लाइव टीवी

Har ghar Tiranga Abhiyan: देश भक्ति एवं तिरंगे से सराबोर हुआ जम्मू-कश्मीर, महबूबा मुफ्ती को लोगों ने दिखाया आईना

Updated Aug 12, 2022 | 11:52 IST

Har ghar Tiranga Abhiyan News: जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटने के बाद पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती ने कहा था कि कश्मीर में तिरंगा थामने के लिए कोई हाथ नहीं मिलेगा। लेकिन आज लोग तिरंगे को लेकर उत्साहित हैं। उनमें इस अभियान को लेकर एक जज्बा और जुनून दिखाई दे रहा है।

Loading ...

Har ghar Tiranga Abhiyan: जम्मू-कश्मीर में 'हर घर तिरंगा' अभियान की गूंज सुनाई पड़ रही है। घरों पर तिरंगा आन-बान-शान के साथ फहर रहा है। लोग इस अभियान को लेकर उत्साहित हैं और देशभक्ति के रंग में डूब गए हैं। कुलगाम, अनंतनाग, सोपोर हर जगह तिरंगे के रंग में लोग सराबोर नजर आ रहे हैं। डल झील में नावों पर तिरंगा गर्व के साथ लहरा रहा है। तो कहीं तिरंगे के साथ रैली निकाली जा रही है। जम्मू-कश्मीर में तिरंगे और राष्ट्रीय ध्वज फहराने को लेकर इतना जोश, उत्साह एवं उमंग पहले कभी नहीं देखा गया। जाहिर है कि घाटी की आबोहवा अब बदल चुकी है। आम लोग देश के साथ चलने और बढ़ने के लिए तैयार हैं। देशभक्ति एवं तिरंगे के प्रति सम्मान जम्मू-कश्मीर के उन नेताओं को जवाब है जो यह कहते हैं कि कश्मीर में तिरंगा थामने के लिए कोई हाथ नहीं मिलेगा। 

महबूबा ने कहा था-तिरंगा थामने के लिए हाथ नहीं मिलेगा
जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटने के बाद राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री एवं पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती ने कहा था कि कश्मीर में तिरंगा थामने के लिए कोई हाथ नहीं मिलेगा। लेकिन आज के हालात और तिंरगे के प्रति लोगों का जज्बा महबूबा मुफ्ती जैसे नेताओं को एक जवाब है। कश्मीर में मस्जिदों के अंदर तिरंगा फहराया जा रहा है। एक मस्जिद के मौलवी ने टाइम्स नाउ नवभारत के साथ बातचीत में कहा, 'इस तरह की बात कर लोग देश को बदनाम करते हैं। ऐसे नेता अपनी कुर्सी के लिए जंग लड़ते हैं। सत्ता मिलने के बाद इनकी जुबान बदल जाती है। हम हिंदुस्तान के वाशिंदे हैं और हमारे दिल में तिरंगा बसता है। हम पर तिरंगा फहराने एवं पकड़ने के लिए कोई दबाव नहीं है। यह सब हम दिल से कर रहे हैं।' 

Har Ghar Tiranga Campaign: हर घर तिरंगा अभियान को मिल रहे समर्थन से गदगद PM ने कही ये बात, कल से होगी शुरूआत

देश भर में अभियान को लेकर जोश एवं उत्साह
'हर घर तिरंगा' अभियान की शनिवार से शुरुआत हो रही है। केंद्र सरकार ने अपने इस अभियान के तहत 20 करोड़ घरों पर तिरंगा फहराने की योजना बनाई है। इस अभियान में लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। देश में हर तरफ तिरंगे को फहराने एवं घर पर उसे लगाने की होड़ मची हुई है। इस अभियान को मिल रहे समर्थन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्साहित हैं। उन्होंने अपने एक ट्वीट में कहा, 'हर घर तिरंगा अभियान को लेकर देशवासियों में जिस प्रकार का जोश और उत्साह देखने को मिल रहा है, वह राष्ट्र की एकता और अखंडता की अटूट भावना का प्रतीक है। यह भावना अमृतकाल में भारतवर्ष को एक नई ऊंचाई पर ले जाने वाली है।' 
 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।