा निवेदन है कि कृपया बढ़ती लागत व महंगाई के अनुरूप गन्ने का रेट 400 प्रति क्विंटल घोषित करें या सरकार की ओर से 50 रुपये/क्विंटल का बोनस घोषित रेट के ऊपर अलग से देने की कृपा करें।
Sep 27, 2021  |  12:58 PM (IST)
प्रदर्शनकारी बहादुरगढ़ रेलवे स्टेशन के ट्रैक पर बैठे
हरियाणा के बहादुरगढ़ में संयुक्त किसान मोर्चा के भारत बंद के आह्वान पर प्रदर्शनकारी बहादुरगढ़ रेलवे स्टेशन के ट्रैक पर बैठकर अपना विरोध जता रहे हैं।
Sep 27, 2021  |  11:55 AM (IST)
चेन्नई में प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया
तीन कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे प्रदर्शनकारियों ने आज किसान संगठनों द्वारा बुलाए गए भारत बंद के समर्थन में चेन्नई के अन्ना सलाई इलाके में पुलिस बैरिकेड्स तोड़ दिए, प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। वहीं तमिलनाडु , माकपा राज्य सचिव के बालकृष्णन ने कहा कि किसान लगातार विरोध कर रहे हैं और मोदी सरकार कानूनों को वापस लेने से इनकार कर रही है संघर्ष जारी रहेगा और तेज होगा।
Sep 27, 2021  |  11:02 AM (IST)
गुरुग्राम-दिल्ली सीमा पर भारी ट्रैफिक जाम
किसानों के भारत बंद का असर दिल्ली के ट्रैफिक पर भी पड़ रहा है। दिल्ली-गुरुग्राम हाइवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया है।राष्ट्रीय राजधानी में प्रवेश करने वाले वाहनों के रूप में गुरुग्राम-दिल्ली सीमा पर भारी ट्रैफिक जाम देखा गया, दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों द्वारा आज किसान संगठनों द्वारा बुलाए गए भारत बंद के मद्देनजर जाँच की जा रही है।
Sep 27, 2021  |  10:03 AM (IST)
किसान आंदोलन का असर ट्रेनों के संचालन पर भी दिखा

किसानों के बुलाए 'भारत बंद' का असर ट्रेनों पर भी नजर आ रहा है बताया जा रहा है कि नई दिल्ली अमृतसर- शान ए पंजाब सुबह 6:40 नई दिल्ली से चलती थी वो रद्द है वहीं  नई दिल्ली- मोगा- सुबह 7 बजे रद्द इसके अलावा पुरानी दिल्ली- पठानकोट रद्द, वहीं वंदे भारत एक्सप्रेस- कटरा जाने वाली- नई दिल्ली से सुबह 6 बजे चली लेकिन पानीपत स्टेशन पर खड़ी है।  नई दिल्ली से सुबह 7 :20 अमृतसर शताब्दी रद्द साथ ही नई दिल्ली से सुबह 7:40 बजे चलने वाली कालका शताब्दी रद्द है।
 

Sep 27, 2021  |  09:52 AM (IST)
केरल के तिरुवनंतपुरम में 'भारत बंद' का खासा असर, सड़कें आईं सूनी नजर
केरल के कई इलाकों में 'भारत बंद' का अच्छा असर दिख रहा है, सड़कें सूनी दिख रही हैं, तिरुवनंतपुरम में दुकानें बंद हैं। एलडीएफ और यूडीएफ से जुड़े ट्रेड यूनियनों ने तीन कृषि कानूनों के खिलाफ आज भारत बंद के आह्वान का समर्थन किया। थंपनूर और पूर्वी किला क्षेत्रों से भारत बंद की तस्वीरें आईं सामने...
Sep 27, 2021  |  09:37 AM (IST)
'भारत बंद' के समर्थन में कलबुर्गी सेंट्रल बस स्टेशन के बाहर विरोध प्रदर्शन
प्रदर्शनकारी के नीला ने बताया कि कर्नाटक में विभिन्न संगठनों ने कलबुर्गी सेंट्रल बस स्टेशन के बाहर विरोध प्रदर्शन किया क्योंकि किसान संगठनों ने 3 कृषि कानूनों के खिलाफ आज भारत बंद का आह्वान किया।"कई संगठन हमारे किसानों का समर्थन कर रहे हैं और देशव्यापी बंद के आह्वान में भाग ले रहे हैं,"
Sep 27, 2021  |  08:38 AM (IST)
राकेश टिकैत बोले- एम्बुलेंस, डॉक्टर या आपात स्थिति में जाने वाले लोग गुजर सकते हैं


किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा-एम्बुलेंस, डॉक्टर या आपात स्थिति में जाने वाले लोग गुजर सकते हैं। हमने कुछ भी सील नहीं किया है, हम सिर्फ एक संदेश भेजना चाहते हैं। हम दुकानदारों से अपील करते हैं कि वे अपनी दुकानें अभी बंद रखें और शाम 4 बजे के बाद ही खोलें। बाहर से यहां कोई किसान नहीं आ रहा।

Sep 27, 2021  |  08:36 AM (IST)
गाजीपुर बॉर्डर पर NH-9 और NH-24 किया जाम
किसान आंदोलन के मद्देनजर गाजीपुर बॉर्डर पर किसानों ने NH-9 और NH-24 को जाम कर दिया है और विरोध में सड़क पर ही बैठ गए हैं। विरोध के चलते गाजीपुर की ओर यातायात बंद कर दिया गया है।
Sep 27, 2021  |  08:01 AM (IST)
बिहार के विभिन्न हिस्सों में विरोध प्रदर्शन के साथ शुरुआत

भारत बंद के समर्थकों ने बिहार के विभिन्न हिस्सों में विरोध प्रदर्शन के साथ शुरुआत की। राज्य की राजधानी में भारी बंदोबस्त किए गए हैं,CPIML विधायक सुदामा प्रसाद ने भोजपुर के आरा बस अड्डे पर मोर्चा संभाला जबकि राजद विधायक मुकेश रोशन ने अपने समर्थकों के साथ महात्मा गांधी सेतु पर आंदोलन को बाधित किया, एम्बुलेंस को अब तक चलने की अनुमति है।

Sep 27, 2021  |  08:00 AM (IST)
कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में दिल्ली-अमृतसर राष्ट्रीय राजमार्ग किया ब्लॉक

दिल्ली-अमृतसर राष्ट्रीय राजमार्ग हरियाणा के कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में किसानों के विरोध में, कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन करते हुए अवरुद्ध कर दिया गया। किसान संगठनों ने तीन कृषि कानूनों के खिलाफ आज "भारत बंद" का आह्वान किया है।

Sep 27, 2021  |  07:44 AM (IST)
उत्तर प्रदेश में अलर्ट जारी किया गया है

कृषि कानून के विरोध में सोमवार को भारत बंद की घोषणा के मद्देनजर उत्तर प्रदेश में अलर्ट जारी किया गया है एडीजी कानून-व्यवस्था प्रशांत कुमार का कहना है कि रेलवे स्टेशन, बस अड्डा समेत अन्य सभी प्रमुख स्थलों पर अतिरिक्त सतर्कता बरते जाने के कड़े निर्देश दिए हैं संवेदनशील स्थानों पर कानून-व्यवस्था ड्यूटी के लिए अतिरिक्त पीएसी भी मुस्तैद की गई है।

Sep 27, 2021  |  07:10 AM (IST)
उत्तर प्रदेश से गाजीपुर की ओर यातायात बंद
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ट्वीट कर बताया कि विरोध के कारण उत्तर प्रदेश से गाजीपुर की ओर यातायात बंद कर दिया गया है, ऐसा लोगों की सुरक्षा को देखते हुए किया गया है।
Sep 26, 2021  |  10:02 PM (IST)
दिल्‍ली में सुरक्षा के पुख्‍ता इंतजाम

किसानों के भारत बंद को देखते हुए दिल्‍ली में सुरक्षा के पुख्‍ता इंतजाम किए गए हैं। 26 जनवरी को लाल किला पर हुई हिंसक घटना को देखते हुए पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है। किसान संगठनों की ओर से भी आश्‍वस्‍त किया गया है कि बंद शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित किया जाएगा। इसमें किसी तरह की जोर-जबदस्‍ती नहीं होगी। भारत बंद को देखते हुए दिल्‍ली में पुलिस ने गश्‍त बढ़ा दी है, जहां सिंघु बॉर्डर पर किसानों का धरना-प्रदर्शन बीते 10 माह से जारी है।

Chandrayaan 3