लाइव टीवी
Live Blog

Corona: दिल्ली के GTB अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी, 500 से ज्यादा मरीज ऑक्सीजन पर, मंत्री ने मांगी मदद

Updated Apr 20, 2021 | 11:51 PM IST

Coronavirus Updates: देश में बेकाबू हुए कोरोना वायरस की रफ्तार पर नियंत्रण पाने के लिए सरकार ने सोमवार को बड़ा फैसला किया। अब एक मई से 18 साल से ऊपर सभी व्यक्तियों को कोरोना का टीका लगाया जाएगा। इस बीच उत्तर प्रदेश में भी वीकेंड लॉकडाउन लगाने का फैसला किया गया है। कई जगह लॉकडाउन की वजह से दिल्ली, महाराष्ट्र और गुजरात के प्रवासी मजदूरों का अपने घर वापस लौटना जारी है।

Loading ...
तस्वीर साभार:  ANI
Corona cases Updates

Coroanavirus in India: देश में कोरोना वायरस की वजह से हालात काफी खराब हैं। भारत में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 2,59,170 नए मामले सामने आने के बाद देश में अब तक संक्रमित हो चुके लोगों की कुल संख्या बढ़कर 1,53,21,089 हो गई हैं, जिनमें से 20 लाख से अधिक लोग उपचाराधीन हैं। 24 घंटे में 1761 मौतें भी हुई हैं। कई जगह अस्पतालों में जगह नहीं मिल रही है तो कई जगह दवाई और ऑक्सीजन की भी कमी बनी हुई है। कोविड-19 टीकाकरण को 18 साल की उम्र से ऊपर के सभी नागरिकों के लिए खोलने के फैसले के बाद आपूर्ति तेज करने के लिए सरकार ने सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एसआईआई) और भारत बायोटेक को भविष्य में वैक्सीन की आपूर्ति के लिए 4,500 करोड़ रुपये देने को मंजूरी दी है। कोरोना वायरस से जुड़े अपडेट्स के लिए यहां बनें रहें:

Apr 20, 2021  |  11:51 PM (IST)
बिहार में 10 हजार से ज्यादा नए केस

बिहार में पिछले 24 घंटों में कोविड 19 के 10,455 नए मामले दर्ज किए गए हैं। राज्य में सक्रिय मामले 56,354 हुए।

Apr 20, 2021  |  11:45 PM (IST)
छत्तीसगढ़ में 15000 से ज्यादा नए केस

छत्तीसगढ़ में कोरोना वायरस के 15,625 नए मामले सामने आए हैं। 15,830 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है और पिछले 24 घंटों में 181 मौतें हुई हैं। राज्य में 1,25,688 सक्रिय मामले हैं। 1,14,644 मरीज ठीक हो गए हैं। छत्तीसगढ़ में कोरोना से 6274 की जान जा चुकी है।

Apr 20, 2021  |  11:04 PM (IST)
GTB अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी हुई

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने ट्वीट किया, 'जीटीबी अस्पताल में ऑक्सीजन की तीव्र कमी। ऑक्सीजन 4 घंटे से अधिक नहीं चल सकती है। ऑक्सीजन पर 500 से अधिक कोरोना रोगी हैं। संकट को दूर करने के लिए ऑक्सीजन की आपूर्ति को बहाल करने के लिए पीयूष गोयल मदद करें।' 

Apr 20, 2021  |  10:17 PM (IST)
दिल्ली में 28 हजार से ज्यादा नए केस, 277 मौतें

दिल्ली में कोरोना वायरस के रिकॉर्ड 28,395 नए मामले सामने आए हैं।  19,430 डिस्चार्ज हुए हैं और 24 घंटे में 277 मौतें हुई हैं। कुल मामले बढ़कर 9,05,541 हुए। 8,07,328 रोगी ठीक हो चुके हैं। दिल्ली में सक्रिय मामलों की संख्या 85,575 है। कोरोना से अब तक 12,638 लोगों की जान जा चुकी है।

Apr 20, 2021  |  08:41 PM (IST)
'अभी हमारे पास अगले 6-7 घंटों के लिए ऑक्सीजन उपलब्ध'

सर गंगाराम अस्पताल के चेयरमैन डॉ डी. एस राणा ने कहा, 'अभी हम घंटों में काम कर रहे हैं कि कितने घंटों तक ऑक्सीजन चल सकती है। अभी समस्या है जिसका समाधान हमें निकालना होगा। अभी हमारे पास अगले 6-7 घंटों के लिए ऑक्सीजन उपलब्ध है। अगर ऑक्सीजन नहीं मिली तो लोगों की जान जा सकती हैं। परन्तु हमें वादा किया गया है कि हमें ऑक्सीजन दी जाएगी। 4 घंटों में बाद दबाव कम होना शुरू हो जाएगा, हमें वेंटिलेटर चलाना मुश्किल हो जाएगा। हमें कम से कम 5000 लीटर ऑक्सीजन चाहिए।'

Apr 20, 2021  |  07:58 PM (IST)
दिल्ली के अधिकतम अस्पतालों में 8-12 घंटे की ऑक्सीजन: सिसोदिया

दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्वीट कर कहा, 'दिल्ली में अधिकतर अस्पतालों में केवल अगले 8 से 12 घंटे के लिए ही ऑक्सीजन उपलब्ध है। हम एक हफ़्ते से दिल्ली को ऑक्सिजन सप्लाई कोटा बढ़ाने की माँग कर रहे हैं जोकि केंद्र सरकार को करना है . अगर कल सुबह तक पर्याप्त मात्रा में अस्पतालों में ऑक्सीजन नहीं पहुँची तो हाहाकार मच जाएगा।' 

Apr 20, 2021  |  06:37 PM (IST)
UP में 30 हजार के करीब नए केस, 163 मौतें

उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के 29,754 नए मामले सामने आए हैं। 24 घंटे में 163 मौतें हुई हैं। लखनऊ में 5014, प्रयागराज में 2175, कानपुर में 1740, वाराणसी में 1637, गोरखपुर में 747, गाजियाबाद में 633 और नोएडा में 640 कोरोना केस सामने आए हैं।

Apr 20, 2021  |  06:32 PM (IST)
कंप्लीट लॉकडाउन की ओर बढ़ा महाराष्ट्र: मंत्री

महाराष्ट्र के मंत्री असलम शेख ने कहा, 'मेडिकल ऑक्सीजन की आपूर्ति की कमी को देखते हुए महाराष्ट्र पूर्ण लॉकडाउन की ओर बढ़ रहा है; इसके बारे में दिशानिर्देश जल्द ही घोषित किए जाएंगे।' वहीं महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा कि हमने सीएम से अनुरोध किया है कि वे कल शाम 8 बजे से राज्य में पूर्ण तालाबंदी की घोषणा करें। यह सभी मंत्रियों का सीएम से अनुरोध था, अब उनको निर्णय लेना है। कल शाम 8 बजे के बाद सीएम राज्य में तालाबंदी के फैसले की घोषणा करेंगे।

Apr 20, 2021  |  05:41 PM (IST)
आज 4.03% मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर: हर्षवर्धन

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा, 'आज सुबह तक 12,71,00,000 से ज्यादा लोगों को कोरोना वैक्सीन की डोज दी जा चुकी हैं। मृत्यु दर 1.18% है जो लगातार कम हो रही है। परसों देश में 1.93% लोग ICU बेड पर थे तो आज 1.75% हैं। परसों वेंटिलेटर पर 0.40% लोग थे आज भी इतने ही हैं। परसों देश में ऑक्सीजन सपोर्ट पर 4.29% लोग थे जो आज 4.03% है। पिछले साल भी 80% से ज्यादा लोग होम आइसोलेशन में रहते थे।'

Apr 20, 2021  |  04:50 PM (IST)
83% नई मौतें 10 राज्यों से

देश में पिछले 24 घंटों में 1761 लोगों की मृत्‍यु हुई है। मृत्यु के 82.74 प्रतिशत मामले 10 राज्यों में दर्ज किए गए। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा (351) लोगों की मौत हुई। इसके बाद दिल्ली में 240 लोगों की मृत्यु हो गई। छत्तीसगढ़ में 175, उत्तर प्रदेश में 167, कर्नाटक में 146, गुजरात में 117, पंजाब में 83, मध्य प्रदेश मे 79, राजस्थान में 53 और झारखंड में 46 मौतें हुई हैं।

Apr 20, 2021  |  04:44 PM (IST)
कोरोना के 78% नए केस 10 राज्यों से

भारत के दैनिक नए मामलों में बढ़ोतरी का रुझान दिख रहा है। पिछले 24 घंटों में 2,59,170 नए मामले दर्ज किए गए हैं। महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, कर्नाटक, केरल, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, गुजरात और राजस्थान सहित 10 राज्यों में 77.67 प्रतिशत नए मामले दर्ज किए गए हैं। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 58,924 दैनिक नए मामले दर्ज किए गए। वहीं, इसके बाद उत्तर प्रदेश में 28,211 और दिल्ली में 23,686 नए मामले सामने आए।

Apr 20, 2021  |  04:43 PM (IST)
12.71 करोड़ के पार टीके लगाए गए

दुनिया के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान के तहत दिए जा रहे कोविड-19 टीकों की कुल संख्या 12,71,29,113 हो गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान टीके की 32 लाख से ज्यादा डोज दी गईं। टीकाकरण अभियान के 94वें दिन (19 अप्रैल, 2021) टीके की 32,76,555 डोज दी गईं। 

Apr 20, 2021  |  04:31 PM (IST)
झारखंड में 22 से  29 अप्रैल तक लॉकडाउन

झारखंड सरकार ने 22 अप्रैल से 29 अप्रैल तक कुछ छूट के साथ लॉकडाउन लगाने की घोषणा की है। आवश्यक सेवाओं की अनुमति रहेगी। धार्मिक स्थल खुले रहेंगे लेकिन लोगों के इकट्ठे होने की अनुमति नहीं होगी। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा, 'झारखंड में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए झारखंड सरकार ने कुछ महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। 22 अप्रैल से 29 अप्रैल तक स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह का अनुपालन करने का निर्णय लिया है। इसके माध्यम से हम कोविड की चेन को तोड़ने में सफल होंगे। आवश्यक सामग्री की दुकानों को छोड़कर सभी दुकानें बंद रहेंगी। भारत सरकार, राज्य सरकार और निजी क्षेत्र के चिन्हित कार्यालयों को छोड़कर सभी कार्यालय बंद रहेंगे। कृषि, उद्योग, निर्माण और खनन कार्य की गतिविधियां जारी रहेंगी।'

Apr 20, 2021  |  03:45 PM (IST)
महाराष्ट्र: पनवेल के एक वृद्धाश्रम में 56 कोरोना पॉजिटिव

महाराष्ट्र के पनवेल में एक वृद्धाश्रम में 56 लोगों की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पनवेल महानगर निगम के कमिश्नर ने बताया, 'परम शांति धाम नाम के वृद्धाश्रम में हमारी टीम ने टेस्टिंग किया तो 58 लोग पॉजिटिव आ गए। 2 लोगों की मौत भी हुई है। 16 लोगों को भर्ती कराया गया है।'

Apr 20, 2021  |  02:42 PM (IST)
केजरीवाल की पत्नी हुईं कोरोना पॉजिटिव

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता की कोविड-19 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पत्नी की रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने के बाद केजरीवाल होम आइसोलेशन में चले गए हैं।   

Apr 20, 2021  |  01:46 PM (IST)
टीकाकरण पर सरकार की रणनीति भेदभाव वाली: राहुल

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की टीकाकरण की रणनीति भेदभाव वाली है और उसने कमजोर वर्गों के लिए टीके की कोई गारंटी नहीं दी है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘18 से 45 साल के आयुवर्ग के लोगों के लिए कोई मुफ्त नहीं टीका नहीं होगा। कीमतों पर नियंत्र किए बिना बिचौलियों को ला दिया गया। कमजोर वर्गों के लिए टीके की कोई गारंटी नहीं है।’

Apr 20, 2021  |  01:01 PM (IST)
योगी सरकार को रोहत, 5 शहरों में लॉकडाउन लगाने के HC के आदेश पर रोक

सुप्रीम कोर्ट से उत्तर प्रदेश सरकार को राहत मिली है। पांच शहरों में लॉकडाउन लगाने के इलाहाबाद उच्च न्यायालय के आदेश पर सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को रोक लगा दी। वाराणसी, कानपुर नगर, गोरखपुर, लखनऊ और प्रयागराज में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने इन शहरों में 26 अप्रैल तक लॉकडाउन लगाने का आदेश दिया है। इस फैसले के खिलाफ यूपी सरकार ने शीर्ष अदालत का दरवाजा खटखटाया था।  

Chandrayaan 3