लाइव टीवी
Live Blog

Kisan March Live: किसानों से चर्चा को तैयार सरकार, दिल्ली पहुंच रहे किसानों की मदद को आगे आई AAP सरकार

Updated Nov 27, 2020 | 11:17 PM IST

केंद्र सरकार के नए कृषि कानूनों के विरोध में पंजाब से दिल्ली की तरफ कूच कर रहे किसानों को फाइनली दिल्ली में प्रवेश करने की इजाजत मिल गई है। देर रात किसान पानीपत तक पहुंच चुके थे। वहीं दिल्ली पुलिस किसानों के इस प्रदर्शन को लेकर चौकस हो गई है। पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी की सभी सीमाओं पर सुरक्षा बहुत ज्यादा बढ़ा दी है।

Loading ...
Farmer protest today

नई दिल्ली: सरकार ने अंतत: कृषि कानूनों के विरोध दिल्ली कूच कर रहे किसानों को राजधानी में प्रवेश करने की इजाजत दे दी है। किसान अब बुराड़ी के निरंकारी ग्राउंड में प्रदर्शन कर सकेंगे। इससे पहले किसानों पर आंसू गैस के गोले और वाटर कैनन का इस्तेमाल करने के बावजूद भी किसान दिल्ली आने पर अड़े हुए थे। देर रात तक किसान पानीपत पहुंच चुके थे। तमाम प्रतिबंधों को दरकिनार करते हुए किसान लगातार कूच कर रहे हैं। आज भी किसानों के इस प्रदर्शन की वजह से मेट्रो सेवाएं प्रभावित रहेंगी। यहां हम आपको दे रहे हैं किसानों के मार्च से जुड़ी हर ताजा अपडेट

Nov 27, 2020  |  11:17 PM (IST)
बीकेयू नेता राकेश टिकैत बोले- शनिवार सुबह दिल्ली के लिए रवाना होंगे

भारतीय किसान यूनियन के राकेश टिकैत ने कहा कि हम चाहते हैं कि सरकार मुद्दों पर चर्चा करे, हमारी चिंताओं का समाधान करे और आवश्यक कानून का मसौदा तैयार करे। हम आज रात मेरठ टोल प्लाजा पर रुके हैं और कल सुबह दिल्ली के लिए रवाना होंगे। 
 

Nov 27, 2020  |  06:31 PM (IST)
किसानों से बातचीत को तैयार सरकार

भारत सरकार किसानों से चर्चा के लिए तैयार थी, तैयार है और तैयार रहेगी। मैं सभी किसानों से आग्रह करता हूं कि सर्दी के मौसम में और कोविड के संकट में आंदोलन स्थगित करें और चर्चा का रास्ता अपनाएं। भारत सरकार उनसे चर्चा करने के लिए तैयार है: केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर

Nov 27, 2020  |  06:28 PM (IST)
समागम ग्राउंड पहुंचे दिल्ली सरकार के अधिकारी

बुराड़ी के निरंकारी समागम ग्राउंड में जलापूर्ति की व्यवस्था के लिए हम आए हैं। दिल्ली जल बोर्ड के तमाम अधिकारी यहां पहुंचे हैं। हरियाणा और पंजाब से जितने भी किसान अपना विरोध दर्ज़ कराने दिल्ली आ रहे हैं उनको कोई असुविधा न हो, इसलिए यहां निरीक्षण किया जा रहा है : राघव चड्ढा, AAP

Nov 27, 2020  |  04:30 PM (IST)
दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर पर लगा जाम

किसानों के 'दिल्ली चलो मार्च विरोध' के मद्देनजर पुलिस द्वारा वाहनों की जांच के कारण दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर पर जाम लग गया है 
 

Nov 27, 2020  |  03:46 PM (IST)
निरंकारी ग्राउंड की तरफ बढ़ रहे हैं किसान
दिल्ली: राजधानी दिल्ली में विरोध प्रदर्शन करने की अनुमति मिलने के बाद टिकरी बॉर्डर से दिल्ली में दाखिल होते किसान प्रदर्शनकारी। किसान शांतिपूर्ण तरीके से बुराड़ी के निरंकारी समागम ग्राउंड में प्रदर्शन कर सकते हैं।
Nov 27, 2020  |  03:18 PM (IST)
दिल्ली में जेल बनाना चाहती है केंद्र सरकार

दिल्ली पुलिस की मांग खारिज करने पर आप विधायक राघव चड्ढा ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का आभार जताते हुए कहा, 'मैं अरविंद केजरीवाल जी का और AAP की सरकार का बहुत-बहुत धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने केंद्र सरकार की मांग को खारिज किया। केंद्र की सरकार दिल्ली में जेल बनाना चाहती थी ताकि देशभर से जो किसान दिल्ली में आ रहे हैं उन्हें जेल में बंद कर सकें।' 

Nov 27, 2020  |  03:00 PM (IST)
पश्चिमी उप्र में भी किसानों ने किया यातायात बाधित

भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू) के समर्थकों और किसानों द्वारा शुक्रवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हरियाणा और पंजाब के प्रदर्शनकारी किसानों के समर्थन में राजमार्ग अवरुद्ध कर दिए गए। बीकेयू के कार्यकतार्ओं और किसानों ने सड़कों पर भीड़ लगाकर यमुना एक्सप्रेस-वे पर जाम लगा दिया। एक शादी की बारात कई घंटों तक इस जाम में फंसी रही।

Nov 27, 2020  |  02:27 PM (IST)
भाजपा ईस्ट इंडिया कंपनी जैसा व्यवहार कर रही है- कांग्रेस

 कांग्रेस ने किसानों के विरोध प्रदर्शन को लेकर शुक्रवार को केंद्र और भाजपा पर निशाना साधा। इसने कहा कि भाजपा ईस्ट इंडिया कंपनी की तरह व्यवहार कर रही है। पार्टी के प्रवक्ता जयवीर शेरगिल ने कहा कि भाजपा देश के किसानों के साथ ईस्ट इंडिया कंपनी और जनरल डायर की तरह व्यवहार कर रही है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि किसानों पर बल प्रयोग और अत्याचार किया जा रहा है।

Nov 27, 2020  |  01:52 PM (IST)
मेट्रो सेवा प्रभावित

किसानों के विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए डीएमआरसी द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों के मेट्रो स्टेशनों को बंद कर दिया गया है। डीएमआरसी ने ट्वीट के माध्यम से कहा, "ग्रीन लाइन पर ब्रिगेडियर होशियार सिंह, बहादुरगढ़ सिटी, पंडित श्री राम शर्मा, टिकरी बॉर्डर, टिकरी कलां और घेवर स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार अब बंद हैं।"

Nov 27, 2020  |  01:41 PM (IST)
कृषि कानूनों और किसानों पर लाठीचार्ज के विरोध में धरने पर बैठे भाकियू के कार्यकर्ता

 कृषि कानूनों के विरोध में और आंदोलनरत पंजाब व हरियाणा के किसानों के समर्थन में भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के कार्यकर्ता शुक्रवार सुबह 11 बजे मेरठ में दिल्ली दून बाइपास पर जटौली कट के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए। ट्रैक्टर ट्रालियां सड़क पर खड़ी करके धरने पर बैठे भाकियू कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी भी की। प्रशासनिक सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर दिल्ली और हरिद्वार, देहरादून से आवाजाही को बंद कर दिया गया जिससे राजमार्ग पर वाहनों की कतार लग गई है।

Nov 27, 2020  |  12:50 PM (IST)
किसानों के प्रदर्शन के चलते दिल्ली में जगह जगह जाम

किसानों के ‘दिल्ली चलो’ मार्च के मद्देनजर हरियाणा से राष्ट्रीय राजधानी को जोड़ने वाले मार्गों को दिल्ली पुलिस द्वारा बंद कर दिये जाने से शुक्रवार को शहर में अहम रास्तों पर वाहनों का जाम लग गया। दिल्ली यातायात पुलिस ने बताया कि इस प्रदर्शन के चलते ढांसा और झाड़ौदा कलां सीमाएं यातायात के लिए बंद कर दी गयीं और यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग लेने को कहा गया है।

Nov 27, 2020  |  12:28 PM (IST)
अमरिंदर सिंह ने किया आग्रह
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने केंद्र से आग्रह किया कि दिल्ली सीमाओं पर तनावपूर्ण स्थिति को टालने के लिए किसान यूनियनों से तुरंत बातचीत शुरू की जाए। किसान समूह के अनुसार वे रात में कई स्थानों पर ठहरे और पानीपत में पुलिस अवरोधकों को तोड़कर दिल्ली की सीमा के पास तक पहुंचे हैं। रात में दिल्ली से लगभग 100 किलोमीटर दूर पानीपत में और उसके आसपास किसानों का एक बड़ा समूह डेरा डाले रहा और एक दल विभिन्न मार्गों से होता हुआ सोनीपत-दिल्ली सीमा पर पहुंच गया।
Nov 27, 2020  |  12:03 PM (IST)
किसानों मांगों को लेकर अड़े हुए हैं

सिंधु बॉर्डर पर एक बार फिर हालात तनावपूर्ण नजर आ रहे हैं। पुलिस की ओर से किसानों पर आंसू गैस के गोले दागे गए हैं। कुछ किसान पीछे जरूर हटे हैं लेकिन कोई वापस नहीं गया है। बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है लेकिन किसान अपनी मांग पर अड़े हुए हैं। 

Nov 27, 2020  |  11:29 AM (IST)
पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले

दिल्ली में कृषि कानूनों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने आ रहे किसानों को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षा बल सिंघु बॉर्डर पर आंसू गैस का इस्तेमाल कर रहे हैं। कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली आने के लिए टिकरी बॉर्डर पर इकट्ठा हुए किसान। किसानों को दिल्ली में आने से रोकने के लिए बड़ी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किया गया है।

Nov 27, 2020  |  11:00 AM (IST)
राघव चड्ढा ने की दिल्ली पुलिस की मांग खारिज करने की अपील
आम आदमी पार्टी के विधायक राघव चड्ढा दिल्ली पुलिस की मांग को खारिज करने की अपील करते हुए कहा, 'मैं दिल्ली सरकार से आग्रह करता हूं कि वो अस्थायी जेलों के निर्माण की अनुमति देने से इनकार कर दे। हमारे देश का किसान न तो अपराधी है और न ही आतंकवादी। भारतीय संविधान में शांतिपूर्वक विरोध का अधिकार निहित है - अनुच्छेद 19 (1) और विरोध एक स्वतंत्र, लोकतांत्रिक समाज की पहचान है।'
Nov 27, 2020  |  10:15 AM (IST)
सामान लेकर दिल्ली की तरफ रवाना हुए पंजाब के किसान

पंजाब: किसान मजदूर संघर्ष समिति के सदस्य ट्रॉलियों में जरूरी सामान को स्टॉक करके दिल्ली के लिए अपनी ट्रैक्टर में सवार होकर निकल रहे हैं। एक किसान ने कहा, "हमने अपनी ट्रॉलियों में एक महीने के लिए खाद्य सामग्री और खाना पकाने के बर्तन लोड किए हैं। हम सभी अब दिल्ली की ओर बढ़ रहे हैं।"

Nov 27, 2020  |  09:49 AM (IST)
लगा लंबा जाम


किसानों के दिल्ली चलो आंदोलन को देखते हुए दिल्ली जाने वाले सभी वाहनों की जांच की जा रही है जिससे दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर पर लंबा जाम लग गया है। हर वाहन की सघन चैकिंग की जा रही है। किसानों के आंदोलन को देखते हुए हरियाणा से मिलने वाली दिल्ली की कई सीमाएं सील की गई हैं। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने इसे लेकर एक एडवाईजरी भी जारी की है।

Chandrayaan 3