लाइव टीवी

'टुकड़े-टुकड़े गैंग और कांग्रेस का आज विलय हो रहा है' कन्हैया कुमार के शामिल होने पर संबित पात्रा बोले 

Updated Sep 28, 2021 | 12:53 IST

Sambit Patra attcks Congress : भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने मंगलवार को कहा कि आज कांग्रेस पार्टी और 'टुकड़े-टुकड़े गैंग' का विलय हो रहा है। कन्हैया कुमार आज शाम कांग्रेस पार्टी में शामिल होंगे।

Loading ...
मुख्य बातें
  • मंगलवार शाम कांग्रेस में शामिल होंगे जेएनयू के पूर्व छात्र नेता कन्हैया कुमार
  • कांग्रेस पार्टी में कन्हैया कुमार के शामिल होने पर संबित पात्रा ने साधा निशाना
  • पात्रा ने कहा कि आज 'टुकड़े-टुकड़े गैंग और कांग्रेस पार्टी का विलय हो रहा है'

नई दिल्ली : छात्र नेता कन्हैया कुमार और गुजरात  के दलित नेता जिग्नेश मेवानी मंगलवार को कांग्रेस पार्टी में शामिल होंगे। इन दोनों नेताओं के कांग्रेस में शामिल किए जाने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता एवं प्रवक्ता संबित पात्रा ने निशाना साधा है। पात्रा ने कहा कि आज 'कांग्रेस और टुकड़े-टुकड़े गैंग का विलय हो रहा है।' भाजपा नेता ने कहा कि कन्हैया कुमार को पार्टी में शामिल करने के लिए कांग्रेस ने 'सर्जिकल स्ट्राइक' का दिन चुना है।  

यह साधारण दिन नहीं-पात्रा

पात्रा ने कहा, 'कन्हैया कुमार आज कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं, यह कांग्रेस का विषय है। इस पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा लेकिन यह कहना भी जरूरी है कि टुकड़े-टुकड़े गैंग और कांग्रेस पार्टी का आज विलय हो रहा है। यह साधारण दिन नहीं है। आज सर्जिकल स्ट्राइक की सालगीरह है। देश में आज दो ताकते हैं, एक ताकत देश की संप्रुभता एवं एकता को मजबूत करना चाहती है जबकि दूसरी तरफ वे लोग हैं जिन्होंने नारा दिया था-'भारत तेरे टुकड़े होंगे, ईंशा अल्लाह, ईंशा अल्लाह। अफजल हम शर्मिंदा हैं, तेरे कातिल जिंदा है।' पात्रा ने कहा, 'अफजल को अपना गुरु मानने वाले लोगों को कांग्रेस अपनी पार्टी में शामिल कर रही है।'

कांग्रेस दफ्तर के बाहर लगे पोस्टर

बताया जा रहा है कि कन्हैया और जिग्नेश आज शाम कांग्रेस में शामिल होंगे। इनके पार्टी में शामिल होने से पहले दिल्ली स्थित कांग्रेस दफ्तर के बाहर पोस्टर लगे हैं जिन पर कन्हैया कुमार की तस्वीर है। बता दें कि 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले कन्हैया भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी में शामिल हुए और उन्होंने बेगूसराय में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ा। इस चुनाव में उनकी हार हुई। 

जेएनयू में लगे थे विवादास्पद नारे

जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र कन्हैया कुमार देश विरोधी नारे लगाने के आरोप में जेल भी जा चुके हैं। साल 2016 में उन पर जेएनयू परिसर में देश विरोधी नारे लगाने का आरोप लगा था। वहीं, दलित नेता जिग्नेश मेवानी गुजरात विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं। गुजरात में अगले साल विधानसभा चुनाव होंगे। कांग्रेस इन दिनों दलित चेहरों को अपने साथ जोड़ रही है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।