लाइव टीवी

Rahul Gandhi on Rafale deal: राहुल की जुबान पर फिर आया राफेल, बोले- देश जानता है कि चोरी हुई थी

Updated Oct 13, 2019 | 20:56 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

Rahul Gandhi rally in Mumbai: मुंबई में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने राफेल सौदे का जिक्र करते हुए कहा कि पूरा देश जानता है कि राफेल सौदे में चोरी हुई थी।

Loading ...
राहुल गांधी
मुख्य बातें
  • राहुल गांधी ने रविवार से महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का प्रचार शुरू किया
  • राहुल गांधी के निशाने पर मोदी सरकार रही
  • राहुल ने कहा- पूरा देश जानता है कि राफेल मामले में चोरी हुई है

मुंबई: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में अपनी पार्टी के लिए प्रचार शुरू किया। पहले उन्होंने लातूर में रैली को संबोधित किया। इसके बाद मुंबई के चांदीवली में एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने बेरोजगारी और किसानों की हालत पर केंद्र की मोदी सरकार को घेरा। मुंबई में उन्होंने राफेल विमान सौदे पर भी सरकार को घेरा। लोकसभा चुनाव से पहले उन्होंने राफेल को लेकर सरकार पर जमकर हमले किए थे। हालांकि चुनाव में उन्हें इसका फायदा नहीं मिला।

राहुल ने कहा, 'पूरा देश जानता है कि राफेल मामले में चोरी हुई है। रक्षा मंत्रालय के लोगों ने प्रधानमंत्री के दखल की बात स्वीकारी है। राफेल इनको चुभ रहा है, इसलिए राजनाथ जी को फ्रांस जाना पड़ा। लेकिन, सच्चाई से ये भाग नहीं पाएंगे।' 

उन्होंने कहा, 'कुछ समय से दिल्ली और महाराष्ट्र में भाजपा की सरकार है। इन्होंने बहुत सारे वादे किए थे। मोदी जी कांग्रेस का, मनमोहन सिंह जी का मजाक उड़ाते थे। वो कहते थे कि 70 साल में देश में कुछ नहीं हुआ।'

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, 'फडणवीस जी और मोदी जी दो शब्द पीएमसी बैंक के बारे में भी बोल दें। उस बैंक के निदेशक कौन थे, किसके रिश्तेदार थे, किनको पैसा दिया- इसके बारे में बोल दीजिए। लेकिन नहीं, इनका लक्ष्य है- गरीबों से पैसा छीनकर अमीरों को देना।' 

उन्होंने कहा, 'कांग्रेस पार्टी ने धीरे-धीरे जो मजबूत हिंदुस्तान बनाया था, मनमोहन जी ने बनाया था, उस समय देश का सम्मान था। आज कोई निवेश नहीं करना चाहता। मुझे दुख होता है क्योंकि रोजगार नहीं है। किसान आत्महत्या कर रहे हैं, जीएसटी की वजह से लोग परेशान हैं। मुझे गुजरात के व्यापारियों ने बताया कि मोदी जी ने उन पर इंस्पेक्टर राज'लगाया है।'

गांधी ने कहा कि भाजपा देश को उस तरह से विभाजित कर रही है जिस तरह से अंग्रेजों ने किया था। जिस तरह अंग्रेज पैसे चुराते थे, उसी तरह बीजेपी गरीबों से पैसे चुरा रही है और अमीरों को दे रही है। आप सभी को एकजुट होकर इस अन्याय को रोकना होगा। आज देश की जो स्थिति है, उसे बदलना पड़ेगा और इसे कोई भी अमीर आदमी नहीं बदलेगा, क्योंकि उनको फायदा हो रहा है। इसको आप बदल सकते हैं, कांग्रेस पार्टी बदल सकती है। इसलिए कांग्रेस को जीत दिलाइए।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।