लाइव टीवी
  • Hindi News
  • India News
  • Punjab New CM Charanjit Singh Channi Oath Ceremony Live News Updates Punjab Cabinet Minister List Latest News
Live Blog

Punjab New CM: मुख्यमंत्री बनते ही चन्नी का ऐलान- किसानों के बिजली बिल होंगे माफ, कृषि कानून हों वापस

Updated Sep 20, 2021 | 01:43 PM IST

Punjab New CM Charanjit Singh Channi Oath Ceremony : चरणजीत सिंह चन्नी पंजाब के नए मुख्यमंत्री बन गए हैं।उन्होंने कुछ देर पहले ही पद और गोपनीयता की शपथ ली। चमकौर साहिब विधानसभा सीट से विधायक चन्नी कैप्टन अमरिंदर सिंह की कैबिनेट में मंत्री थे। उनके साथ दो उपमुख्यमंत्रियों ने भी शपथ ली।

Loading ...

Punjab New CM Charanjit Singh Channi Oath Ceremony : चरणजीत सिंह चन्नी पंजाब के नए मुख्यमंत्री बन गए हैं। उन्होंने राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण के दौरान पद और गोपनीयता की शपथ ली। उनके अलावा सुखजिंदर सिंह रंधावा और ओपी सोनी ने मंत्री पद की शपथ ली। शपथग्रहण से पहले चरणजीत सिंह चमकौर के कतलगढ़ साहिब गुरुद्वारा पहुंचे थे जहां उन्होंने परिवार के साथ गुरद्वारे में मत्था टेका।  रविवार को काफी उठापटक के बाद चरणजीत सिंह चन्नी को विधायक दल का नेता चुना गया था।

Sep 20, 2021  |  01:32 PM (IST)
चन्नी ने किया ऐलान

चन्नी ने सीएम बनने के बाद ऐलान करते हुए कहा, 'किसानों के लिए बिजली मुफ्त होनी चाहिए, इसलिए हमारी सरकार किसानों के बड़े बिजली बिल माफ करेगी। अगर किसी की बिजली कटी है तो हम उसके घर बिजली कनेक्शन बहाल करेंगे। हमारी सरकार किसानों की सरकार है। किसानों पर कोई आंच आएगी, तो मैं अपना गला काट कर दे दूंगा। अगर किसान डूबा, तो देश डूब जाएगा, अर्थव्यवस्था डूब जाएगी। किसान खुशहाल होंगे तो ही पंजाब खुशहाल होगा। पंजाब के किसान को कमजोर नहीं होने दिया जाएगा। तीनों कृषि कानूनों को वापस लिया जाना चाहिए।'
 

Sep 20, 2021  |  12:12 PM (IST)
पीएम मोदी ने दी चन्नी को बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चरणजीत सिंह चन्नी को पंजाब का नया मुख्यमंत्री बनाने पर बधाई दी है। पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, 'श्री चरणजीत सिंह चन्नी जी को पंजाब के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बधाई। पंजाब के लोगों की बेहतरी के लिए पंजाब सरकार के साथ काम करना जारी रखेंगे।'
Sep 20, 2021  |  11:54 AM (IST)
कौन हैं चरणजीत सिंह चन्नी?


चन्नी दलित सिख (रामदसिया सिख) समुदाय से आते हैं और अमरिंदर सरकार में तकनीकी शिक्षा मंत्री थे। वह रूपनगर जिले के चमकौर साहिब विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। वह इस क्षेत्र से साल 2007 में पहली बार विधायक बने और इसके बाद लगातार जीत दर्ज की। वह शिरोमणि अकाली दल-भाजपा गठबंधन के शासनकाल के दौरान साल 2015-16 में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भी थे।

Sep 20, 2021  |  11:33 AM (IST)
राहुल गांधी भी पहुंचे राजभवन, दी बधाई

कहा जा रहा है कि सोनी और रंधावा दोनों को उप मुख्यमंत्री बनाया जाएगा। इस बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी राजभवन पहुंचे और उन्होंने सीएम चन्नी तथा दो उप मुख्यमंत्रियों को बधाई दी। इस दौरान कांग्रेस महासचिव हरीश रावत और नवजोत सिंह सिद्धू भी मौजूद रहे।

Sep 20, 2021  |  11:30 AM (IST)
पंजाब के नए मुख्यमंत्री बने चन्नी
चरणजीत सिंह ने पंजाब के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली है। उनके अलावा मंत्री के रूप में सुखजिंदर सिंह रंधावा तथा ओम प्रकाश सोनी ने भी पद और गोपनीयता की शपथ ली। अमृतसर सेंट्रल से विधायक सोनी कैप्टन सरकार में शिक्षा मंत्री थे। वहीं रंधावा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं और पहले उनका नाम भी सीएम पद की दौड़ में शामिल था।
Sep 20, 2021  |  11:01 AM (IST)
कैप्टन ने किया चन्नी को लंच पर आमंत्रित


कैप्टन अमरिंदर सिंह ने नए सीएम चरणजीत सिंह चन्नी को दोपहर में अपने फार्म हाउस पर लंच के लिए आमंत्रित किया है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि चन्नी इस लंच समारोह में शामिल होते हैं या नहीं।  इसके अलावा इस लंच में कुछ विधायक तथा कुछ सांसद भी इस लंच में शामिल हो सकते हैं। यह लंच दोपहर एक बजे आयोजित किया गया है।

Sep 20, 2021  |  10:57 AM (IST)
दो उपमुख्यमंत्री भी लेंगे शपथ

चन्नी पंजाब में मुख्यमंत्री बनने वाले दलित समुदाय के पहले व्यक्ति होंगे। उप मुख्यमंत्री बनने जा रहे रंधावा जट सिख और मोजिंद्रा हिंदू समुदाय से ताल्लुक रखते हैं। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि चन्नी मुख्यमंत्री पद के लिए राहुल गांधी की पसंद हैं। चन्नी के साथ सुखजिंदर सिंह रंधावा और ब्रह्म मोहिंद्रा भी शपथ लेंगे जो पंजाब सरकार में उप मुख्यमंत्री होंगे।
 

Sep 20, 2021  |  10:50 AM (IST)
रावत के बयान से मचा घमासान

कांग्रेस नेता सुनील जाखड़ के ट्वीट 'चरणजीत चन्नी के शपथ ग्रहण के दिन हरीश रावत का कहना कि अगला चुनाव सिद्धू के नेतृत्व में लड़े जाएंगे' पर कांग्रेस नेता हरमिंदर सिंह गिल ने कहा उन्होंने जो बयान दिया है उस पर सिर्फ वही टिप्पणी कर सकते हैं। चरणजीत सिंह चन्नी को पंजाब के मुख्यमंत्री बनाने का फै़सला पार्टी आलाकमान का है न कि हरीश रावत जी का फै़सला है। 
 

Sep 20, 2021  |  10:10 AM (IST)
अमित मालवीय का निशाना

भाजपा नेता अमित मालवीय ने सुनील जाखड़ के बयान को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा- यदि केवल गांधी परिवार के चुने हुए नवजोत सिंह सिद्धू के लिए सीट पर कब्जा करने के लिए चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री बनाया गया है, तो यह पूरे दलित समुदाय का बहुत बड़ा अपमान है। यह पूरी तरह से कांग्रेस द्वारा दलित सशक्तिकरण के नैरेटिव को कमजोर करता है। शर्म की बात है।

Sep 20, 2021  |  09:53 AM (IST)
हरीश रावत के बयान से जाखड़ हैरान
कांग्रेस नेता सुनील जाखड़ ने हरीश रावत के बयान पर हैरानी जताई है। जाखड़ ने कहा, 'मुख्यमंत्री के रूप में चरणजीत चन्नी के शपथ ग्रहण के दिन, श्री रावत का यह कथन कि "चुनाव सिद्धू के नेतृत्व में लड़े जाएंगे", चौंकाने वाला है। यह एक सीएम के अधिकार को कमजोर करने जैसा है, साथ ही उनके इस पद पर चयन के पार्टी के मकसद को भी विफल करने वाला है।'
Sep 20, 2021  |  09:39 AM (IST)
शपथग्रहण से पहले गुरुद्वारा पहुंचे चरणजीत सिंह

शपथग्रहण से पहले चरणजीत सिंह अब कुछ देर पहले चमकौर के कतलगढ़ साहिब गुरुद्वारा पहुंचे जहां उन्होंने परिवार के साथ गुरद्वारे में मत्था टेका। वह पंजाब के पहले दलित नेता हैं, जो राज्य का मुख्यमंत्री बनेंगे। अट्ठावन वर्षीय चन्नी सोमवार सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

Chandrayaan 3