लाइव टीवी
  • Hindi News
  • India News
  • Corona crisis in india live updates US Britain medical relief oxygen concentrators
Live Blog

Corona Crisis: दिल्ली में 381 लोगों की 'जिंदगियां' लील गया कोरोना, 1 दिन में सबसे ज्यादा मौत का आंकड़ा

Updated Apr 27, 2021 | 11:25 PM IST

भारत में कोरोना का संक्रमण बेकाबू हो गया है। महामारी की हालत देख कर अमेरिकी, फ्रांस, ब्रिटेन, जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया, सऊदी अरब, हांग कांग सहित दुनिया के कई देश मेडिकरण उपकरण एवं सामग्रियों की आपूर्ति करने लगे हैं। भारत में कोरोना की स्थिति पर विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने चिंता जताई है। संगठन ने भी कहा है कि वह भारत की हरसंभव मदद कर रहा है।

Loading ...
भारत में कोरोना संकट, 27 अप्रैल।

Covid-19 crisis in India: भारत में सोमवार को बीते 24 घंटे में कोरोना के संक्रमण के 3,52,991 नए मामले सामने आए। जबकि इस दौरान 2812 लोगों की मौत हुई। संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र से आ रहे हैं। संक्रमण पर रोक लगाने के लिए सरकार अपने टीकाकरण अभियान को तेज करने जा रही है। एक मई से देश में 18 साल से अधिक उम्र वाले लोगों को कोरोना का टीका लगाया जाएगा। कई राज्यों ने कहा है कि वे अपने नागरिकों को मुफ्त में टीका लगाएंगी। अस्पतालों में मेडिकल ऑक्सीजन की कमी को दूर करने के लिए संयंत्रों में उत्पादन बढ़ा दिया गया है।  
 

Apr 27, 2021  |  11:25 PM (IST)
दिल्ली में पिछले 24 घंटे में सामने आए 24,149 नए केस, एक दिन में सबसे ज्यादा मौतें भी
दिल्ली में कोरोना की रफ्तार थमने का नाम ही नहीं ले रही है और रोज ही आंकड़े नया रिकॉर्ड बना रहे हैं कोरोना के मामले में मंगलवार का दिन दिल्ली वालों के लिए बेहद दुखदाई रहा, दिल्ली में पिछले 24 घंटों में कोरोना से 381 मरीजों की मौत हो गई बताते हैं कि ये आंकड़ा दिल्ली में एक दिन का अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है वहीं 24,149 नए मामले भी सामने आए हैं इसके अलावा एक्टिव मामलों की संख्या 98,000 के पार हो गई है, जो अब तक का सबसे ज्यादा आंकड़ा है।
Apr 27, 2021  |  10:05 PM (IST)
महाराष्ट्र में "मिनी लॉकडाउन" 15 दिन और बढ़ाने का सुझाव

महाराष्ट्र में तमाम पाबंदियां लगाने के बाद भी कोरोना वायरस के मामले रूकने का नाम ही नहीं ले रहे हैं, मंगलवार को प्रदेश में कोरोना के 66 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए वहीं इस घातक बीमारी से राज्य में करीब 895 लोगों की जान भी इस दौरान चली गई। इस स्थिति के चलते अब कहा जा रहा है कि राज्य की ठाकरे सरकार प्रदेश में लागू मिनी लॉकडाउन की मियाद बढ़ा सकती है इस बावत सरकार के कैबिनेट मंत्री विजय वडेट्टीवार ने संकेत भी दिए हैं बताया जा रहा है कि उन्होंने मिनी लॉकडाउन 15 दिन और बढ़ाने का सुझाव दिया है।
 

Apr 27, 2021  |  08:00 PM (IST)
मुंबई में 18 साल के ऊपर वालों का वैक्सीनेशन सरकारी अस्पतालों में नहीं

18-45 आयु वर्ग के नागरिकों का म्यूनिसिपल और सरकारी टीकाकरण केंद्रों पर टीकाकरण नहीं किया जाएगा। उन्हें निजी अस्पतालों में ही टीके लगेंगे। बीएमसी या सरकारी अस्पतालों केवल 45 वर्ष और उससे अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों और जिन्हें दूरी डोज लगनी है उनके लिए टीकाकरण  जारी रहेगा।
 

Apr 27, 2021  |  06:51 PM (IST)
केरल में सामने आए कोविड -19 के 32,819 मामले, 32 लोगों की मौतें भी

केरल के सीएम पिनारयी विजयन ने बताया कि "केरल ने आज 32,819 कोविड पॉजिटिव मामले दर्ज किए और यह अब तक का सबसे अधिक एकल दिन का स्पाइक है। एक्टिव केस में 255 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। कोविड -19 के म्यूटेंट वेरिएंट में वृद्धि हुई है ये राज्य में फैल रहा है। कालीकट में 5015 मामलों के साथ उच्चतम मामले दर्ज किए गए, इसके बाद एर्नाकुलम में 4270 मामले दर्ज किए गए। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि ऑक्सीजन सभी अस्पतालों में उपलब्ध हो। कोविड -19 के कारण 32 मौतें आज हुई हैं।"
 

Apr 27, 2021  |  06:15 PM (IST)
कोरोना संकट में यूरोपीय संघ भारतीय लोगों की मदद के लिए आया आगे

यूरोपीय संघ ने कहा है कि कोरोना संकट की इस घड़ी में वो भारतीय लोगों के साथ पूर्ण एकजुटता में खड़ा है और इस महत्वपूर्ण समय में उनका समर्थन करने के लिए तैयार है। यूरोपीय संघ के देशों द्वारा भारत में आने वाले दिनों में तत्काल आवश्यक ऑक्सीजन, चिकित्सा और उपकरणों की एक खेप पहुंचाई जाएगी।

Apr 27, 2021  |  04:52 PM (IST)
कोरोना से लड़ने की तैयारी में रेलवे ने उठाए अहम कदम
रेल मंत्रालय ने राज्यों द्वारा उपयोग के लिए लगभग 64,000 बेड के साथ लगभग 4000 COVID केयर कोच बनाए हैं, रेल मंत्रालय ने कहा कि वर्तमान में 169 कोच विभिन्न राज्यों को सौंप दिए गए हैं। वहीं रेलवे ने बताया कि रेलवे ने राज्यों से मांग के अनुसार इंदौर के पास नागपुर, भोपाल, तिही के लिए COVID केयर कोच भी जुटाए हैं 11 COVID केयर डिब्बों के लिए मंडल रेल प्रबंधक, नागपुर और आयुक्त, नागपुर नगर निगम के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
Apr 27, 2021  |  03:05 PM (IST)
बैंकॉक से 18 ऑक्सीजन टैंकर आयात करेगी दिल्ली सरकार 

दिल्ली में जीवन रक्षक ऑक्सीजन की किल्लत के बीच मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को कहा कि उनकी सरकार थाइलैंड से 18 क्रायोजेनिक टैंकर और फ्रांस से तुरंत उपयोग में लाए जाने वाले ऑक्सीजन संयंत्र का आयात करेगी। उन्होंने कहा कि बीते सप्ताह हुई ऑक्सीजन की किल्लत की भरपाई कर ली गई है और बीते दो दिन में हालात में काफी सुधार हुआ है।

Apr 27, 2021  |  02:35 PM (IST)
असम में रात 8 बजे से सुबह 5 बजे तक कर्फ्यू

कोरोना के बढ़ते मामलों पर काबू पाने के लिए असम सरकार ने मंगलवार को बढ़ा फैसला किया। सोनोवाल सरकार ने राज्य में प्रत्येक दिन रात आठ बजे से सुबह पांच बजे तक नाइट कर्फ्यू लगाने का फैसला किया है। 

Apr 27, 2021  |  01:56 PM (IST)
राष्ट्रीय संकट के वक्त मूक दर्शक बनकर नहीं रह सकते : सुप्रीम कोर्ट 

कोविड-19 प्रबंधन पर स्वत: संज्ञान सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को कहा कि राष्ट्रीय संकट के वक्त शीर्ष अदालत मूक दर्शक बना नहीं रह सकता। कोर्ट ने कहा कि कोविड-19 के प्रबंधन के लिए राष्ट्रीय नीति तैयार करने के लिए उसके द्वारा स्वत: की जा रही कार्यवाही का मतलब कोर्ट के मुकदमों को दबाना नहीं है। शीर्ष अदालत ने कहा कि न्यायालय अपने अधिकार क्षेत्र के दायरे में कोविड-19 की स्थिति की निगरानी करने के लिए बेहतर स्थिति में हैं। कुछ राष्ट्रीय मुद्दों पर शीर्ष अदालत के हस्तक्षेप की आवश्यकता है क्योंकि कुछ मामले राज्यों के बीच समन्वय से संबंधित हो सकते हैं। 

Apr 27, 2021  |  01:29 PM (IST)
दिल्ली के अस्पतालों में ऑक्सीजन आपूर्ति की स्थिति अब बेहतर

कुछ दिनों तक ऑक्सीजन की किल्लत से जूझने के बाद दिल्ली में अस्पतालों ने मंगलवार को कहा कि ऑक्सीजन की आपूर्ति के लिहाज से अब पहले के मुकाबले हालात बेहतर हैं और उन्होंने मरीजों को फिर से भर्ती करना शुरू कर दिया है। राष्ट्रीय राजधानी में कोविड-19 के मामले बढ़ने के बीच शहर में और उसके आसपास के इलाकों में चिकित्सा केंद्रों ने ऑक्सीजन की कमी के बाद सोशल मीडिया पर मदद की गुहार लगाई। जयपुर गोल्डन अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डॉ. डी के बलूजा ने कहा कि अस्पताल में दिनभर के लिए ऑक्सीजन की पर्याप्त आपूर्ति है।

Apr 27, 2021  |  11:52 AM (IST)
ऑस्ट्रेलिया ने भारत से सीधी उड़ानें रोकीं

कोरोना संकट को देखते हुए ऑस्ट्रेलिया ने भारत से अपनी सीधी उड़ानों पर 15 मई तक के लिए अस्थाई रोक लगा दी है। प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने कहा कि भारत की यात्रा से आने पर 'खतरा बना हुआ' है। इसे देखते हुए भारत से सीधे होने वाली उड़ानें 15 मई तक निलंबित रहेंगी।   

Apr 27, 2021  |  11:01 AM (IST)
भारतीय-अमेरिकी डॉक्टरों ने शुरू की हेल्पलाइन

बिहार और झारखंड से संबंध रखने वाले डॉक्टरों के एक भारतीय-अमेरिकी समूह ने कोविड-19 रोगियों को घर बैठे निशुल्क परामर्श उपलब्ध कराने के लिये एक हेल्पलाइन शुरू की है। उत्तरी अमेरिका के बिहार एवं झारखंड एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉक्टर अविनाश गुप्ता और विभिन्न भारतीय-अमेरिकी डॉक्टरों की अगुवाई में यह समूह कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए लोगों को इंटरनेट और ऐप के जरिये निशुल्क स्वास्थ्य परामर्श प्रदान करता है।

Apr 27, 2021  |  09:54 AM (IST)
बीते 24 घंटे में कोरोना के 3,23144 नए केस,  2,771 लोगों की मौत

देश में बीत 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 3,23144 नए केस सामने आए हैं जबकि इस दौरान 2,771 लोगों की मौत हुई है। इस दौरान उपचार के बाद 2,51,827 लोग ठीक हुए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक इसके साथ ही देस में कोविड-19 से संक्रमित होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 1,76,36,307 हो गई है। उपचार के बाद अब तक 1,45,56,209 लोग ठीक हुए हैं। इस महामारी से अब तक 1,97, 894 लोगों की मौत हुई है। देश में एक्टिव केस की संख्या 28,82,204 है। अब तक 14,52,71,186 लोगों को कोरोना का टीका दिया जा चुका है।

Apr 27, 2021  |  09:38 AM (IST)
छत्तीसगढ़ से दिल्ली पहुंची 'ऑक्सीजन एक्सप्रेस'
दिल्ली के अस्पतालों में भर्ती कोरोना मरीजों के लिए मेडिकल ऑक्सीजन की आपूर्ति अन्य राज्यों से होने लगी है। छत्तीसगढ़ के जिंदल स्टील प्लांट से 'ऑक्सीजन एक्सप्रेस' सोमवार को दिल्ली पहुंची। इसके बाद राजधानी के अलग-अलग अस्पतालों को ट्रक से मेडिकल ऑक्सीजन भेजे गए।
Apr 27, 2021  |  08:30 AM (IST)
ब्रिटेन से पहुंची मेडिकल सामग्री
कोरोना महामारी से भारत को राहत देने के लिए विदेशों से मेडिकल उपकरण एवं सामग्री पहुंच रही है। ब्रिटेन से 100 वेंटीलेटर, 95 ऑक्सीजन कन्सेंट्रेटर्स सहित मेडिकल उपकरणों की एक बड़ी खेप मंगलवार तड़के पहुंची। अमेरिका, फ्रांस, ब्रिटेन सहित कई देशों से मेडिकल सामग्री भारत पहुंचने लगी है। संकट की इस घड़ी में कई देशों ने भारत की तरफ मदद का हाथ बढ़ाया है।
Apr 27, 2021  |  08:30 AM (IST)
असम में ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं: मंत्री

असम के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री चंद्र मोहन पटवारी ने सोमवार को कहा कि असम में ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं है, लेकिन इसके बावजूद राज्य सरकार ने उद्योगों को इस गैस की आपूर्ति रोकने का फैसला किया है। पटवारी ने राज्य के ऑक्सीजन संयंत्रों के प्रतिनिधियों के साथ वार्ता के दौरान उनसे उत्पादन बढ़ाने को कहा। उन्होंने एक बयान में कहा, ‘असम में ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं है।’ उन्होंने कहा कि उद्योगों को गैस की आपूर्ति रोककर ऑक्सीजन का पूरा उत्पादन अस्पतालों को भेजा जाएगा।

Apr 27, 2021  |  08:30 AM (IST)
युवा पत्रकार की कोरोना वायरस से मौत

युवा पत्रकार और ‘गुवाहाटी इंटरनेशल म्यूजिक फेस्टिवल’ (जीआईएमएफ) के संस्थापक आयुष्मान दत्ता का सोमवार को कोविड-19 के कारण निधन हो गया। दत्ता 35 वर्ष के थे और अविवाहित थे। उनके परिवार में उनके माता-पिता और भाई हैं। दत्ता की करीबी दोस्त तुलिका देवी ने गुवाहाटी में रहने वाले पत्रकार के निधन की खबर साझा की। वह अंग्रेजी दैनिक ‘द सेन्टनल’ के फीचर संपादक थे। असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने पत्रकार के निधन पर दुख जताया। वह महामारी के कारण राज्य में जान गंवाने वाले पहले मीडियाकर्मी हैं।

Chandrayaan 3