लाइव टीवी

क्या सिर्फ एक दिन के जनता कर्फ्यू के लिए तैयार था देश? लॉकडाउन में जनता कर रही निराश

Updated Mar 23, 2020 | 15:46 IST

Lockdown: लॉकडाउन के दौरान देश के कई हिस्सों से ऐसी तस्वीरें सामने आईं जो कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई को कमजोर करती हैं, जबकि एक दिन पहले ही जनता कर्फ्यू को लोगों ने खूब सफल बनाया।

Loading ...
मुख्य बातें
  • लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर कई जगह पुलिस को उठाने पड़े कड़े कदम
  • भारत में लगातार बढ़ रहे हैं कोरोना के मामले, जिसके चलते कई जगह लिया गया लॉकडाउन का फैसला
  • लॉकडाउन का गंभीरता से पालन करें, राज्य सरकारें नियमों और कानूनों का पालन करवाएं: PM मोदी

नई दिल्ली: देश में लगातार बढ़ते कोरोना वायरस के मामलों के बाद 75 से ज्यादा जिलों में लॉकडाउन का ऐलान किया गया। लेकिन कई जगहों से जो भी तस्वीरें आ रही हैं, वो काफी हैरान करने वाली हैं। कई जगह लोग खुलकर लॉकडाउन के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन कर रहे हैं। लोग सड़कों पर बाहर निकल रहे हैं और कई जगह तो भीड़ एकत्र हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी ट्वीट कर कहना पड़ा कि लोग लॉकडाउन को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।

उन्होंने कहा कि लॉकडाउन को अभी भी कई लोग गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। कृपया करके अपने आप को बचाएं, अपने परिवार को बचाएं, निर्देशों का गंभीरता से पालन करें। राज्य सरकारों से मेरा अनुरोध है कि वो नियमों और कानूनों का पालन करवाएं। इसके बाद केंद्र सरकार ने राज्यों से लॉकडाउन को सख्ती से लागू करने के लिए कहा। वहीं उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की बात की। 

बिहार में बसों में भीड़
बिहार की राजधानी पटना में लोग लॉकडाउन के दौरान बसों में यात्रा करते नजर आए। बसों में काफी भीड़ दिखी, यहां तक की लोग बसों की छतों पर भी बैठकर यात्रा करते दिखे। भारतीय रेलवे द्वारा यात्री ट्रेनों को 31 मार्च तक रद्द करने के कारण बड़ी संख्या में लोग बसों में यात्रा कर रहे हैं। बिहार के सभी जिलों में 31 मार्च तक लॉकडाउन का ऐलान किया गया है। 

सब्जी बाजार में उमड़ी भीड़
वहीं उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से भी ऐसी ही हैरान कर देने वाली तस्वीरें सामने आईं। कानपुर के रामादेवी वेजिटेबल मार्केट की तस्वीर में देख सकते हैं कि लोग सब्जी खरीदने के लिए बड़ी संख्या में घरों से निकले हुए हैं। बाजार में आम दिनों की तरह भीड़ नजर आ रही है, जो कि गलत है। इसी भीड़ पर काबू पाने के लिए ही तो पहले जनता कर्फ्यू और अब लॉकडाउन का ऐलान किया गया। एक खरीदार ने कहा कि सब्जियां आवश्यक खाद्य पदार्थों का एक हिस्सा हैं, लेकिन सब्जियों की कीमतों में काफी वृद्धि हुई है, क्योंकि लॉकडाउन के कारण आपूर्ति प्रभावित हुई है। 

उल्लंघन करने पर कराई उठक-बैठक
कर्नाटक के कलबुर्गी में भी लॉकडाउन के बावजूद सब्जी बाजार में लोगों की भीड़ उमड़ी। कई जगह से ऐसी भी तस्वीरें सामने आईं, जहां पुलिस ने लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की। नागपुर से एक तस्वीर आई जहां पुलिस ने कुछ लोगों से नियमों का पालन नहीं करने पर सड़क पर उठक-बैठक करवाई। दिल्ली-यूपी बॉर्डर पर भी बड़ी संख्या में वाहन दिखे। लॉकडाउन के चलते दिल्ली की सीमाओं को सील कर दिया गया है।

लॉकडाउन को गंभीरता से ले जनता : योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी राज्य की जनता से लॉकडाउन को गंभीरता से लेने की अपील करते हुए कहा कि लोग घरों के अंदर रहे और स्वयं एवं अपने परिवार को बचाएं। योगी ने ट्वीट किया, 'आप सब से पुनः अपील है कि लॉकडाउन को गंभीरता से लें। घर के अंदर रहें, अपने आप को बचाएं, अपने परिवार को बचाएं। सभी से अनुरोध है कि निर्देशों, नियमों और कानूनों का पालन करें और इस महामारी के विरुद्ध लड़ाई में सरकार के साथ मिल कर काम करें। सतर्क रहें, जागरूक रहें।' 

 

जनता कर्फ्यू को जनता ने बनाया सफल
अब सवाल है कि क्या जनता लॉकडाउन के लिए तैयार नहीं है, जबकि एक दिन पहले ही जनता कर्फ्यू के दौरान जो तस्वीरें आईं, वो तारीफ करने लायक थीं। लोग घरों में रहे और शाम को 5 बजे पीएम मोदी की अपील पर आवश्यक एवं आपातकालीन सेवा कर्मियों का ताली, थाली, घंटी बजाकर आभार जताया। इस तस्वीर से लगा कि कोरोना से लड़ने के लिए पूरा देश एक साथ है और आगे लॉकडाउन में भी लोग इसी भावना के साथ भागीदारी निभाएंगे। लेकिन कुछ लोगों की वजह से कोरोना के खिलाफ ये लड़ाई कमजोर पड़ सकती है। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।