लाइव टीवी

PM Modi in Aligarh: 'यूपी में सलाखों के पीछे हैं माफिया',अलीगढ़ में PM मोदी ने CM योगी को सराहा, मुख्य बातें

Updated Sep 14, 2021 | 13:19 IST

PM Modi praises CM Yogi Adityanath : अलीगढ़ में राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय का शिलान्यास करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा की।

Loading ...
मुख्य बातें
  • पीएम मोदी ने अलीगढ़ में राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विवि का शिलान्यास किया
  • इस मौके पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और सीएम योगी मौजूद थे
  • लोगों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने सीएम योगी के कार्यों की सराहना की

अलीगढ़ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को अलीगढ़ में राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय का शिलान्यास किया। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को याद करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आज कल्याण सिंह जी हमारे साथ होते तो राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय और डिफेंस सेक्टर में बन रही अलीगढ़ की नई पहचान को देखकर बहुत खुश होते। पीएम मोदी ने कहा कि राजा महेंद्र प्रताप सिंह जी के जीवन से हमें अदम्य इच्छाशक्ति, अपने सपनों को पूरा करने के लिए कुछ भी कर गुजरने वाली जीवटता सीखने को मिलती है। इस मौके पर राज्य की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे। 

PM मोदी के संबोधन की मुख्य बातें

  1. राजा महेंद्र प्रताप सिंह के योगदान को याद करते हुए पीएम ने कहा कि वह भारत की आजादी चाहते थे और अपने जीवन का एक-एक पल उन्होंने इसी के लिए समर्पित कर दिया था। 
  2. हमारी आजादी के आंदोलन में ऐसे कितने ही महान व्यक्तित्वों ने अपना सब कुछ खपा दिया। लेकिन ये देश का दुर्भाग्य रहा कि आजादी के बाद ऐसे राष्ट्र नायक और राष्ट्र नायिकाओं की तपस्या से देश की अगली पीढ़ियों को परिचित ही नहीं कराया गया। उनकी गाथाओं को जानने से देश की कई पीढ़ियां वंचित रह गईं।
  3. प्रधानमंत्री ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि 20वीं सदी की उन गलतियों को आज 21वीं सदी का भारत सुधार रहा है। आज देश ही नहीं दुनिया भी देख रही है कि आधुनिक ग्रेनेड और राइफल से लेकर लड़ाकू विमान, ड्रोन, युद्धपोत तक भारत में ही निर्मित किए जा रहे है। 
  4. भारत दुनिया के एक बड़े रक्षा आयातक की छवि से बाहर निकलकर दुनिया के एक अहम रक्षा निर्यातक की नई पहचान बनाने की तरफ बढ़ रहा है। आज उत्तर प्रदेश देश और दुनिया के हर छोटे-बड़े निवेशक के लिए बहुत आकर्षक स्थान बनता जा रहा है। ये तब होता है जब निवेश के लिए ज़रूरी माहौल बनता है, जरूरी सुविधाएं मिलती हैं।
  5. पीएम ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश डबल इंजन सरकार के डबल लाभ का एक बहुत बड़ा उदाहरण बन रहा है। उन्होंने कहा, 'मुझे आज ये देखकर बहुत खुशी होती है कि जिस यूपी को देश के विकास में एक रुकावट के रूप में देखा जाता था, वही यूपी आज देश के बड़े अभियानों का नेतृत्व कर रहा है। 
  6. एक दौर था जब यहां शासन-प्रशासन, गुंडों और माफियाओं की मनमानी से चलता था लेकिन अब वसूली करने वाले, माफियाराज चलाने वाले सलाखों के पीछे हैं। 
  7. यूपी के लोग भूल नहीं सकते कि पहले यहां किस तरह के घोटाले होते थे, किस तरह राज-काज को भ्रष्टाचारियों के हवाले कर दिया गया था। आज योगी जी की सरकार पूरी ईमानदारी से यूपी के विकास में जुटी हुई है।'
  8. केंद्र सरकार का निरंतर प्रयास है कि छोटी जोत वालों को ताकत दी जाए। डेढ़ गुणा MSP हो, किसान क्रेडिट कार्ड का विस्तार हो, बीमा योजना में सुधार हो, 3 हजार रुपए की पेंशन की व्यवस्था हो, ऐसे अनेक फैसले छोटे किसानों को सशक्त कर रहे हैं। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।