लाइव टीवी
  • Hindi News
  • India News
  • Har Ghar Tiranga Abhiyan 2022 Hindus boycott this campaign says Priest Yati Narsinghanand
Live Blog

Har Ghar Tiranga Abhiyan 2022 Updates: देशभर में 'हर घर तिरंगा' की मची धूम, बड़ी संख्या में आम लोग भी ले रहे हैं हिस्सा

Updated Aug 15, 2022 | 12:04 AM IST

Har Ghar Tiranga Abhiyan 2022, Independence Day Azadi Ka Amrit Mahotsav Har Ghar Tiranga Hindi News Updates: 'हर घर तिरंगा' अभियान 13 अगस्त से 15 अगस्त, 2022 तक चलेगा। लोगों में इस अभियान के प्रति जबरदस्त उत्साह दिख रहा है।

Loading ...
तस्वीर साभार:  Twitter
तस्वीर का इस्तेमाल सिर्फ प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है।

Har Ghar Tiranga Abhiyan 2022, Independence Day Azadi Ka Amrit Mahotsav Har Ghar Tiranga Hindi News Updates: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद गौतम गंभीर और उनकी पत्नी नताशा जैन ने रविवार (14 अगस्त, 2022) को 'आजादी के अमृत महोत्सव' के तहत अपने आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस बीच, जाने-माने सुपरस्टार रजनीकांत के साथ बॉलीवुड एक्टर सिद्धार्थ मल्होत्रा और क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी ने अपने-अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर तिरंगे के साथ वाली डीपी लगाई।

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रविवार को 'आजादी के अमृत महोत्सव' के तहत 'हर घर तिरंगा' अभियान में हिस्सा लिया। उन्होंने इस दौरान पत्रकारों से कहा, "ये वह देश और वह माटी है, जिसने किसी दूसरे देश के प्रति आक्रामकता की दृष्टि से कभी नहीं देखा।" लेकिन इस आजाद माटी में हजारोंवर्षों से आक्रमणकारी तत्व हमेशा अपने दृष्टिकोण को लगाते थे। भारतवासी होने के नाते हमें गर्व है कि इस माटी में ऐसी मशाल है जो ना कभी झुकी है और बाहर के ताकतों की आंख में आंख मिलाकर उनका सामना करने की क्षमता रखती है। 

Aug 14, 2022  |  11:08 PM (IST)
दिल्ली से लेकर कश्मीर तक सुरक्षा के चाक चौबंद इंतज़ाम

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर भारत को न सिर्फ तिरंगे से सजाया जा रहा है, बल्कि दिल्ली से लेकर जम्मू कश्मीर तक सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य कार्यक्रम होगा और यहां लाल किले के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। वहीं सभी राज्यों में पुलिस तंत्र को सतर्क कर दिया गया है, ताकि समारोहों में किसी भी तरह की बाधा न आए। दिल्ली में लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्र को संबोधित करेंगे। दिल्ली पुलिस ने लाल किले के आसपास 10,000 से ज्यादा कर्मियों को तैनात किया है।

Aug 14, 2022  |  10:24 PM (IST)
रंग बिरंगी रोशनी से जगमग हुआ नार्थ ब्लॉक, साउथ ब्लॉक, राष्ट्रपति भवन, संसद भवन और इंडिया गेट

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या नार्थ ब्लॉक, साउथ ब्लॉक, राष्ट्रपति भवन, संसद भवन और इंडिया गेट को रंग बिरंगी रोशनी से जगमग किया गया।

Aug 14, 2022  |  10:12 PM (IST)
मध्य प्रदेश में कई शहरों में निकाली गईं तिरंगा रैलियां

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर रविवार को मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में तिरंगा रैलियों का आयोजन किया गया। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने जहां महिलाओं सहित पुलिस कर्मियों की रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, वहीं प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने भोपाल के बड़े तालाब में तिरंगे से सजी 75 नौकाओं के साथ रैली की। चौहान ने कहा, ‘‘हम सब संकल्प लें कि भारत माँ की शान और स्वाभिमान पर कभी आँच नहीं आने देंगे। देश की एकता और अखण्डता को कम नहीं होने देंगे।’’

Aug 14, 2022  |  09:45 PM (IST)
तिरंगे से रोशनी से जगमग हुआ बद्रीनाथ धाम

उत्तराखंड में बद्रीनाथ धाम को 75वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर तिरंगे से रोशनी से जगमग किया गया।

Aug 14, 2022  |  09:16 PM (IST)
ठाणे में मछुआरों ने तिरंगा नौका यात्रा निकाली

महाराष्ट्र में ठाणे जिले के मछुआरों ने रविवार को तिरंगा नौका रैली निकाली जिसमें तिरंगे से सजी 40 नावों ने हिस्सा लिया। ये रैली स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूरे होने पर मनाए जा रहे आजादी का अमृत महोत्सव के तहत निकाली गई थी। रैली विटवा से चंदानी क्रीक तक आयोजित की गई थी, जिसमें 250 से अधिक पुरुष और महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। आयोजकों ने पत्रकारों से कहा कि इन इलाकों में 'उत्सव 75' अपनी तरह की पहली नौका रैली है। इस बीच स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर पालघर जिले के वसई और विरार के बीच कई हजार लोगों ने ‘वाकथॉन’ (यात्रा) में हिस्सा लिया। ये कार्यक्रम बहुजन विकास आघाड़ी ने आयोजित किया था और इसमें प्रतिभागियों ने 300 फुट लंबा तिरंगा थामा हुआ था।

Aug 14, 2022  |  07:51 PM (IST)
स्वतंत्रता दिवस से पहले कश्मीर में कड़ी की गई सुरक्षा

कश्मीर में स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और ड्रोन, स्नाइपर एवं सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी निगरानी के लिए तैनात किए गए हैं। समारोह को बाधित करने के आतंकवादियों के हर प्रकार के प्रयास को विफल करने के लिए शहर और घाटी में कई जगहों पर पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है। संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने के लिए स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन स्थलों के आसपास सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है और घाटी में कई स्थानों पर वाहनों एवं लोगों की तलाशी भी ली जा रही है।

Aug 14, 2022  |  07:29 PM (IST)
सेना ने जम्मू कश्मीर के बारामूला में 108 फुट ऊंचा तिरंगा स्थापित किया

सेना ने रविवार को जम्मू कश्मीर के बारामूला जिले में 108 फुट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज स्थापित किया। रक्षा जनसंपर्क अधिकारी कर्नल एमरॉन मुसावी ने बताया कि इस तिरंगे को जिले के पट्टन में हैदरबेग में स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि उग्रवाद रोधी बल (सीआईएफ) (किलो) के जनरल अफसर कमांडिंग मेजर जनरल एस एस सलारिया ने इसे कश्मीर के लोगों को समर्पित किया। कर्नल मुसावी ने कहा कि इस ध्वज स्तम्भ को 30 दिन के भीतर स्थापित किया गया। पीआरओ ने कहा कि यह ध्वज फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया के सहयोग से स्थापित किया गया है और इससे न केवल लोगों के भीतर गर्व की भावना जागृत होगी, बल्कि आतंकवाद से लड़ते हुए वीरगति को प्राप्त हुए सैनिकों के प्रति श्रद्धांजलि भी होगी।

Aug 14, 2022  |  06:54 PM (IST)
आजादी के अमृत महोत्सव के तहत 75 पर्वत चोटियों पर चढ़ाई करेंगे आईटीबीपी कर्मी

स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर आजादी के अमृत महोत्सव के तहत, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के कर्मी 75 पर्वत चोटियों पर चढ़ाई करेंगे और चीन के साथ लगती वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएलसी) के पास 75 दिन तक लंबी दूरी की गश्त करेंगे। आईटीबीपी के प्रवक्ता विवेक कुमार पांडेय ने कहा कि पूर्वी सीमा पर विभिन्न स्थानों पर 15 अगस्त को ‘अमृतारोहण’ नामक पर्वतीय अभियान शुरू होगा। उन्होंने कहा कि जिन पर्वत चोटियों पर चढ़ाई की जाएगी वे एलएसी पर आईटीबीपी की 75 सीमा चौकियों के पास स्थित हैं।

Aug 14, 2022  |  06:35 PM (IST)
अहमदाबाद में जिम के सदस्यों ने राष्ट्रीय ध्वज के साथ किया गरबा

गुजरात के अहमदाबाद में एक जिम के सदस्यों ने 'हर घर तिरंगा' कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय ध्वज के साथ गरबा किया। 
 

Aug 14, 2022  |  05:51 PM (IST)
'जय हिंद-उत्तराखंड के वीर' कार्यक्रम में पहुंचे सीएम पुष्कर सिंह धामी

'जय हिंद-उत्तराखंड के वीर' कार्यक्रम में उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देश में 60,000 से भी ज्यादा कार्यक्रम आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत मनाए जा रहे हैं। ऐसे में उन परिवारों का सम्मान हमारे लिए गौरव की बात है, जिन्होंने देश के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। 

Aug 14, 2022  |  05:06 PM (IST)
पूरे देश में सबसे ऊंचे तिरंगे दिल्ली में हैं- अरविंद केजरीवाल


दिल्ली में आयोजित 'हर हाथ तिरंगा' कार्यक्रम में सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पूरा देश इस वक्त देशभक्ति में डूबा हुआ है। ये समय उन शहीदों को याद करने का है जिनकी शहादत की वजह से हम लोगों को आजादी मिली। दिल्ली में हमने 500 तिरंगे लगाए हैं। पूरे देश में सबसे ऊंचे तिरंगे दिल्ली में हैं। 
 

Aug 14, 2022  |  05:01 PM (IST)
दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी और लाल किले में किए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम

15 अगस्त के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी और लाल किले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। स्वतंत्रता दिवस समारोह के कारण इसे पहले ही जनता के लिए बंद कर दिया गया है।

Aug 14, 2022  |  04:42 PM (IST)
प्रधानमंत्री मोदी लगातार नौवीं बार स्वतंत्रता दिवस पर देश को करेंगे संबोधित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को लगातार नौवीं बार लाल किले की प्राचीर से राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और देश को संबोधित करेंगे। इस साल 15 अगस्त को होने वाला समारोह खास है क्योंकि यह भारत की आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर हो रहा है और सरकार इस मौके पर कई कार्यक्रम शुरू कर रही है। सरकार ने आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर ‘हर घर तिरंगा’ समेत कई कार्यक्रम शुरू किए हैं। मोदी अक्सर इस अवसर पर अपनी सरकार द्वारा उठाए गए कदमों के अहम नतीजों पर बात करते हैं और कई बार महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हैं। उन्होंने पिछले साल अपने भाषण में राष्ट्रीय हाइड्रोजन मिशन, गति शक्ति मास्टर प्लान और 75 सप्ताह में 75 वंदे भारत ट्रेन चलाने की घोषणाएं की थीं।

Aug 14, 2022  |  04:08 PM (IST)
भाजपा सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने जयपुर में तिरंगा बाइक रैली का किया नेतृत्व

जयपुर ग्रामीण से सांसद और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राज्यवर्धन राठौड़ ने रविवार को आमेर से अमर जवान ज्योति तक तिरंगा बाइक रैली का नेतृत्व किया। इस रैली में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीफ) के जवानों के साथ साथ युवाओं के समूह ने भाग लिया। सैंकड़ों मोटरसाइकिलों की यह रैली सुबह आमेर से शुरू हुई और अमर जवान ज्योति पहुंचने से पहले जलमहल, सुभाष चौक, हवामहल, चौड़ा रास्ता, अल्बर्ट हॉल, बिड़ला मंदिर, रामबाग सर्किल होते हुए अमर जवान ज्योति पहुंची, जहां राठौड़ ने शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

Aug 14, 2022  |  03:31 PM (IST)
'समृद्ध और सुरक्षित भारत के लिए हर व्यक्ति को अपने स्तर पर प्रयास करना होगा'

इस बीच, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में कहा- प्रधानमंत्री ने आगामी 25 साल के लिए एक अमृत काल हम सभी के सामने निर्धारित किया है कि आगामी 25 वर्षों के लिए हमारी कार्ययोजना क्या होगी? हमें अपने भारत को कहां ले जाना है? एक समृद्ध और सुरक्षित भारत के लिए हर व्यक्ति को अपने स्तर पर प्रयास करना होगा। अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा। ईमानदारी के साथ किए गए प्रयास, सार्थक परिणाम हमारे सामने प्रस्तुत करेंगे।

Aug 14, 2022  |  03:26 PM (IST)
मणिपुर में स्वतंत्रता दिवस पर आतंकी हमले की साजिश नाकाम, सात गिरफ्तार

स्वतंत्रता दिवस से पहले प्रतिबंधित पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के सात सशस्त्र उग्रवादियों को मणिपुर के विभिन्न हिस्सों से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। थोउबल जिले के पुलिस अधीक्षक एच जोगेशचंद्र ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि असम राइफल्स को स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सरकारी प्रतिष्ठानों और सुरक्षा बलों को विस्फोटकों से निशाना बनाने की साजिश के बारे में शनिवार की सुबह सूचना मिली। उन्होंने कहा कि थोउबल जिला पुलिस और 16 असम राइफल्स की एक संयुक्त टीम याइरीपोक बाजार पहुंची और इलाके की घेराबंदी की तथा तलाशी अभियान शुरू किया। उन्होंने कहा, ‘‘इंफाल पूर्व, इंफाल पश्चिम, काकचिंग और थोउबल जिलों में कई स्थानों पर इसी तरह के अभियान चलाए गए।’’ अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा बलों ने सात उग्रवादियों को गिरफ्तार किया और हथियारों एवं विस्फोटकों के साथ एक नाबालिग को भी पकड़ा है ।

Aug 14, 2022  |  02:06 PM (IST)
जम्मू में स्पेशल सुरक्षा योजना

जम्मू के एसएसपी चंदन कोहली ने बताया कि ज़िले के लिए कोई विशिष्ट इनपुट नहीं है मगर स्वतंत्रता दिवस की वजह से हम हमेशा कड़ी सुरक्षा रखते हैं। हमारा मुख्य स्थान जम्मू ज़िले का एम.ए. स्टेडियम है और वहां हमने विस्तृत सुरक्षा योजना बनाई है। इसके अलाव हम हर जगह चेकिंग भी कर रहे हैं।

Chandrayaan 3